टमाटर वाले चावल की रेसिपी
NDTV
अक्सर जब हम पुलाव के बारे में सोचते हैं, तो दिमाग में सबसे पहले पनीर, मशरूम या सोयाबीन जैसी चीजों का ख्याल आता है, लेकिन क्या कभी आपने टमाटर वाले चावल खाएं हैं? टमाटर पुलाव में न तो किसी महंगे तामझाम की जरूरत है और न ही घंटों की मेहनत की. यह रेसिपी उन दिनों के लिए एकदम सही है जब कुछ चटपटा, हल्का और पेट भरने वाला खाने का मन हो, लेकिन फ्रिज में ज्यादा सामान न रखा हो.
यकीन मानिए एक बार इसे चखने के बाद आप खुद-ब-खुद इसकी तारीफ करने लगेंगे और घरवालों को भी यह इतना पसंद आएगा कि इसे बार-बार बनाने की फरमाइश होने लगेगी. यहां जानें इसकी आसान रेसिपी.
देखें वीडियो...
सामग्री:
- भीगे हुए चावल
- देसी घी
- साबुत खड़े मसाले
- पतले कटे प्याज (लगभग एक मुट्ठी)
- हरी मिर्च (स्वादानुसार)
- कटे हुए आलू
- लहसुन का पेस्ट (लगभग दो चम्मच)
- कटी हुई शिमला मिर्च
- बारीक कटा हरा धनिया और पुदीना
- हरी मटर
- पके हुए टमाटर (लगभग चार से पांच, टुकड़ों में कटे हुए)
- धनिया पाउडर
- जीरा
- हल्दी
- लाल मिर्च
- नमक (स्वादानुसार)
- पानी
बनाने का तरीका:
- सबसे पहले एक भारी तले की हांडी, तपेली या बर्तन में देसी घी गरम करें.
- घी के पिघलते ही उसमें साबुत खड़े मसाले डालें ताकि उनकी खुशबू घी में आ जाए.
- इसके तुरंत बाद पतले कटे प्याज और हरी मिर्च डाल दें.
- अब इन सबको मीडियम आंच पर तब तक चलाते हुए भूनें जब तक प्याज हल्का सुनहरा और नरम न पड़ जाए.
- जब प्याज भुन जाए, तो बर्तन में कटे हुए आलू डालें.
- इसके साथ ही दो चम्मच लहसुन का पेस्ट और कटी हुई शिमला मिर्च भी मिला दें.
- सारी चीजों को अच्छी तरह चलाएं ताकि मसालों और घी की परत इन सब्जियों पर चढ़ जाए.
- कुछ देर भूनने के बाद इसमें कटा हरा धनिया, पुदीना और हरी मटर डालकर एक बार फिर मिला लें.
- अब बारी है इस पुलाव की असली जान यानी टमाटर डालने की.
- चार से पांच कटे हुए टमाटर बर्तन में डालें, साथ में धनिया, जीरा, हल्दी, लाल मिर्च और स्वादानुसार नमक भी मिला दें.
- इस मसाले और टमाटर के मिश्रण को तब तक पकाएं जब तक टमाटर गलकर मुलायम न हो जाएं और मसाला अच्छे से भुन न जाए.
- मसाला तैयार हो जाने पर पहले से भिगोए हुए चावल डालें.
- चावल को हल्के हाथ से मसालों के साथ मिलाएं ताकि दाने न टूटें.
- इसके बाद चावल की सतह से लगभग एक इंच ऊपर तक पानी डालें.
- बर्तन का ढक्कन अच्छी तरह बंद करें और गैस को बिल्कुल धीमी आंच पर कर दें.
- करीब बीस से पच्चीस मिनट तक इसे इसी तरह पकने दें.
- ढक्कन हटाएं, आपका गरमागरम और बेहद स्वादिष्ट टमाटर पुलाव तैयार है.
इसे भी पढ़ें: आंवला की चटनी कैसे बनाएं? कच्चे आंवले की चटपटी चटनी बनाने का तरीका
पूरी स्टोरी पढ़ें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
Food