क्या आप भी प्रोटीन से भरपूर स्वादिष्ट रेसिपी की तलाश कर रहे हैं, तो बिल्कुल सही जगह पर हैं. क्योंकि आजकल हर कोई अपनी डाइट में प्रोटीन बढ़ाने की बात करता है. लेकिन अगर आप वेजिटेरियन हैं, तो अक्सर मन में यही सवाल आता है कि बिना अंडे या चिकन के शरीर को सही मात्रा में प्रोटीन कैसे मिले?
अगर आप भी रोज़-रोज़ वही एक जैसे दाल-चावल खाकर बोर हो चुके हैं, तो आप सोया चना दाल पुलाव की रेसिपी को ट्राई कर सकते हैं. यह रेसिपी न सिर्फ खाने में बेहद टेस्टी होती है, बल्कि इसमें स्टार्च यानी चावल कम होता है और प्रोटीन से भरपूर सोया चंक्स व चना दाल की मात्रा ज्यादा होती है. आइए जानते हैं इसे बनाने का एकदम आसान तरीका.
कैसे बनाएं प्रोटीन से भरपूर रेसिपी- (How To Make Protein Rich Diet)
सामग्री-
- चावल- 1 कप
- सोया चंक्स- 50 ग्राम
- चना दाल- आधा कप (कम से कम 3 घंटे भीगी हुई)
- दही- मैरीनेशन के लिए (स्वादानुसार)
- अदरक-लहसुन पेस्ट- 2 छोटे चम्मच
- मसाला- 1 छोटा चम्मच (बिरयानी मसाला, चिकन मसाला या किचन किंग)
- देसी घी 3 से 4 छोटे चम्मच
- सब्जियां- 1 कटा हुआ प्याज, 2 कटे हुए टमाटर, 2 हरी मिर्च
- खड़े मसाले- 1 चम्मच जीरा, 1 तेजपत्ता, 1 सूखी लाल मिर्च, 4 लौंग, 1 बड़ी इलायची, 3 छोटी इलायची, 1 दालचीनी और थोड़ी काली मिर्च।
- स्वादानुसार नमक और कटा हुआ हरा धनिया.
विधि-
- सबसे पहले खौलते हुए पानी में थोड़ा नमक डालें और 50 ग्राम सोया चंक्स डालकर 5 मिनट उबालें.
- इसके बाद गैस बंद करके सोया को 5 मिनट उसी गरम पानी में रहने दें. ऐसा करने से सोया एकदम सॉफ्ट हो जाता है.
- अब पानी छानकर सोया को अच्छे से निचोड़ लें. एक बर्तन में निचोड़े हुए सोया चंक्स लें.
- दही 1 चम्मच अपना पसंदीदा मसाला और 1 चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट मिलाएं.
- इसे 15 मिनट के लिए रख दें. इससे मसालों का स्वाद सोया के अंदर तक बैठ जाता है.
- प्रेशर कुकर में 3 चम्मच देसी घी गरम करें. इसमें सभी खड़े मसाले डालें और फिर प्याज डालकर 5 मिनट तक हल्का सुनहरा होने तक भूनें.
- अब 1 चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट, हरी मिर्च और टमाटर डालें. टमाटर के साथ थोड़ा नमक डालें ताकि वे जल्दी गल जाएं.
- जब टमाटर नरम हो जाएं, तो मैरीनेट किया हुआ सोया चंक्स डालकर अच्छी तरह भूनें.
- अगर मसाला चिपकने लगे, तो बिल्कुल थोड़ा सा पानी छिड़क सकते हैं. इसके बाद भीगी हुई चना दाल डालकर 2 मिनट और भूनें.
- अब इसमें भीगे हुए चावल, 1 चम्मच देसी घी, स्वादानुसार नमक, हरा धनिया और कुल 2 और 1/4 कप पानी मिलाएं
- कुकर का ढक्कन बंद करें. तेज आंच पर 1 सीटी आने दें, फिर गैस मीडियम करके 2 सीटी और लगाएं.
- प्रेशर अपने आप निकलने दें. तैयार है आपका गरमा-गरम, खिला-खिला और प्रोटीन से भरपूर सोया चना दाल पुलाव.
- इसे ठंडी दही या रायते के साथ सर्व करें और मजे से खाएं.
ये भी पढ़ें- 2 मिनट की रेसिपी, 25 ग्राम प्रोटीन और ढेर सारे फायदे, ऐसा ढोकला नहीं खाया तो क्या खाया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं