विज्ञापन

इंटरनेशनल फुटबॉल से संन्यास के बाद नेमार के क्लब करियर पर भी सस्पेंस, सैंटोस ने फैसला लेने का दिया समय

इंटरनेशनल फुटबॉल से संन्यास लेने के बाद नेमार क्लब लेबल पर खेलेंगे या नहीं? इसपर विचार करने के लिए सैंटोस ने उन्हें समय दिया है.

इंटरनेशनल फुटबॉल से संन्यास के बाद नेमार के क्लब करियर पर भी सस्पेंस, सैंटोस ने फैसला लेने का दिया समय
इंटरनेशनल फुटबॉल से संन्यास के बाद नेमार के क्लब करियर पर भी सस्पेंस

ब्राजील के फीफा वर्ल्ड कप के राउंड-ऑफ-16 से बाहर होने और स्टार फुटबॉलर नेमार के अंतरराष्ट्रीय संन्यास के ऐलान के बाद अब उनके क्लब करियर को लेकर भी अनिश्चितता बनी हुई है. ब्राजील मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बचपन के क्लब सैंटोस ने नेमार को अपने भविष्य पर विचार करने के लिए कुछ दिनों की छुट्टी दी है और उनके फैसले का इंतजार किया जा रहा है. रिपोर्ट के मुताबिक, 34 वर्षीय नेमार के सैंटोस के साथ मौजूदा अनुबंध में अभी छह महीने का समय बाकी है. हालांकि स्थानीय मीडिया में इस बात को लेकर अटकलें तेज हैं कि क्या अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास लेने के बाद वह क्लब स्तर पर भी खेलना जारी रखेंगे या नहीं. बताया गया है कि सैंटोस प्रबंधन छुट्टियों के बाद नेमार और उनके प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनके अगले कदम पर चर्चा करेगा.

नेमार फिलहाल अपने परिवार के साथ अमेरिका में ही समय बिताएंगे और उन्हें कम से कम 10 दिनों का अवकाश दिया गया है. उन्होंने रविवार को न्यूयॉर्क-न्यू जर्सी स्टेडियम में नॉर्वे के खिलाफ 2-1 की हार के बाद ब्राजील की राष्ट्रीय टीम से संन्यास लेने की घोषणा की थी. इस हार के साथ ब्राजील का फीफा वर्ल्ड कप 2026 में सफर समाप्त हो गया था.

ब्राजील के बाहर होने के बाद नेमार ने संन्यास का ऐलान करते हुए कहा था, 'मैंने पूरी कोशिश की. अब यह सफर खत्म हो गया है. मैंने यहीं से शुरुआत की थी और यहीं इसका अंत भी हुआ.' 

ब्राजील की हार के बाद नेमार के पिता ने भी सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा किया. उन्होंने अपने बेटे से क्लब फुटबॉल जारी रखने की अपील करते हुए लिखा, 'एक पिता के तौर पर मेरी सिर्फ एक इच्छा है कि नेमार, फुटबॉल खेलते रहो. गेंद को फिर से अपने पैरों में महसूस करो और मैदान पर मुस्कुराते हुए लौटो.'

जनवरी 2025 में अपने बचपन के क्लब सैंटोस में वापसी करने वाले नेमार ने अब तक सभी प्रतियोगिताओं में 43 मैच खेले हैं. ब्राजील के मुख्य कोच कार्लो एंसेलोटी ने लगातार चोटों और लगभग तीन साल की अंतरराष्ट्रीय गैरमौजूदगी के बावजूद उन्हें विश्व कप टीम में शामिल किया था. टूर्नामेंट में नेमार दो मुकाबलों में स्थानापन्न खिलाड़ी के रूप में उतरे और नॉर्वे के खिलाफ पेनल्टी पर गोल भी किया. अब फुटबॉल जगत की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि नेमार क्लब स्तर पर अपना करियर जारी रखते हैं या संन्यास का फैसला लेते हैं.

यह भी पढ़ें- मोरक्को-फ्रांस मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में भिड़ गए दो रिपोर्टर, 'दंगल' देख हैरान रह गए ब्राहिम डियाज, VIDEO

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
2026 FIFA World Cup, Football
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com