साल 1974 में एक फिल्म बनी जिसने बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ कमाई की. इसकी वजह थी फिल्म का कहानी, जिससे दर्शक कनेक्ट कर पाए. गरीबी, संघर्ष और परिवार की बेहतरी के लिए काम करने वाला शख्स. जिसकी गरीब होने के चलते उसकी प्रेमिका उसे छोड़कर अपने अमीर बॉस से शादी कर लेती है. ये कहानी थी बेरोजगारी और महंगाई की मार और परिवार के लिए संघर्ष की. इस फिल्म ने अपने बजट से कई गुना ज्यादा कमाई की और इसके गाने भी सुपरहिट हुए. हम बात कर रहे हैं फिल्म 'रोटी कपड़ा और मकान' की, जो उस दौर के आम जिंदगी की परेशानियों और दर्द को बखूबी पर्दे पर उतार पाई. आइए जानते हैं इस फिल्म से जुड़े अनसुने किस्से और इसके सुपरहिट गाने जो आज भी लोगों की प्लेलिस्ट में बने हुए हैं.
फिल्म की कहानी ने लोगों के दिलों को छुआ
मनोज कुमार के निर्देशन में बनी फिल्म इस फिल्म में मनोज कुमार, शशि कपूर, अमिताभ बच्चन, जीनत अमान और मौसमी चटर्जी ने अभिनय किया था. फिल्म की कहानी भरत यानी मनोज कुमार के इर्द-गिर्द घूमती है, जो आर्थिक तंगी के बीच अपने परिवार की जिम्मेदारी उठाता है. वहीं जीनत अमान का किरदार शीतल उसकी प्रेम कहानी का अहम हिस्सा है, जबकि शशि कपूर अमीर कारोबारी मोहन बाबू के रोल में दिखाई दिए थे. शीतल, मनोज को उसकी गरीबी के चलते छोड़ती है और अमीर बॉस से शादी कर लेती है.
जीनत अमान का किरदार भरत से जुड़ा होने के बावजूद बाद मोहन बाबू के साथ चला जाता है. फिल्म की कहानी उस समय के सामाजिक और आर्थिक हालात को भी दिखाती थी. फिल्म में अमिताभ बच्चन ने भरत के भाई विजय का किरदार निभाया था और मौसमी चटर्जी तुलसी के रोल में थीं.
6 गानों से सजा था यादगार म्यूजिक
फिल्म की कहानी के साथ इसके गाने भी लोगों को बेहद पसंद आए थे. फिल्म के साउंडट्रैक में कुछ 6 गाने थे, जिसका संगीत लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल ने तैयार किया था. इस फिल्म के गानों को लता मंगेशकर, मुकेश, महेंद्र कपूर, बाबू कव्वाल और नरेंद्र चंचल की आवाज भी सुनाई दी थी.
- हाय हाय ये मजबूरी- लता मंगेशकर- 04:16
- मैं ना भूलूंगा - लता मंगेशकर, मुकेश- 05:39
- और नहीं बस और नहीं- महेंद्र कपूर- 06:25
- महंगाई मर गई- लता मंगेशखर, नरेंद्र चंचल , मुकेश, जानी बाबू कव्वाल- 08:51
- पंडितजी मेरे मरने के - लता मंगेशकर - 06:10
- मैं ना भूलूंगा (सैड वर्जन) - लता मंगेशकर, मुकेश -06:00
161 मिनट की इस फिल्म में 37.21 मिनट के गाने थे. फिल्म के एक गाने 'हाय हाय ये मजबूरी' पहले मौसमी चटर्जी के किरदार के लिए सोचा गया था, लेकिन उनकी प्रेग्नेंसी के चलते इसे जीनत अमान पर फिल्माया गया.
5.25 करोड़ की कमाई
यह फिल्म साल 1974 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म थी. बॉक्स ऑफिस आंकड़ों के मुताबिक फिल्म ने 5.25 करोड़ की कमाई की थी. जो साल 2023 की महंगाई को देखते हुए 157 करोड़ है. इस हिसाब से इस फिल्म को ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर के तौर पर दर्ज किया गया है. फिल्म रोटी कपड़ा और मकान को तीन फिल्मफेयर अवॉर्ड मिले, साथ ही 11 अवॉर्ड्स में ये नॉमिनेट हुई थी.
फिल्म की खासियत इसकी कहानी थी, जिसने लोगों के दिलों को छुआ. इसके साथ ही इसके गानों को भी लोगों ने बेहद पसंद किया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं