चाय लवर्स के चेहरे पर चाय नाम सुनते ही स्माइल आ जाती है. सर्दी की शाम, ठंडी हवा, और हाथ में मिट्टी के कुल्हड़ में धुआं उठती तंदूरी चाय. दिल को खुश कर देती है. बाजार में मिलने वाली तंदूरी चाय को आप घर पर भी बना सकते हैं. और वो भी बिना तंदूर के. जी हां आपने बिल्कुल सही सुना. हाल ही में इंस्टाग्राम पर एक वायरल रील में दिखाया गया है कि कैसे आप तंदूरी चाय को घर पर बना सकते हैं.
इस रील में जो तरीका बताया गया है, वो एकदम अलग है. इसमें चाय को मिट्टी के दिए में ही बनाया जाता है, जिससे चाय में मिट्टी की असली खुशबू आ जाती है.
यहां देखें वीडियो-
तंदूरी चाय में मिट्टी की खुशबू कहां से आती है?
तंदूरी चाय की असली पहचान ही उसकी मिट्टी की खुशबू है. दुकान पर क्या होता है? कुल्हड़ को तंदूर में लाल करके गरम किया जाता है. फिर उसी गरम कुल्हड़ में चाय डाल दी जाती है. चाय छन्न से आवाज करती है और उसमें मिट्टी की सोंधी खुशबू आ जाती है. घर पर हमारे पास तंदूर नहीं होता. इसीलिए इस रील वाले तरीके में मिट्टी के छोटे-छोटे दिए को ही सीधे चाय में डाल दिया जाता है. दिए गरम होकर चाय में मिट्टी का स्वाद छोड़ देते हैं. बिल्कुल दुकान जैसी खुशबू आ जाती है.
कैसे बनां तंदूरी चाय- (How To Make Tandoori Chai At Home)
सामग्री-
- पानी
- दूध
- चाय पत्ती
- चीनी
- अदरक
- सौंफ
- दालचीनी
- इलायची
- मिट्टी के छोटे दिए
विधि-
- चाय बनाने के लिए दिए बिल्कुल नए और साफ वाले लीजिए. पुराने, रंग वाले या पेंट वाले दिए मत लीजिए.
- अब एक बड़े पतीले में 4 मिट्टी के दिए रख दीजिए. पहले दिए में चीनी डाल दीजिए.
- दूसरे दिए में चाय पत्ती डाल दीजिए. तीसरे दिए में कद्दूकस किया हुआ अदरक डाल दीजिए. चौथे दिए में सौंफ, इलायची और दालचीनी का टुकड़ा डाल दीजिए.
- अब इन दिए के ऊपर से 1 गिलास पानी डाल दीजिए. फिर 2 गिलास दूध डाल दीजिए.
- दूध और पानी इतना हो कि दिए अच्छे से डूब जाएं. अब गैस को मीडियम आंच पर रखिए.
- चम्मच से चाय को धीरे-धीरे चलाइए. जैसे-जैसे चाय गरम होगी, दिए में रखी सारी चीजें चाय में घुलने लगेंगी.
- चीनी घुलेगी, चाय पत्ती का रंग आएगा, अदरक और मसालों की खुशबू आएगी.
- चाय को 3-4 बार अच्छे से उबालिए. जब चाय में झाग आने लगे और रंग एकदम हल्का भूरा हो जाए, तो समझ जाइए चाय तैयार है.
- अब चिमटे की मदद से एक-एक करके चारों दिए को बाहर निकाल लीजिए.
- दिए को निकालते वक्त ध्यान रखिए, दिए बहुत गरम होंगे. चाय को एक बार छान लीजिए, ताकि मसालों के छोटे टुकड़े निकल जाएं.
- तंदूरी चाय को कभी भी कांच के गिलास या कप में मत सर्व करिए. इसे हमेशा मिट्टी के कुल्हड़ में ही सर्व करें.
- कुल्हड़ को पहले गरम पानी से धो लीजिए. फिर उसमें गरम-गरम चाय डाल दीजिए. आपकी तंदूरी चाय बनकर तैयार है.
ये भी पढ़ें- बाजार जैसे मूंगफली के लड्डू कैसे बनाएं? नोट करें लड्डू बनाने की आसान विधि
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं