प्रोटीन की जब भी बात आती है सबसे पहला नाम अंडे और चिकन का आता है. लेकिन ऐसा नहीं है कि वेजिटेरियन के पास ऑप्शन नहीं, आपको बता दें कि अंडे और चिकन से भी ज्यादा प्रोटीन कुछ वेज फूड्स में पाया जाता है. अगर आप भी प्रोटीन से भरपूर और स्वाद में लाजवाब रेसिपी की तलाश कर रहे हैं, तो यूट्यूबर और शेफ भरत (Chef Bharat) की सोया लाहौरी कीमा रेसिपी को ट्राई कर सकते हैं.
शेफ भरत का कहना है कि यह डिश इतनी स्वादिष्ट बनती है कि उनकी वाइफ हफ्ते में कम से कम 3 बार उनसे यही सब्जी बनवाती है. अगर आप भी रोज़-रोज़ वही पनीर, कढ़ाई पनीर या सूखी सब्जियां खाकर बोर हो चुके हैं, या फिर घर पर कुछ ऐसा बनाना चाहते हैं जिसका स्वाद और टेक्सचर बिल्कुल नॉनवेज जैसा हो, तो यह रेसिपी आपके लिए परफेक्ट है. आइए जानते हैं इस लाजवाब डिश को बनाने की पूरी और आसान रेसिपी.

वेज सोया कीमा रेसिपी कैसे बनाएं. (Image @bharatzkitchenHINDI)
कैसे बनाएं सोया लाहौरी कीमा रेसिपी- (How To Make Veg Soya Lahori Keema)
सामग्री-
- सोया ग्रेन्यूल्स
- पानी
- नमक
- दही
- अदरक-लहसुन का पेस्ट
- कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर
- गरम मसाला
- नमक
ग्रेवी बेस के लिए-
- प्याज
- टमाटर
- अदरक
- लहसुन
- कश्मीरी सूजी मिर्च
- हरी इलायची
- दालचीनी
- काजू
- मगज
- बटर
- तेल
- नमक
- पानी
सब्जिया-
- बींस
- शिमला मिर्च
- हरी मटर
- हरी मिर्च
पकाने के लिए-
- तेल
- बटर
- जीरा
- हल्दी पाउडर
- कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर
- धनिया पाउडर
- काली मिर्च पाउडर
- पानी
- गर्म मसाला
- कसूरी मेथी
- फ्रेश क्रीम
- फ्रेश धनिया
- नमक स्वादानुसार
विधि-
- सबसे पहले एक पैन में 3 कप पानी लें और उसमें एक चम्मच नमक डालकर उबालें.
- अब इसमें सोया ग्रेन्यूल्स डाल दें इसे 3 से 4 मिनट तक अच्छे से उबालें.
- गैस बंद करने के बाद इसे 3-4 मिनट के लिए गर्म पानी में ही छोड़ दें, इससे इसका टेक्सचर बहुत सॉफ्ट हो जाता है.
- अब इसे छान लें, ठंडे पानी से अच्छे से धोएं और हाथों से दबाकर सारा पानी निचोड़ लें.
- निचोड़े हुए सोया कीमे को एक बर्तन में निकालें. इसमें 2 चम्मच दही, 1 चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट, आधा चम्मच नमक, आधा चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च और आधा चम्मच गरम मसाला डालकर अच्छी तरह मिला लें.
- इसे कम से कम 10 मिनट के लिए छोड़ दें ताकि सोया सारे फ्लेवर्स को सोख ले.
- अब कढ़ाई में थोड़ा सा मक्खन और तेल गरम करें ताकि मक्खन जले नहीं. इसमें इलायची और दालचीनी डालें.
- अब इसमें बारीक कटा लहसुन और प्याज डालकर अच्छी तरह भूनें. प्याज को तब तक भूनना है जब तक उसका कच्चापन दूर न हो जाए, लेकिन उसे एकदम ब्राउन नहीं करना है.
- अब इसमें सूखी लाल मिर्च, अदरक और खरबूजे के बीज डालकर हल्का सा रोस्ट करें.
- इसके बाद इसमें 3 कटे हुए टमाटर, भीगे हुए काजू, नमक और थोड़ा सा पानी डालकर ढक दें.
- इसे मीडियम-लो फ्लेम पर कुछ मिनट तक पकने दें. टमाटर गलने के बाद खड़े मसाले बाहर निकाल लें और मिक्सचर को ठंडा करके मिक्सी में एकदम चिकना पीस लें.
- कढ़ाई में फिर से थोड़ा बटर और तेल गरम करें. इसमें जीरा डालें और सबसे पहले बारीक कटी हुई बीन्स डालें, क्योंकि बीन्स पकने में थोड़ा समय लेती हैं.
- 1 मिनट भूनने के बाद इसमें बारीक कटी शिमला मिर्च, हरी मिर्च और मटर डाल दें. इन सभी को कुछ मिनट अच्छे से भूनें. अब इसमें सूखे मसाले जैसे थोड़ी हल्दी, डेढ़ चम्मच धनिया पाउडर, एक चम्मच लाल मिर्च पाउडर और आधा चम्मच काली मिर्च का पाउडर डालें.
- मसालों को हल्का सा भूनने के बाद, इसमें मैरिनेट किया हुआ सोया कीमा डालें. सोया को सब्जियों के साथ 2-3 मिनट तक अच्छे से भूनना बहुत जरूरी है ताकि दही और अदरक-लहसुन का कच्चापन निकल जाए और बढ़िया खुशबू आने लगे.
- जब सोया अच्छे से भून जाए, तो इसमें तैयार की हुई टमाटर-काजू वाली ग्रेवी डाल दें.
- अब मिक्सी के जार में थोड़ा पानी डालकर बची हुई ग्रेवी भी कढ़ाई में डाल लें. इसे ढककर कुछ मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें. इसके बाद, ग्रेवी में आधा कप पानी और मिलाएं और फिर से ढककर कुछ मिनट पकाएं.
- सोया बहुत पानी सोखता है, इसलिए पानी डालकर पकाना जरूरी है ताकि कीमा एकदम सॉफ्ट और जूसी बने.
- जब कीमा पूरी तरह पक जाए और तेल ऊपर तैरने लगे, तो इसमें आधा चम्मच गरम मसाला, एक चम्मच भुनी हुई कसूरी मेथी और 2 चम्मच घर के दूध की ताजी मलाई डालें. अच्छी तरह मिलाएं और गैस बंद कर दें.
- आपका गरमा-गरम, लजीज और रेस्टोरेंट स्टाइल वेज सोया लाहौरी कीमा बनकर तैयार है! इसे गरमा-गरम पराठों या कुल्चे के साथ सर्व करें.
यहां देखें रेसिपी वीडियो-
ये भी पढ़ें- आज क्या बनाऊं: पीसकर नहीं छौंक कर बनाएं चटाकेदार अमरूद की चटनी, नोट करें रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं