विज्ञापन

दिल्ली: स्विमिंग पूल में डूबने से 10 साल के मासूम की मौत, परिजन ने लगाया लापरवाही का आरोप

दिल्ली के वजीराबाद इलाके में एक प्राइवेट स्विमिंग पूल में 10 साल के बच्चे की डूबने से मौत हो गई. हादसे के बाद परिजनों ने पूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि वहां न लाइफगार्ड थे और न ही सुरक्षा के इंतजाम.

दिल्ली: स्विमिंग पूल में डूबने से 10 साल के मासूम की मौत, परिजन ने लगाया लापरवाही का आरोप

Delhi Swimming Pool Death: दिल्ली के वजीराबाद इलाके से एक दिल को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां गर्मी की छुट्टी मनाने गए 10 साल के मासूम की स्विमिंग पूल में डूबने से मौत हो गई. परिवार को लगा था कि बच्चा दोस्तों के साथ मस्ती कर लौट आएगा, लेकिन कुछ ही घंटों में यह खुशी मातम में बदल गई. परिजनों का आरोप है कि पूल में सुरक्षा के नाम पर कुछ भी नहीं था, जिसकी वजह से यह दर्दनाक हादसा हुआ.

यह घटना नॉर्थ दिल्ली के वजीराबाद थाना क्षेत्र के जगतपुर इलाके की है. यहां पुस्ता रोड पर बने एक निजी स्विमिंग पूल में रविवार सुबह संस्कार अपने भाई और दोस्तों के साथ नहाने पहुंचा था. बच्चों के लिए यह एक सामान्य दिन था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही मिनटों में सब कुछ बदल जाएगा.

अनिल अत्री की रिपोर्ट...

पानी में मिला बच्चा, मचा हड़कंप

बताया जा रहा है कि पूल में उतरने के कुछ ही देर बाद बच्चों ने देखा कि संस्कार पानी के अंदर पड़ा हुआ है. जैसे ही यह बात सामने आई, वहां अफरा-तफरी मच गई. स्टाफ और मौजूद लोगों ने तुरंत बच्चे को बाहर निकाला और अस्पताल ले जाने की जल्दबाजी शुरू हो गई.

परिजनों के मुताबिक, शुरुआत में उन्हें बताया गया कि बच्चा बेहोश है. पहले उसे एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर बताकर बुराड़ी अस्पताल रेफर किया गया. बाद में उसे ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, लेकिन वहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

परिजनों का आरोप- सुरक्षा के नहीं थे इंतजाम

परिवार ने स्विमिंग पूल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि बच्चों से मोटी फीस ली जाती है, लेकिन वहां न तो कोई प्रशिक्षित लाइफगार्ड मौजूद था और न ही बच्चों को लाइफ जैकेट दी गई. परिजनों का मानना है कि अगर समय पर सुरक्षा इंतजाम होते, तो बच्चे की जान बचाई जा सकती थी.

ड्राइवर के साथ गया था बच्चा

मृतक के पिता ने बताया कि उनके जानने वाले के जरिए बच्चे को अन्य बच्चों के साथ स्विमिंग पूल भेजा गया था. बच्चों को स्कूल बस के ड्राइवर के साथ भेजा गया था, जिसने प्रति बच्चे के हिसाब से पैसे लिए थे. पिता का कहना है कि वे खुद पूल के अंदर नहीं गए और पूरी जिम्मेदारी ड्राइवर पर थी.

बड़े पूल में जाने से हुआ हादसा

परिजनों को बाद में जो जानकारी मिली, उसके मुताबिक बच्चा गलती से बड़े गहरे पूल में चला गया था. वहां डूबने के बाद किसी को समय पर पता नहीं चला. अन्य बच्चे जब पानी में कूदे, तब उनके पैर से टकराने पर यह बात सामने आई कि कोई नीचे पड़ा हुआ है.

कोई लाइफगार्ड नहीं था मौजूद

पिता के अनुसार, पूल परिसर में सुरक्षा के नाम पर कोई व्यवस्था नहीं थी. न कोई गार्ड, न निगरानी करने वाला स्टाफ ऐसे में बच्चों की सुरक्षा भगवान भरोसे छोड़ दी गई थी. यही लापरवाही इस हादसे की बड़ी वजह मानी जा रही है. संस्कार परिवार का सबसे बड़ा बेटा था और छठी कक्षा में पढ़ता था. उसकी अचानक मौत से घर में मातम छा गया है.  

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com