अगर आप रोजाना दाल-सब्जी खाकर बोर हो चुके हैं और कुछ ऐसा बनाना चाहते हैं, जो झटपट तैयार हो जाए और खाने में भी स्वादिष्ट लगे, तो साउथ इंडियन स्टाइल कढ़ी आपके लिए एक अच्छा ऑप्शन हो सकता है. अच्छी बात ये है कि इसे बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता और तड़के की खुशबू पूरे घर को महका देती है. साउथ इंडिया में इसे अलग-अलग नामों से जाना जाता है, कई लोग इसे मोर कढ़ी के नाम से जानते हैं, इसे अधिकतर लोग चावल के साथ बड़े चाव से खाया जाता है.
इस कढ़ी की सबसे बड़ी खासियत इसका हल्का और स्वादिष्ट फ्लेवर है. इस कढ़ी में बेसन का नहीं, बल्कि नारियल का इस्तेमाल होता है. यही वजह है कि इसका स्वाद काफी अलग और लाजवाब लगता है.
साउथ इंडियन इंस्टेंट कढ़ी रेसिपी
आवश्यक सामग्री
- खट्टा दही - 1 कप
- ताजा नारियल (कसा हुआ) - 2 बड़े चम्मच
- हरी मिर्च - 1
- अदरक का टुकड़ा - आधा इंच
- नमक स्वादानुसार
- पानी - 1 कप
तड़के के लिए जरूरी सामान
- राई - 1 छोटा चम्मच
- जीरा - आधा छोटा चम्मच
- सूखी लाल मिर्च - 2
- करी पत्ते - 8-10
- तेल - 1 चम्मच
बनाने की विधि
- दही, नारियल, हरी मिर्च और अदरक को मिक्सर में डालकर स्मूद पेस्ट बना लें.
- इस मिश्रण में 1 कप पानी और स्वादानुसार नमक मिलाकर अच्छी तरह फेंट लें.
- एक पैन में तेल गर्म करें.
- तेल गर्म होने पर राई डालें. चटकने लगे तो जीरा, सूखी लाल मिर्च और करी पत्ते डालें.
- कुछ सेकंड तक तड़का भूनें, ताकि खुशबू आने लगे.
- अब तैयार दही वाला मिश्रण पैन में डाल दें.
- लगातार चलाते हुए 1-2 मिनट तक हल्का गर्म करें. उबाल न आने दें.
- गैस बंद करें और कढ़ी को सर्विंग बाउल में निकाल लें.
- गर्मागर्म साउथ इंडियन कढ़ी को सादे चावल, इडली या डोसे के साथ परोसें.
खाने में क्यों है खास?
साउथ इंडियन कढ़ी हल्की होने के साथ-साथ पाचन के लिए भी अच्छी मानी जाती है. दही में मौजूद प्रोबायोटिक्स पेट को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं, जबकि करी पत्ते और मसाले इसके स्वाद को कई गुना बढ़ा देते हैं. इसे आप सादे चावल, जीरा राइस या यहां तक कि इडली और डोसे के साथ भी परोस सकते हैं.
ये भी पढ़ें - क्या आप जानते हैं 1 महीने तक रोज कच्चा नारियल खाने से शरीर में क्या असर होगा, यहां जानिए
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं