आईपीएल (IPL) के 19वें सीजन का रोमांच क्रिकेट प्रेमियों के सिर चढ़कर बोल रहा है. टूर्नामेंट का 60वां मुकाबला बीते शनिवार (16 मई 2026) को कोलकाता नाइट राइडर्स और गुजरात टाइटंस (KKR vs GT) के बीच कोलकाता में खेला गया. जहां कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम हाई स्कोरिंग मुकाबले में 29 रनों से बाजी मारने में कामयाब रही. मैच के दौरान एक विशेष रिकॉर्ड भी बना. दोनों टीमों की तरफ से कुल मिलाकर छह बल्लेबाजों ने अर्धशतक लगाया. आईपीएल के इतिहास में पहली बार यह कारनामा हुआ है जब दोनों टीमों की तरफ से मिलाकर कुल छह बल्लेबाजों ने अर्धशतक लगाया है.
केकेआर की तरफ से ऐलन, अंगकृष और ग्रीन ने जड़ा अर्धशतक
कोलकाता नाइट राइडर्स की तरफ से पिछले मुकाबले में कुल तीन बल्लेबाजों ने अर्धशतक जड़ा. जिसमें फिन ऐलन, अंगकृष रघुवंशी और कैमरन ग्रीन का नाम शामिल है. ऐलन पारी का आगाज करते हुए 35 गेंद में 265.71 की स्ट्राइक रेट से 93 रन बनाने में कामयाब रहे. उनके अलावा अंगकृष रघुवंशी ने 44 गेंद में नाबाद 82 और कैमरन ग्रीन ने 28 गेंदों में नाबाद 52 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली.
गुजरात की तरफ से गिल, बटलर और सुदर्शन ने जमाई फिफ्टी
वहीं गुजरात टाइटंस की तरफ से पिछले मुकाबले में कैप्टन शुभमन गिल, जोस बटलर और साई सुदर्शन अर्धशतक जमाने में कामयाब रहे. टीम के लिए पारी का आगाज करते हुए गिल ने 49 गेंदों में 85 रनों की सबसे बड़ी अर्धशतकीय पारी खेली. उनके अलावा बटलर 35 गेंदों में 57 और सुदर्शन 28 गेंदों में नाबाद 53 रन बनाने में कामयाब रहे.
केकेआर को मिली जीत
बात करें मैच के परिणाम के बारे में तो कोलकाता में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए केकेआर की टीम 20 ओवरों में दो विकेट के नुकसान पर 247 रन बनाने में कामयाब हुई थी. पारी का आगाज करते हुए फिन ऐलन सर्वोच्च स्कोरर रहे. जिन्होंने 93 रन बनाए. उनके अलावा अंगकृष रघुवंशी ने 44 गेंद में नाबाद 82 और ग्रीन ने 28 गेंदों में नाबाद 52 रनों का योगदान दिया.
विपक्षी टीम की तरफ से जीत के लिए मिले 248 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए जीटी की तरफ से गिल (85), बटलर (57) और साई सुदर्शन (नाबाद 53) ने सराहनीय प्रदर्शन किया. मगर वह भी टीम को जीत नहीं दिला सके और टीम को 29 रनों से शिकस्त का सामना करना पड़ा.
यह भी पढ़ें- सिराज का 'सुपर मिस्टेक', बहुत महंगी पड़ी गुजरात को, क्या हाथ से फिसल गया प्लेऑफ का टिकट?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं