विज्ञापन

आंवला मुखवास कैसे बनाएं? जानें रेसिपी और खाने का सही समय

आंवला को सेहत का खजाना कहा जाता है. अगर आप इसे डाइट में शामिल करना चाहते हैं, तो एक जरूर बनाएं आंवला मुखवास.

आंवला मुखवास कैसे बनाएं? जानें रेसिपी और खाने का सही समय
आंवला मुखवास कैसे बनाएं.
NDTV

सर्दियां आते ही बाजार में हरे-हरे आंवले दिखने लगते हैं. कोई आंवले का मुरब्बा बनाता है, कोई अचार, तो कोई जूस. लेकिन आंवले का सबसे मजेदार और आसान तरीका है, आंवला मुखवास. ये वो चीज है जिसे आप खाने के बाद भी खा सकते हैं, सफर में भी खा सकते हैं और जब मीठा खाने का मन करे, तब भी खा सकते हैं. सबसे अच्छी बात ये कि बाजार में मिलने वाले मुखवास में रंग और केमिकल होते हैं, लेकिन घर में बने इस मुखवास में नुकसान वाली कोई चीज का इस्तेमाल नहीं किया गया है. इस रेसिपी को हाल ही में इंस्टाग्राम (cookwithparul) पर शेयर किया गया है, तो चलिए जानते हैं इसे बनाने की आसान रेसिपी.

यहां देखें वीडियो- 

कैसे बनाएं आंवले का मुखवास-

सामग्री-

  • आंवला- 500 ग्राम
  • चुकंदर- 1 छोटा 
  • अदरक- 1 चम्मच 
  • सौंफ-1 चम्मच
  • जीरा-1 चम्मच
  • काली मिर्च- आधा चम्मच
  • हींग-2 चुटकी
  • चाट मसाला- 1 चम्मच
  • काला नमक- आधा चम्मच
  • सादा नमक- आधा चम्मच
  • मिश्री पाउडर- 1 चम्मच
  • भुने हुए तिल- 1 चम्मच-

विधि-

  1. सबसे पहले आंवले को अच्छे से धो लें. फिर उन्हें कद्दूकस कर लें. गुठली निकाल दें. 
  2. अब चुकंदर को भी छीलकर कद्दूकस कर लें. दोनों को एक बड़े बर्तन में मिला लें.
  3. अब इसमें कद्दूकस किया हुआ अदरक डालें. अब एक छोटी कढ़ाई में सौंफ, जीरा और काली मिर्च को हल्का सा भून लें. 
  4. जब खुशबू आने लगे, तो गैस बंद कर दें और इसे दरदरा पीस लें. 
  5. अब इस मसाले को आंवले वाले मिश्रण में डालें. ऊपर से हींग, चाट मसाला, काला नमक, सादा नमक और मिश्री पाउडर डालकर अच्छे से मिला लें.
  6. अब इस मिश्रण को धूप में 2-3 दिन तक सुखाएं. किसी साफ कपड़े या थाली में पतला फैलाकर रखें. 
  7. दिन में एक-दो बार हाथ से उलट-पलट कर दें, ताकि ये अच्छे से सूख जाए. 
  8. जब ये पूरी तरह सूख जाए और हाथ में लेने पर चिपके नहीं, तो समझिए मुखवास तैयार है. 
  9. आखिर में ऊपर से भुने हुए तिल मिला दें. आंवला मुखवास बनकर तैयार है.

आंवला मुखवास खाने का सही समय क्या है? 

आंवला मुखवास खाने के बाद ही खाना सबसे अच्छा है. दोपहर और रात के खाने के बाद एक छोटा चम्मच मुखवास खा लें. इससे खाना जल्दी पच जाएगा, मुंह की बदबू भी चली जाएगी और पेट भी हल्का लगेगा. अगर आपको सुबह कब्ज रहती है, तो सुबह खाली पेट गुनगुने पानी के साथ एक चम्मच मुखवास खा सकते हैं.

कैसे करें आंवले के मुखवास को स्टोर- 

मुखवास को हमेशा कांच के डिब्बे में रखें. प्लास्टिक के डिब्बे में रखने से इसकी खुशबू चली जाती है. डिब्बा पूरी तरह सूखा होना चाहिए, अगर जरा सी भी नमी रह गई, तो मुखवास खराब हो जाएगा. 

ये भी पढ़ें- सर्दियों में गाजर-गोभी-शलगम का अचार कैसे बनाएं? नोट करें आसान रेसिपी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Amla Mukhwas, Amla Mukhwas Recipe, Amla Mukhwas Recipe In Hindi, Amla Mukhwas | Organic Mukhwas | After Meal Digestive
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com