विज्ञापन

बहन से बदतमीजी के बदले मौत: युवक का मर्डर कर साइक‍िल पर शव घुमाते रहे दो भाई, पराली के नीचे दफनाया

उत्तर प्रदेश के औरैया में पुलिस ने नंदकिशोर हत्याकांड का खुलासा करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों ने अपनी बहन से हुई कथित बदसलूकी का बदला लेने के लिए नंदकिशोर की ईंट से कुचलकर हत्या कर दी थी और शव को छुपाने के लिए कुएं में फेंक दिया था. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल ईंट और साइकिल बरामद कर ली है.

बहन से बदतमीजी के बदले मौत: युवक का मर्डर कर साइक‍िल पर शव घुमाते रहे दो भाई, पराली के नीचे दफनाया

उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के बिधूना थाना क्षेत्र में हुए चर्चित नंदकिशोर हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है. पुलिस ने हत्या में शामिल दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों ने पूछताछ में जो कहानी बताई, उसने पूरे इलाके को हैरान कर दिया. पुलिस के मुताबिक, बहन के साथ कथित गलत हरकत का बदला लेने के लिए दोनों भाइयों ने पहले योजना बनाई और फिर मौका मिलते ही युवक की बेरहमी से हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया. (जाह‍िद अख्‍तर की र‍िपोर्ट)

घर से कूड़ा डालने निकला था नंदकिशोर

मामला बिधूना थाना क्षेत्र के ग्राम कल्याणपुर जागू का है, जहां 10 मई की शाम वीपी सिंह उर्फ नंदकिशोर घर से कूड़ा डालने निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा. अगले दिन गांव से करीब 800 मीटर दूर एक कुएं में उसका शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी. पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी.

एसपी औरैया अभिषेक भारती के निर्देश पर थाना बिधूना, स्वाट और सर्विलांस टीम को जांच में लगाया गया. जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके बाद गांव में दबिश देकर राजकिशोर उर्फ कल्लू और उसके छोटे भाई कुंज बिहारी को हिरासत में लिया गया. पूछताछ में दोनों टूट गए और उन्होंने हत्या की पूरी कहानी उगल दी.

सिर पर ईंट से हमला

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी राजकिशोर ने बताया कि उसे शक था कि मृतक ने कुछ समय पहले उसकी बहन के साथ गलत हरकत की थी. इसी बात को लेकर वह अंदर ही अंदर बदले की आग में जल रहा था. 10 मई की शाम जब नंदकिशोर अकेले आम के पेड़ के पास बैठा मिला, तो उन्होंने पीछे से उसके सिर पर ईंट से हमला कर दिया. हमला इतना जोरदार था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

इसके बाद दोनों भाइयों ने शव के हाथ-पैर बांधे, उसे साइकिल पर रखा और गांव के बाहर एक कुएं में फेंक दिया. शव को छिपाने के लिए ऊपर से बाजरे की पराली भी डाल दी गई. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर खून से सनी ईंट, मृतक का मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई साइकिल बरामद कर ली है. फिलहाल, पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है. वहीं, इस सनसनीखेज खुलासे के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हैं.

 हाथ में लाठी, आधी झुकी कमर और 70 की उम्र में बुजुर्ग की गुहार- 'मैं मुर्दा नहीं, जिंदा हूं..' ये सुन DM भी बिफरीं

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Up, Uttar Pradesh, UP News, Uttar Pradesh News, Crime News UP
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com