FIFA World Cup 2026, Uncertainty Grows As Iran Eye Venue Change: इजरायल-अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध जारी है. मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के बीच ईरान के फीफा वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेने को लेकर सवाल बना हुआ है. बीते दिनों यह दावा किया गया था कि ईरान वर्ल्ड कप में हिस्सा लेगा. लेकिन इस मामले में ताजा अपडेट ने टीम की भागीदारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं. ईरान फुटबॉल फेडरेशन बढ़ती सुरक्षा चिंताओं के कारण अमेरिका में होने वाले अपने मैचों को मेक्सिको में शिफ्ट करने के लिए फीफा से बातचीत कर रहा है.
ईरानी फुटबॉल प्रेसिडेंट मेहदी ताज ने इस डेवलपमेंट को कन्फर्म किया है. उन्होंने कहा कि सुरक्षा आश्वासन एक बड़ा मुद्दा है. ताज ने मेक्सिको में ईरानी दूतावास के सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' से शेयर किए गए एक पोस्ट में कहा,"जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह ईरानी नेशनल टीम की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं कर सकते, तो हम निश्चित रूप से अमेरिका नहीं जाएंगे. हम ईरान के वर्ल्ड कप मैच मेक्सिको में कराने के लिए फीफा से बातचीत कर रहे हैं."
ये चिंताएं 2026 में ईरान पर अमेरिका-इजरायल के हवाई हमलों के बाद चल रहे संघर्ष से पैदा हुई हैं, जो फरवरी के आखिर में शुरू हुए थे. इन हमलों ने क्षेत्रीय तनाव को बढ़ा दिया है. ईरान के खेल मंत्री ने पहले स्थिति की गंभीरता का संकेत देते हुए कहा था कि नेशनल टीम शायद प्लान के मुताबिक टूर्नामेंट में हिस्सा न ले पाए. इससे पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि ईरान को हिस्सा लेने की अनुमति दी जाएगी, लेकिन उन्होंने इस मामले की गंभीरता को भी समझा. उन्होंने कहा कि टीम का स्वागत है, पर साथ ही यह भी कहा कि उनकी सुरक्षा के लिए अमेरिका में खेलना उनके लिए सही नहीं होगा.
ईरान ने अमेरिका, मेक्सिको और कनाडा की सह-मेजबानी वाले 48 टीम के इस बड़े टूर्नामेंट के लिए आसानी से क्वालीफाई कर लिया था. 25 मार्च 2025 को ईरान विश्व कप में अपनी जगह पक्की करने वाली पहली एशियन टीम बना था. मौजूदा शेड्यूल के मुताबिक, उसे लॉस एंजिल्स में दो ग्रुप मैच और सिएटल में एक मैच खेलना है.
हालांकि, दिन-प्रतिदिन बिगड़ते हालातों को देखते हुए ईरान की अचानक टूर्नामेंट से हटने की संभावना काफी बढ़ गई है. ईरान अगर टूर्नामेंट से अपना नाम वापस लेता है, तो फीफा को आखिरी समय में रिप्लेसमेंट का फैसला लेना पड़ सकता है. हालांकि, एशियाई फुटबॉल परिसंघ का कहना है कि ईरान के टूर्नामेंट से हटने की अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है. ईरानी फेडरेशन ने हिस्सा लेने के अपने इरादे की पुष्टि की है, हालांकि तेजी से बदलते हालात उनके आखिरी फैसले को लेकर अभी भी अनिश्चितता पैदा कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान का अफगानिस्तान पर हमला: PSL पर संकट के बादल, ऑस्ट्रेलिया ने जारी की वार्निंग, कहा इन शहरों से रहो दूर
यह भी पढ़ें: 'लर्न ही लर्न स्टार्ट हो गया...' मोहम्मद रिजवान को पाकिस्तानी स्टार ने बुरी तरह किया ट्रोल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं