फीफा वर्ल्ड कप 2026 में नॉर्वे ने सोमवार को जारी वर्ल्ड कप में सबसे बड़े उलटफेर में से एक किया और पांच बार की चैंपियन ब्राज़ील को 2-1 से हराकर वर्ल्ड कप से बाहर कर दिया. नॉर्वे 88 सालों के अपने फीफा इतिहास में पहली बार वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई करने में सफल हुई है. नॉर्वे के यहां तक पहुंचने में एर्लिंग हालैंड ने जबरदस्त भूमिका निभाई है. उन्होंने टूर्नामेंट में सात गोल कर दिए हैं और गोल्डन बूट की रेस में मेस्सी के साथ आ गए हैं. वहीं ब्राजील के खिलाफ जीत के बाद उन्होंने रिएक्शन देते हुए कहा है कि अगर उन्हें टूर्नामेंट में आगे और मौके मिलते हैं और वह गोल में बदलते हैं तो इसे "भगवान का तोहफ़ा" समझेंगे. हालैंड 1970 में वेस्ट जर्मनी के गर्ड मुलर के बाद अपने पहले चार वर्ल्ड कप में सात गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं.
हालैंड ने अब नॉर्वे के लिए 54 मैचों में 62 गोल किए हैं. उन्होंने नॉर्वे के लिए अपने पिछले 14 मुक़ाबलों में से हर एक में 27 गोल किए हैं. मैनचेस्टर सिटी के स्ट्राइकर अपने कारनामों से हमेशा बेफिक्र रहे और अपनी ज़बरदस्त फ़िनिशिंग का क्रेडिट अपने फ़ोकस को दिया. हालैंड ने मैच के बाद इंटरव्यू में कहा,"आमतौर पर ऐसा ही होता है."
हालैंड ने आगे कहा,"अगर मुझे एक या दो मौके मिलते हैं, तो आमतौर पर गोल हो जाता है. मुझे नहीं पता कि मैं यह कैसे करता हूं, लेकिन मैं ऐसा ही करता हूं. यह सब फ़ोकस रहने के बारे में है. मैं खुद से कहता हूं कि मौका ज़रूर आएगा. मुझे अब एहसास होने लगा है कि यह भगवान का तोहफ़ा है कि यह एकदम सही लगता है." "हम बस आगे बढ़ते रहे. मुझे उम्मीद है कि यह इंटरव्यू देखने वाले सभी युवा लोग, मुझे उम्मीद है कि जब आप थोड़े बड़े हो जाएंगे, तो आप नॉर्वे के लिए खेलना अपनी पूरी ज़िंदगी का सबसे गर्व वाला काम समझेंगे."
हालैंड ने इसे नॉर्वे के इतिहास का सबसे जबरदस्त दिन बताते हुए कहा,"काश मैं सड़कों पर होता. काश मैं ठीक वहीं इसके बीच में होता. यह अच्छा समय बिताने के बारे में है, हर किसी को अच्छा समय बिताना चाहिए, पूरे नॉर्वे को अच्छा समय बिताना चाहिए. यह सबसे क्रेज़ी दिन है. यह नॉर्वे के इतिहास के सबसे जबरदस्त दिनों में से एक है, और हमें बस मज़े करने हैं और इस पल का आनंद लेना है."
बात अगर मुकाबले की करें तो पहले हाफ में मैथियस कुन्हा को क्रिस्टोफर एजर द्वारा किए गए फाउल की वीएआर समीक्षा की गई, जिसके बाद ब्राजील को पेनल्टी मिली. हालांकि, ब्रूनो गुइमारेस इस बेहतरीन मौके का फायदा उठाने में नाकाम रहे और वह पेनल्टी पर गोल नहीं कर सके. ब्रूनो के शॉट को नॉर्वे के गोलकीपर ओर्जन नायलैंड ने नाकाम किया. सिर्फ ब्रूनो ही नहीं, बल्कि नायलैंड ने ग्रेबियल मार्टिनेली, विनीसियस जूनियर, रयान और ब्रूनो गुइमारेस के कई और प्रयासों को भी पहले हाफ में विफल किया.
दूसरे हाफ में ब्राजील ने पहले गोल की तलाश में कुछ बदलाव किए और मैदान पर एंड्रिक को उतारा गया. मैच के 52वें मिनट में एंड्रिक को गोल करने का सुनहरा मौका भी मिला, लेकिन वह इसे मौके को भुना नहीं सके. इसके बाद नॉर्वे ने ब्राजील के डिफेंस पर लगातार दबाव बनाना शुरू किया.
मैच के 79वें मिनट में नॉर्वे को आखिरकार सफलता मिली. एर्लिंग हालैंड ने नॉर्वे की ओर से इस मुकाबले का पहला गोल दागा. इसके बाद मुकाबले के 90वें मिनट में हालैंड ने टीम की बढ़त को जल्द ही 2-0 में तब्दील कर दिया. मैच के इंजरी टाइम में पेनल्टी पर नेमार जूनियर ने ब्राजील के लिए मुकाबले का पहला गोल तो दागा, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.
यह भी पढ़ें: ऐसे कौन गिरता है भाई...इंग्लैंड की जीत के जश्न में चोटिल हुए जॉर्डन हेंडरसन, स्ट्रेचर पर ले जाए गए बाहर
यह भी पढ़ें: मंगेतर को धोखा दे रहे पृथ्वी शॉ? आकृति के सोशल मीडिया पोस्ट ने मचाई सनसनी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं