- पूर्व प्रथम महिला मिशेल बोल्सोनारो ने अपने सौतेले बेटे फ्लावियो बोल्सोनारो पर अपमानजनक व्यवहार का आरोप लगाया.
- विवाद के बाद मिशेल ने लिबरल पार्टी के महिला प्रकोष्ठ की प्रमुख के पद से इस्तीफा दे दिया.
- एक्सपर्ट्स के मुताबिक अक्तूबर के चुनाव पर इसका असर पड़ सकता है, वर्तमान राष्ट्रपति लूला को फायदा मिल सकता है.
ब्राजील में ठीक तीन महीने बाद 4 अक्तूबर से चुनाव होने जा रहे हैं. लेकिन उससे पहले ही बोल्सोनारो परिवार की अंदरूनी लड़ाई खुलकर सामने आ गई है. पूर्व प्रथम महिला मिशेल बोल्सोनारो ने अपने सौतेले बेटे फ्लावियो बोल्सोनारो पर अपमानजनक व्यवहार का आरोप लगाया. इस विवाद के बाद मिशेल ने लिबरल पार्टी के महिला प्रकोष्ठ की प्रमुख के पद से इस्तीफा दे दिया.
पूर्व प्रथम महिला मिशेल बोल्सोनारो ने एक वीडियो जारी कर अपने सौतेले बेटे और राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार फ्लावियो बोल्सोनारो पर अपमानजनक व्यवहार करने का आरोप लगाया. इस विवाद ने चुनाव से पहले दक्षिणपंथी गठबंधन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं, खासकर महिला मतदाताओं के बीच.
मिशेल ने क्या आरोप लगाए?
इंस्टाग्राम पर साझा किए गए वीडियो में मिशेल बोल्सोनारो ने कहा कि फ्लावियो ने फोन पर उनके साथ बेहद खराब व्यवहार किया.
उन्होंने कहा, "उन्होंने मेरे साथ बहुत रूखा व्यवहार किया. मेरा अपमान किया और कहा कि मुझे राजनीति की कोई समझ नहीं है."
मिशेल के मुताबिक दोनों के बीच विवाद इस बात को लेकर हुआ कि दक्षिणपंथी लिबरल पार्टी चुनाव में किन उम्मीदवारों को मैदान में उतारे.

Photo Credit: AFP
राष्ट्रपति पद की दावेदार मानी जा रही थीं मिशेल
44 वर्षीय मिशेल बोल्सोनारो पिछले कुछ वर्षों में ब्राजील की दक्षिणपंथी राजनीति का प्रमुख चेहरा बनकर उभरी हैं. धार्मिक और इवेंजेलिकल समुदाय में उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है.
जब जायर बोल्सोनारो को कथित तख्तापलट की साजिश के मामले में दोषी ठहराया गया था, तब मिशेल का नाम भी संभावित राष्ट्रपति उम्मीदवार के रूप में चर्चा में था.
हालांकि बाद में जायर बोल्सोनारो ने अपने बड़े बेटे फ्लावियो को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया.

पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारा की पत्नी मिशेल बोल्सोनारो और उनके सौतेले बेटे फ्लावियो बोल्सोनारो की फाइल फोटो
Photo Credit: AFP
फ्लावियो ने मांगी माफी
विवाद बढ़ने के बाद फ्लावियो बोल्सोनारो ने सार्वजनिक रूप से कहा कि वह मिशेल का सम्मान करते हैं और उम्मीद करते हैं कि दोनों के बीच मतभेद खत्म हो जाएंगे.
उन्होंने कहा, "मैं मिशेल का बहुत सम्मान करता हूं. मुझे भरोसा है कि हम इस मुश्किल दौर से निकल जाएंगे और वह हमारे साथ खड़ी रहेंगी."
लेकिन हालात इससे उलट दिखाई दे रहे हैं.

Photo Credit: AFP
पार्टी के महिला विंग से दिया इस्तीफा
इस विवाद के बाद मिशेल बोल्सोनारो ने इस सप्ताह लिबरल पार्टी के वीमेन विंग के चीफ पद से इस्तीफा दे दिया है.
पार्टी अध्यक्ष वाल्देमर कोस्ट नेटो ने भी संकेत दिया कि मिशेल अब सीनेट चुनाव लड़ने की योजना से पीछे हट सकती हैं.

पति जायर बोलसोनारो के साथ मिशेल बोलसोनारो- फाइल फोटो
Photo Credit: AFP
महिलाओं के बीच बढ़ाई थी पार्टी की पकड़
अपने वीडियो में मिशेल ने कहा कि उन्होंने पार्टी के महिला संगठन को शुरुआत से खड़ा किया और एक हजार से ज्यादा महिला नेताओं को तैयार किया.
उनका दावा था कि उनके अभियान की वजह से कई पुरुष उम्मीदवारों के प्रति महिलाओं की नाराजगी कम हुई.
उन्होंने कहा, "हमने पूरे ब्राजील को गुलाबी रंग में रंग दिया."

पूर्व राष्ट्रपति बोलसोनारो की महिला समर्थक
Photo Credit: AFP
महिला वोटरों पर पड़ सकता है असर
ब्राजील की राजनीति के जानकारों का मानना है कि इस विवाद का दक्षिणपंथी खेमे को खामियाजा उठाना पड़ सकता है.
ब्राजील में महिला मतदाताओं के बीच मौजूदा राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा की लोकप्रियता पहले से ही ज्यादा मानी जाती है.
विशेषज्ञों का कहना है कि मिशेल बोल्सोनारो इवेंजेलिकल समुदाय और महिला वोटरों के बीच पार्टी की सबसे मजबूत आवाज रही हैं. ऐसे में उनके अलग होने से फ्लावियो के चुनाव अभियान को झटका लग सकता है.

फ्लावियो बोलसोनारो
Photo Credit: AFP
फ्लावियो पहले से ही विवादों में
फ्लावियो बोल्सोनारो हाल के महीनों में कई विवादों से घिरे रहे हैं.
मई में एक ऑडियो लीक हुआ था, जिसमें वह कारोबारी डेनियल वोरकारो से अपने पिता पर बनने वाली फिल्म के लिए आर्थिक मदद मांगते सुनाई दिए थे.
बाद में वोरकारो एक बड़े बैंकिंग धोखाधड़ी मामले में जांच के दायरे में आ गए, जिससे फ्लावियो की छवि पर भी असर पड़ा.
परिवार और पार्टी में एकता की अपील
इस पूरे विवाद के बीच लिबरल पार्टी के वरिष्ठ नेता कार्लोस पोरतिन्हो ने सभी से एकजुट रहने की अपील की.
उन्होंने कहा, "जिसका बड़ा परिवार होता है, वह जानता है कि मतभेद होते हैं, लेकिन आखिर में सब ठीक हो जाता है."
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं