योआने विस्सा के दो गोल और फिस्टन मायेले के एक गोल की मदद से कांगो ने शुरू में पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करके उज्बेकिस्तान को 3-1 से हराकर पहली बार विश्व कप फुटबॉल के नॉकआउट चरण में प्रवेश किया. कांगो ग्रुप के में कोलंबिया और पुर्तगाल के बाद तीसरे स्थान पर रहा. उसने चार अंक हासिल किए जो अगले दौर में जगह बनाने के लिए पर्याप्त थे. कांगो राउंड ऑफ 32 में अटलांटा में बुधवार को इंग्लैंड का सामना करेगा. दूसरी तरफ उज़्बेकिस्तान को अपने तीनों मैच में हार का सामना करना पड़ा.
अफ्रीकी देश कांगो 52 साल के अंतराल के बाद विश्व कप में भाग ले रहा है. उसकी तरफ से विस्सा ने 68वें और इंजरी टाइम के पहले मिनट में गोल किए जबकि मायेले ने 78वें मिनट में गोल दागा.
उज्बेकिस्तान ने एल्डोर शोमुरोदोव के पहले हाफ के शुरू में किए गए गोल की बदौलत बढ़त हासिल कर ली थी. उसने अगले 58 मिनट तक बढ़त कायम रखी जिससे ऐसा लग रहा था कि कांगो की जीत की उम्मीदें खत्म हो जाएंगी.
लेकिन अपने पहले मैच में क्रिस्टियानो रोनाल्डो की टीम पुर्तगाल को 1-1 से ड्रॉ पर रोककर विश्व कप के सबसे चौंकाने वाले परिणामों में से एक को अंजाम देने वाली कांगो की टीम ने जोरदार वापसी की. शोमुरोदोव के 10वें मिनट में किए गए गोल से पिछड़ने के बाद कांगो ने 68वें मिनट में बराबरी की जब अब्दुकोदिर खुसानोव ने विस्सा को बॉक्स के अंदर गिरा दिया गया. इससे कांगो को पेनल्टी मिल गई.
विस्सा ने खुद मोर्चा संभाला और आसानी से गोल कर दिया. उज्बेकिस्तान के गोलकीपर अब्दुवोहिद नेमातोव ने गेंद रोकने के लिए दूसरी दिशा में गोता लगाया था. मायेले ने 10 मिनट बाद मेसचेक एलिया के ‘डिफलेक्टेड' शॉट पर करीब से नेमातोव को छकाते हुए कांगो को बढ़त दिला दी. विस्सा ने इंजरी टाइम में गोल के निचले कोने में गेंद डालकर कांगो की जीत पक्की कर दी.
यह भी पढ़ें: फीफा वर्ल्ड कप: लियोनेल मेस्सी का तहलका, लगातार सात विश्व कप मैचों में गोल कर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
यह भी पढ़ें: रोनाल्डो गोल से चूके, कोलंबिया ने पुर्तगाल को ड्रॉ पर रोका, नॉकआउट से होगा इस टीम से सामना
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं