नवरात्रि व्रत में ही नहीं बल्कि हर व्रत में सबसे ज्यादा खाया जाने वाला फूड आइटम है साबूदाना. क्योंकि साबूदाना खिचड़ी न सिर्फ स्वाद बल्कि, सेहत के लिहाज से भी फायदेमंद है. इसे खाने से पेट लंबे समय तक भरा हुआ महसूस होता है. इसमें इस्तेमाल होने वाली मूंगफली का क्रंच, हरी मिर्च का तीखापन और नींबू का खट्टा स्वाद इसे खास बनाता है. लेकिन दिक्कत तब आती है जब हमारी मेहनत पर पानी फिर जाता है. खिचड़ी खिली-खिली बनने के बजाय आपस में चिपक कर बिल्कुल मैश हलवा जैसी बन जाती है.
अगर आपके साथ भी यही होता है, तो टेंशन न लें. क्योंकि आज हम आपको कुछ ऐसे हैक्स बता रहे हैं जिनकी मदद से आप बिल्कुल दानेदार खिली-खिली खिचड़ी बना सकते हैं. तो चलिए बिना देरी के जानते हैं परफेक्ट खिचड़ी बनाने का आसान तरीका.

कैसे बनाएं सॉफ्ट खिली-खिली खिचड़ी-
1. धोने का सही-
साबूदाना भिगोने से पहले उसे कम से कम 3 से 4 बार साफ पानी से धोना बहुत जरूरी है. इसे तब तक हल्के हाथों से धोएं जब तक पानी साफ न दिखने लगे. क्योंकि साबूदाने के ऊपर जमा स्टार्च ही खिचड़ी को चिपचिपा बनाता है.
2. सही नाप-
साबूदाना भिगोते समय उसमें बाल्टी भर पानी न डालें. बस उतना ही पानी डालें जितने में साबूदाना हल्का-सा डूब जाए अगर पानी ज्यादा होगा तो साबूदाना पानी सोखकर गल जाएगा और खिचड़ी चिपचिपी बनेगी.
3. भिगोने और सुखाने का समय-
साबूदाने को कम से कम 4 से 6 घंटे भिगोकर रखें. जब साबूदाना अच्छी तरह फूल जाए, तो पकाने से 15-20 मिनट पहले उसे किसी छलनी में निकाल लें ताकि बचा हुआ पानी पूरी तरह निकल जाए. पकाने से पहले साबूदाने का सूखा और छूने में सॉफ्ट होना बहुत जरूरी है.
4. मूंगफली का दाना-
भुनी हुई मूंगफली को दरदरा पीस लें. कढ़ाई में डालने से पहले ही साबूदाने में दरदरी मूंगफली, थोड़ा-सा नमक और हल्की-सी चीनी मिलाकर अलग रख लें. मूंगफली का पाउडर साबूदाने की बची हुई नमी को सोख लेता है, जिससे दाने आपस में चिपकते नहीं हैं.
5. पकाने का सही तरीका-
कढ़ाई में देसी घी गरम करें. पहले जीरा अगर आप व्रत में खाते हैं, तो वरना हरी मिर्च और उबले आलू के छोटे टुकड़े डालकर भून लें. अब इसमें साबूदाने का मिक्सचर डालें. ध्यान रखें, साबूदाना डालने के बाद इसे लगातार तेज आंच पर नहीं पकाना है और न ही बहुत ज्यादा चमचा चलाना है. धीमी आंच पर ढककर बस 2 से 3 मिनट पकाएं. जैसे ही दाने हल्के ट्रांसपेरेंट दिखने लगें, गैस बंद कर दें.
आपकी परफेक्ट साबूदाना खिचड़ी बनकर तैयार है, इसे आप रायता या ऐसे ही फलाहार में शामिल करें.
ये भी पढ़ें- बिना टूटे और बिना फटे बनेगी सॉफ्ट और गोल कुट्टू की रोटी, बस आटा गूंथते समय अपनाएं ये सीक्रेट ट्रिक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं