- दिल्ली मेट्रो की गोल्डन लाइन से पहली बार 4 बड़े इलाके सीधे जुड़ने वाले हैं.
- किशनगढ़, महिपालपुर, छतरपुर तक यह लाइन सीधी कनेक्टिविटी देगी.
- दिल्ली मेट्रो की गोल्डन लाइन पर तेजी से काम किया जा रहा है.
दिल्ली मेट्रो में सफर करने वाले लाखों यात्रियों के लिए अच्छी खबर है. दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) के फेज-4 के तहत बन रही गोल्डन लाइन पर नया अपडेट आया है. बताया जा रहा है कि यह लाइन दिसंबर 2026 के आखिरी तक शुरू हो सकती है. गोल्डन लाइन का बड़ा फायदा यह होगा कि दिल्ली के बॉर्डर वाले इलाकों और पड़ोसी एनसीआर के शहरों के बीच कनेक्टिविटी में बहुत बड़ा सुधार आएगा. जहां जहां दक्षिण दिल्ली, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली से लगे हरियाणा के फरीदाबाद और गुरुग्राम जैसे शहरों के बीच बड़ा फायदा होगा. पहले इसे सिल्वर लाइन के नाम रखा गया था, लेकिन बाद में इसका नाम गोल्डन लाइन कर दिया गया था. 23.6 किलोमीटर लंबे मुख्य कॉरिडोर में दिल्ली के 15 मेट्रो स्टेशन आएंगे. जिसमें तुगलकाबाद से संगम विहार के बीच 8.4 किलोमीटर लंबा रूट पहले शुरू होगा. एयरोसिटी-तुगलकाबाद कॉरिडोर पर तकरीबन 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है. इसके पूरा होते ही यह लाइन शुरू हो जाएगी. जिससे दिल्ली-एनसीआर में हर दिन सफर करने वाले यात्रियों को बड़ा फायदा होगा.
पहली बार मेट्रो से जुड़ेंगे 4 बड़े इलाके
दिल्ली मेट्रो की गोल्डन लाइन से फरीदाबाद-गुरुग्राम तक कनेक्टिविटी बढ़ेगी. यह तुगलकाबाद, साकेत जी-ब्लॉक, छतरपुर और दिल्ली एरोसिटी जैसे प्रमुख इंटरचेंज स्टेशनों के जरिए वॉयलेट, येलो और एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइनों से जुड़कर कनेक्टिविटी को बढ़ाएगी. अलावा संगम विहार, खानपुर, अंबेडकर नगर, नेब सराय, इग्नू, किशनगढ़, वसंत कुंज और महिपालपुर जैसे घनी आबादी वाले इलाकों को पहली बार सीधे मेट्रो नेटवर्क से जोड़कर लाखों यात्रियों का सफर आसान बना देगी.
पहले चरण में तीन स्टेशन अंडरग्राउंड होंगे
दिल्ली मेट्रो के गोल्डन लाइन के तहत तुगलकाबाद से संगम विहार के बीच 8.4 किलोमीटर लंबे हिस्से का जो रूट है. उसमें चार मेट्रो स्टेशन अंडरग्राउंड होंगे, जबकि एक स्टेशन एलिवेटेड होगा. इनमें तुगलकाबाद, तुगलकाबाद रेलवे कॉलोनी और आनंदमयी मार्ग जंक्शन मेट्रो स्टेशन को अंडरग्राउंड बनाया जाएगा. वहीं संगम विहार मेट्रो स्टेशन एलिवेटेड होगा. इस पर काम जारी है.

दक्षिण दिल्ली और फरीदाबाद को फायदा
गोल्डन लाइन का सबसे ज्यादा फायदा दक्षिण दिल्ली और फरीदाबाद रूट पर होगा. क्योंकि यह आईजीआई (IGI) एयरपोर्ट तक की कनेक्टिविटी को पूरी तरह से मजबूत कर देगा. अब दक्षिण दिल्ली के साकेत, संगम विहार और वसंत कुंज में रहने वाले लोगों को सीधे इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे और एरोसिटी के लिए सीधी कनेक्टिविटी मिल जाएगी. उन्हें अब सड़क मार्ग के अतिरिक्त यह मार्ग मिल जाएगा. जिससे समय की बचत होगी.
तुगलकाबाद स्टेशन पर इंटरचेंज
खास बात यह है कि तुगलकाबाद स्टेशन पर वॉयलेट लाइन पर कश्मीरी गेट से राजा नाहर सिंह, फरीदाबाद जाने के लिए इंटरचेंज की सुविधा भी गोल्डन लाइन के तहत मिली है. जहां फरीदाबाद से आने वाले यात्री सीधे तुगलकाबाद से ट्रेन बदलकर चंद मिनटों में एयरपोर्ट पहुंच जाएंगे. इस रूट की एक और बड़ी खासियत यह है कि संगम विहार और अंबेडकर नगर के बीच करीब 2.4 किलोमीटर लंबा डबल डेकर हिस्सा तैयार किया जा रहा है. इसके निचले हिस्से पर गाड़ियों के लिए फ्लाईओवर होगा और ऊपरी हिस्से पर मेट्रो चलेगी. जिससे यात्रियों को ट्रैफिक जाम से निजात मिलेगी.
15 स्टेशनों को कवर करेगी गोल्डन लाइन
- दिल्ली एरोसिटी
- महिपालपुर
- वसंत कुंज
- किशनगढ़
- छतरपुर
- छतरपुर मंदिर
- इग्नू (IGNOU)
- नेब सराय
- साकेत जी-ब्लॉक
- अंबेडकर नगर
- खानपुर
- संगम विहार
- आनंदमयी मार्ग जंक्शन
- तुगलकाबाद रेलवे कॉलोनी
- तुगलकाबाद
दिसंबर 2026 में शुरू करने की योजना
फिलहाल दिल्ली मेट्रो की पूरी योजना दिसंबर 2026 में इसे शुरू करने की है. टनलिंग और ट्रैकों को बिछाने का काम युद्धस्तर पर जारी है, ताकि दक्षिण दिल्ली के लोगों का नया सफर जल्द से जल्द शुरू हो सके. यह मेट्रो स्टेशन शुरू होने से दिल्ली-एनसीआर के मेट्रो यात्रियों को फायदा होगा और उनके समय की बचत होगी.
ये भी पढ़ेंः इंदौर मेट्रो विस्तार: उज्जैन महाकाल से देवास तक 4 नए रूट का प्लान, पीथमपुर-महू को भी मिलेगी कनेक्टिविटी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं