FIFA World Cup Final 2026: न्यू जर्सी में होने वाले फीफा वर्ल्ड कप फाइनल में लियोनेल मेसी अर्जेंटीना की कप्तानी करते हुए स्पेन के खिलाफ मैदान पर उतरेंगे. यह आठ बार के बैलन डी'ओर विजेता मेसी का विश्व कप फाइनल में तीसरा मुकाबला होगा. मेसी और उनकी टीम पहली बार 2014 फीफा विश्व कप के फाइनल में पहुंची थी, लेकिन एक्स्ट्रा टाइम में मारियो गोट्जे के गोल की बदौलत जर्मनी ने अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर खिताब जीत लिया था.
फाइनल में कैसा रहा है मैसी का रिकॉर्ड?
इसके बाद 2022 विश्व कप में अर्जेंटीना ने एक बार फिर फाइनल में जगह बनाई. इस बार मेसी और उनकी टीम ने वह सपना पूरा कर दिखाया, जिसका इंतजार पूरे देश को लंबे समय से था. अर्जेंटीना ने फ्रांस को हराकर विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया. उस मुकाबले में मेसी ने दो गोल किए थे. पहला गोल उन्होंने पहले हाफ के दौरान पेनल्टी पर दागा, जिससे अर्जेंटीना को बढ़त मिली. इसके बाद एक्स्ट्रा टाइम में उन्होंने अपनी टीम के लिए तीसरा गोल भी किया.
मैच पेनल्टी शूटआउट तक पहुंचा, जहां कप्तान मेसी ने अर्जेंटीना की ओर से पहला स्पॉट-किक सफलतापूर्वक गोल में बदला. इस मुकाबले में अर्जेंटीना ने फ्रांस को 4-2 से हराकर विश्व कप ट्रॉफी अपने नाम कर ली.
क्या फिर लियोनेल मेसी का मैजिक दिखेगा?
फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले को लेकर भारत में भी फैंस काफी उत्सुक हैं. कुछ फैंस का मानना है कि फाइनल में भी एक बार फिर लियोनेल मेसी का मैजिक दिखेगा, तो कुछ फैंस स्पेन को खिताब का प्रबल दावेदार मान रहे हैं. अर्जेंटीना को लगातार दूसरे विश्व कप के फाइनल तक पहुंचाने में कप्तान लियोनेल मेसी की भूमिका बेहद अहम रही है.
अर्जेंटीना टूर्नामेंट की सबसे अटैकिंग टीम
अर्जेंटीना ने 1978, 1986 और 2022 वर्ल्ड कप जीता है, जबकि स्पेन ने साल 2010 में खिताब अपने नाम किया है. अर्जेंटीना के पास स्टार प्लेयर मेसी हैं, जिन्होंने इस वर्ल्ड कप में अब तक 8 गोल दागे हैं. अर्जेंटीना का प्रयास अपने खिताब का बचाव करना होगा. अब तक सिर्फ इटली और ब्राजील ही फीफा वर्ल्ड कप खिताब का सफलतापूर्वक बचाव कर सके हैं. अर्जेंटीना इस टूर्नामेंट की सबसे आक्रामक टीम भी रही है, जिसने 7 मुकाबलों में 19 गोल दागे हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं