Striped Vs Unstriped Watermelon: गर्मियों का मौसम आते ही बाजार में तरबूज की भरमार हो जाती है. लेकिन जब इसे खरीदने की बारी आती है, तो एक सवाल अक्सर लोगों के मन में आता है- धारीदार तरबूज लें या बिना धारियों वाला? कई लोग मानते हैं कि दोनों में से कोई एक ज्यादा हेल्दी होता है, लेकिन असलियत थोड़ी अलग है.
क्या दोनों तरह के तरबूजों के पोषक तत्वों में कोई अंतर है?
दरअसल, तरबूज चाहे धारीदार हो या सादा, दोनों के पोषण में ज्यादा फर्क नहीं होता. दोनों में ही पानी की मात्रा बहुत ज्यादा होती है, जो शरीर को ठंडक देने और डिहाइड्रेशन (Dehydration) से बचाने में मदद करती है. इसके अलावा इसमें विटामिन A (Vitamin A), विटामिन C (Vitamin C) और एंटीऑक्सीडेंट्स (Antioxidants) भी पाए जाते हैं, जो गर्मियों में शरीर को स्वस्थ रखने में सहायक होते हैं.
दोनों तरह के तरबूज में जो अंतर दिखता है, वह सिर्फ बाहरी रूप का होता है. धारीदार तरबूज की छिलके पर हल्की-गहरी हरी लाइनें नजर आती हैं, जबकि बिना धारियों वाला तरबूज एक समान गहरे हरे रंग का होता है. यानी यह फर्क सिर्फ दिखावट और किस्म का है, सेहत से इसका सीधा संबंध नहीं है.

यह भी पढ़ें- Tarbooj Ke Chilko Ka Achar: बंद कर दें, तरबूज के बीजों को खा कर फेंकना! बनाएं, तरबूज के छिलकों का अचार
कौन सा तरबूज ज्यादा मीठा?
स्वाद की बात करें तो कई बार धारीदार तरबूज थोड़ा ज्यादा मीठा और जूसी लग सकता है, जबकि सादा तरबूज हल्का कम मीठा महसूस हो सकता है. लेकिन यह कोई तय नियम नहीं है. तरबूज की मिठास इस बात पर निर्भर करती है कि वह कितना पका हुआ है और कैसे उगाया गया है.
कैसे चुनें सही तरबूज?
इसलिए तरबूज खरीदते समय सबसे जरूरी है उसकी क्वालिटी (Quality) पर ध्यान देना. एक अच्छा तरबूज पहचानने के लिए देखें कि उसमें नीचे की तरफ हल्का पीला धब्बा हो. यह इस बात का संकेत है कि वह जमीन पर अच्छी तरह पका है. साथ ही, अगर तरबूज अपने आकार के हिसाब से भारी लगे, तो उसमें पानी और रस ज्यादा होने की संभावना होती है. थपथपाने पर गूंजदार आवाज आना भी अच्छे तरबूज की पहचान मानी जाती है.
ध्यान रखें कि बहुत ज्यादा नरम, कटे या दबे हुए हिस्सों वाला तरबूज न खरीदें. इससे स्वाद और क्वालिटी दोनों प्रभावित हो सकते हैं. धारीदार हो या सादा, दोनों तरह का तरबूज गर्मियों में शरीर के लिए फायदेमंद होता है. जो तरबूज ताजा, पका हुआ और स्वाद में बेहतर हो, वही चुनें.
Watch VIdeo: History of Samosa- Swaad Ka Safar | समोसे का इतिहास | जानें ईरान से भारत कैसे पहुंचा समोसा | Read
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं