विज्ञापन

राजस्थानी प्याज कचौड़ी कैसे बनाएं? राजस्थानी कचौड़ी का खड़ा मसाला कैसे तैयार करें, जान‍िए यहां

कचौरी बनाने के लिए क्या सामग्री चाहिए? सर्दी में कुछ चटपटा खाने का मन कर रहा है, तो झटपट तैयार करें यह प्‍याज कचौड़ी. ब‍िना आटा गूंथे तैयार हो जाएगी यह टेस्‍टी कचौड़ी. यहां जान‍िए आसान रेस‍िपी.

राजस्थानी प्याज कचौड़ी कैसे बनाएं? राजस्थानी कचौड़ी का खड़ा मसाला कैसे तैयार करें, जान‍िए यहां
प्याज की कचोरी बनाने की रेसिपी क्या है.

त्योहारों के दिनों में घर पर कुछ चटपटा और कुरकुरा बनाने का मन हो, तो ब्रेड प्याज कचौड़ी एक अच्छा ऑप्‍शन है. इसकी खासियत है कि इसे बनाने के लिए न तो आटा गूंथने की जरूरत है और न ही ज्यादा तैयारी करने की. निधि खोसला ने इस रेसिपी में एक अनोखा ट्विस्ट दिया है, जिससे साधारण ब्रेड से भी कचौड़ी जैसा स्वाद मिल सकता है. मसालेदार प्याज की भरावन और बाहर की कुरकुरी परत इसे चाय के साथ परोस सकते हैं.

राजस्थानी खड़ा मसाला बनाएं

राजस्थानी प्याज-कचौड़ी का असली स्वाद उसके खड़े मसालों में छिपा होता है. इसके लिए साबुत धनिया, सौंफ, जीरा और काली मिर्च बराबर मात्रा में लें. अब इन सभी मसालों को ओखली या कूटने वाले दस्ते की मदद से हल्का दरदरा पीस लें. ध्यान रखें कि मसालों को बिल्कुल बारीक पाउडर नहीं बनाना है. दरदरे मसालों से कचौड़ी में अच्छा स्वाद और पारंपरिक राजस्थानी खुशबू आती है.

प्याज और हींग का छोंक 

सबसे पहले एक कड़ाही में 1-2 चम्मच तेल गर्म करें. इसमें हींग और बारीक कटी हरी मिर्च डालकर हल्का भून लें. अब तैयार किया हुआ दरदरा मसाला डालें और कुछ सेकंड तक पकाएं, ताकि मसालों की अच्छी खुशबू आने लगे. इसके बाद इसमें बारीक कटा हुआ प्याज डालकर धीमी से मध्यम आंच पर भूनें. प्याज को हल्का गुलाबी या सुनहरा होने तक पकाएं. ध्यान रखें कि प्याज पूरी तरह नरम न हो, उसमें हल्का कुरकुरापन बना रहे. यही प्याज-कचौड़ी की भरावन को स्वादिष्ट बनाएगा.

सत्तू, आलू और मसालों से तैयार करें स्टफिंग

जब प्याज अच्छी तरह भुन जाए, तो इसमें एक चम्मच सत्तू डालकर मिलाएं. सत्तू प्याज की अतिरिक्त नमी को सोखने में मदद करता है, जिससे कचौड़ी की भरावन गीली नहीं होती. अब इसमें हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, स्वादानुसार नमक और थोड़ा सा चीनी डालें. इसके बाद दो उबले हुए मैश किए आलू डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें. आखिर में बारीक कटा हरा धनिया डालें और गैस बंद कर दें. तैयार मसालेदार स्टफिंग को ठंडा होने के लिए रख दें. इससे कचौड़ी में चटपटा और लाजवाब स्वाद आएगा.

ब्रेड को बेलकर दें कचौड़ी का मनचाहा आकार

अब दो ब्रेड स्लाइस लें और बेलन की मदद से उन्हें हल्का दबाते हुए पतला बेल लें. एक ब्रेड स्लाइस के बीच में तैयार आलू-प्याज की स्टफिंग रखें. अब ब्रेड के किनारों पर थोड़ा पानी लगाएं और दूसरी ब्रेड स्लाइस को ऊपर से रखकर हल्के हाथों से दबा दें. आखिर में किसी गोल कटोरी या कुकी कटर की मदद से इसे गोल आकार में काट लें. इससे दोनों ब्रेड के किनारे अच्छी तरह चिपक जाएंगे और कचौड़ी की शेप तैयार हो जाएगी.

कॉर्नफ्लोर-स्लरी और ब्रेड क्रम्ब्स से दें क्रिस्पी कोटिंग

ब्रेड कचौड़ी को ज्यादा कुरकुरी बनाने के लिए इसकी अच्छी तरह कोटिंग करना जरूरी है. इसके लिए एक बर्तन में मैदा या कॉर्नफ्लोर लेकर थोड़ा पानी मिलाएं और पतली स्लरी तैयार कर लें. अब तैयार कचौड़ी को इस स्लरी में हल्का डिप करें. इस ब्रेड क्रम्ब्स में अच्छी तरह लपेट लें, ताकि चारों तरफ एक समान परत चढ़ जाए. इससे कचौड़ी बाहर से ज्यादा क्रिस्पी बनेगी और तलते समय उसकी परत भी अच्छी तरह बनी रहेगी. अगर आप हल्का नाश्ता बनाना चाहते हैं, तो ब्रेड क्रम्ब्स की कोटिंग छोड़ भी सकते हैं.

कचौड़ी को सुनहरा तलें और चटनी के साथ परोसें

अब एक कड़ाही में तेल गर्म करें और तैयार ब्रेड कचौड़ियों को सावधानी से तेल में डालें. इन्हें पलट-पलटकर दोनों तरफ से गहरा सुनहरा और कुरकुरा होने तक तल लें. जब कचौड़ियां अच्छी तरह फ्राई हो जाएं, तो इन्हें टिश्यू पेपर पर निकाल लें, ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए. तैयार गरमा-गरम ब्रेड राजस्थानी प्याज कचौड़ी को तली हुई हरी मिर्च, खट्टी-मीठी इमली की चटनी या हरी धनिया की चटनी के साथ परोसें. शाम की चाय के साथ इसका स्वाद और भी बढ़ जाएगा.

                                                                                                                                                             प्रस्तुति: प्रिया कुमारी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Lifestyle News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com