विज्ञापन

तुलसी के पौधे को कितनी देर धूप में रखना चाहिए? गार्डनिंग एक्सपर्ट ने बताया तुलसी के पौधे को सूखने से कैसे बचाएं

गार्डनिंग एक्सपर्ट बिनय भारती ने तुलसी के पौधे से जुड़े कुछ सवालों के जवाब दिए हैं, साथ ही तुलसी की देखभाल करने का सही तरीका बताया है. आइए जानते हैं इसके बारे में-

तुलसी के पौधे को कितनी देर धूप में रखना चाहिए? गार्डनिंग एक्सपर्ट ने बताया तुलसी के पौधे को सूखने से कैसे बचाएं
तुलसी के पौधे को कितनी देर धूप में रखना चाहिए?
(Photo Credit: NDTV)

तुलसी का पौधा लगभग हर भारतीय घर में होता है. हिंदू धर्म में इसकी पूजा की जाती है, वहीं तुलसी के पौधे को सेहत के लिए भी अच्छा माना जाता है. ऐसे में कुछ लोग सेहत के लिहाज से इस पौधे को अपने घरों में लगा लेते हैं. लेकिव कई लोगों की शिकायत होती है उनका तुलसी का पौधा बढ़ता नहीं है, हर बार पौधा मुरझा जाता है या पौधे की पत्तियां जल्दी झड़ जाती हैं. वहीं, कई लोगों के मन में तुलसी के पौधे की देखभाल को लेकर भी कई तरह के सवाल होते हैं. अगर आपके मन में भी इस तरह के सवाल हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. गार्डनिंग एक्सपर्ट बिनय भारती ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने तुलसी के पौधे से जुड़े ऐसे ही कुछ सवालों के जवाब दिए हैं, साथ ही तुलसी की देखभाल करने का सही तरीका बताया है. आइए जानते हैं इसके बारे में- 

तुलसी के पौधे को कितनी देर धूप में रखना चाहिए?

गार्डनिंग एक्सपर्ट कहते हैं, कई लोगों के मन में सवाल होते है कि तुलसी को कितनी धूप चाहिए या इस पौधे को कितनी देर धूप में रखना जरूरी है? ऐसे में बता दें कि इस पौधे को अच्छी ग्रोथ के लिए धूप भी अच्छी ही चाहिए. तुलसी के पौधे को अच्छी तरह बढ़ने के लिए रोजाना 4 से 6 घंटे की सीधी धूप की जरूरत होती है. इसलिए इसे ऐसी जगह रखें, जहां पौधे को सुबह की हल्की धूप आसानी से मिल सके. आप तुलसी का पौधा बालकनी, छत या खिड़की के पास रख सकते हैं. लेकिन आपको इसे दोपहर की तेज धूप में नहीं रखना है. खासकर गर्मी के मौसम में दोपहर के समय पौधे को किसी छायदार जगह पर रख दें. तेज धूप में रखने से पौधे की पत्तियां झुलस भी सकती हैं. 

तुलसी के पौधे में पानी कब डालना चाहिए?

बिनय भारती के मुताबिक, तुलसी का पौधा ज्यादातर इसलिए सूखता है क्योंकि लोग इसमें जरूरत से ज्यादा पानी डाल देते हैं. इस पौधे को रोज पानी देने की जरूरत नहीं होती है. ज्यादा पानी डालने से इस पौधे की जड़ें गलने लगती हैं. इसलिए तुलसी में पानी केवल तब ही डालें, जब पौधे के ऊपर से मिट्टी पूरी तरह सूखी हुई लगे.  

तुलसी के पौधे को घना कैसे करें?

गार्डनिंग एक्सपर्ट बताते हैं अगर आपका तुलसी का पौधा बढ़ नहीं रहा है, या पौधा पतला सा दिखता है, तो इसे घना बनाने के लिए समय-समय पर प्रूनिंग करते रहें. खासकर तुलसी के पौधे से मंजरी को तोड़कर अलग कर दें. अगर आप तुलसी से मंजरी नहीं तोड़ेंगे तो पौधा अपनी सारी एनर्जी फिर बीज बनाने में ही लगाने लगेगा. इससे पौधे की ग्रोथ रुक जाएगी. इसलिए जैसे ही पौधे पर मंजरी आए, उसे तोड़ दें. 

इसके अलावा पौधे की अच्छी ग्रोथ के लिए आप इसमें थोड़ी मात्रा में वर्मी कंपोस्ट या एप्सम सॉल्ट भी डाल सकते हैं. इनसे पौधे को पोषण मिलता है और फिर उसकी ग्रोथ अच्छी होती है. 

इस तरह कुछ छोटी-छोटी बातों को ध्यान में रखकर आप अपने तुलसी के पौधे को हरा-भरा रख सकते हैं. साथ ही अपने तुलसी के पौधे की ग्रोथ को बढ़ा सकते हैं. 

यह भी पढ़ें- 70 रुपये में बनाएं लिप ग्लॉस! ब्यूटी एक्सपर्ट ने बताया घर पर बिना केमिकल वाली Lip Gloss बनाने का तरीका

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gardening Tips, Lifestyle News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com