विज्ञापन

सिर्फ 10 मिनट में बन जाएंगी प्याज की ये 3 टेस्टी सब्जियां, शेफ पंकज भदौरिया ने शेयर किए झटपट बनाने के तरीके

अगर आप भी गर्मी से परेशान हैं और किचन में घंटो नहीं बिताना चाहते हैं तो प्याज की ये 3 रेसिपी आपके काम आ सकती हैं. शेफ पंकज भदौरिया ने ये रेसिपी शेयर की है.

सिर्फ 10 मिनट में बन जाएंगी प्याज की ये 3 टेस्टी सब्जियां, शेफ पंकज भदौरिया ने शेयर किए झटपट बनाने के तरीके
10 मिनट में बनकर तैयार होंगी 3 सब्जियां, नोट करें रेसिपी. ( Image NDTV)

गर्मी ने सभी का हाल बेहाल कर रखा है. इतनी गर्मी में कहाँ कुछ भारी बनाने का मन करता है. वहीं किचन में गर्मी और ज्यादा बढ़ जाती है. ऐसे में इन रियल प्रॉबलम्स का रियल सॉल्यूशन आज हमारे पास है. आज हम आपको 10 मिनट में बनकर तैयार होने वाली सब्जियों की रेसिपी बताएंगे. जो झटपट बनकर तैयार हो जाएगी और इसके साथ ही ये सारी सब्जियां बहुत टेस्टी भी हैं. 

10 मिनट में बनकर तैयार होने वाली इन सब्जियों की रेसिपी शेफ पंकज भदौरिया ने शेयर की है. इन रेसिपी को बताने के लिए आपको सिर्फ जरूरत है प्याज की. 

ये तीनों सब्जियाँ बनेगी केवल 10 मिनट में और ये सब्जियाँ हैं. एक दही प्याज की सब्जी है जो टैंगी कूलिंग और समर्स के लिए बिल्कुल परफेक्ट है. दूसरी है रिच मलाई प्याज की सब्जी बिल्कुल रेस्टोरेंट जैसी और तीसरी बेसन प्याज की सब्जी. लेकिन शेफ पंकज भदौरिया के अलग ट्विस्ट के साथ. तो चलिए जानते हैं ये आसान रेसिपी.

दही प्याज की सब्जी

सामग्री

  • 4 बड़े प्याज
  • 1 कप दही
  • 1 टेबल स्पून अदरक 
  • 1 टेबल स्पून हरी मिर्च बारीक कटी हुई
  • 3 टेबल स्पून तेल
  • ½ टी स्पून जीरा
  • 1 टेबल स्पून कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर
  • ½ टेबल स्पून हल्दी पाउडर
  • नमक स्वादानुसार
  • हरा धनिया

रेसिपी

प्याज को पतला-पतला काट लें. पैन में तेल को गर्म करें, अब इसमें जीरा डालें. जब जीरा तड़कने लगे तो उसमें कटी हुई प्याज डालकर तेज आंच पर 3-4 मिनट के लिए फ्राई करें. अब इसमें नमक डालकर आंच को धीमा कर दें. इसको फ्राई करें जब तक ये हल्का गोल्डन ना हो जाए. अब इसमें लाल मिर्च पाउडर और हल्दी पाउडर डालकर अच्छे से मिक्स करें. अब गैस को बंद कर दें अब इसमें फिटा हुआ दही डालें और लगातार चलाते रहें. अब गैस को ऑन करें और धीमी आंच पर 1-2 मिनट इसे पकाएं और ऊपर से बारीक कटी हुई धनिया डालें. आपकी सब्जी बनकर तैयार है.

मलाई-प्याज की सब्जी 

सामग्री

  • 250g बेबी प्याज
  • 1 कप मलाई
  • 3 टेबल स्पून तेल
  • 1 टीस्पून बारीक कटा अदरक
  • 1 टीस्पून बारीक कटी हरी मिर्च
  • 1 टीस्पून कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर
  • ½ टीस्पून हल्दी पाउडर
  • नमक स्वादानुसार
  • 1 टीस्पून अमचूर पाउडर
  • हरी धनिया

रेसिपी

प्याज को छील लीजिए और इस प्याज में क्रॉस कट्स लगा लें लगभग आधी प्याज. अब कढ़ाई में तेल डालें. गर्म होने पर प्याज को 3-4 मिनट के लिए हाई फ्लेम पर पका लेंगे. इसके बाद इसमें हरी मिर्च और अदरक डालेंगे. इसके बाद इसमें नमक डालकर मिक्स करेंगे. इसके बाद हल्दी, कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर डालकर कुछ सेंकेंड के लिए इनको भून लीजिए. इसके बाद इसमें थोड़ा सा पानी डालकर इसको पकने के लिए रख दें. कुछ मिनट के लिए पकने दें जब तक तेल ऊपर ना आ जाए. 

अब इसमें मलाई डालकर अच्छे से मिक्स कर के 1-2 मिनट के लिए पका लेंगे. जब सब्जी पक जाए तो इसमें अमचूर पाउडर और हरा धनिया डालकर मिक्स करें. आपकी मलाई प्याज की सब्जी बनकर तैयार है. 

बेसन प्याज की सब्जी 

सामग्री 

  • 4 बड़े प्याज
  • 1 टीस्पून बारीक कटा अदरक
  • 1 टीस्पून बारीक कटी हरी मिर्च
  • 3 चम्मच तेल
  • ½ टीस्पून जीरा
  • ½ टीस्पून सौंफ
  • 1 टीस्पून खड़ा धनिया coriander seeds
  • 1 टीस्पून कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर
  • ½ टीस्पून हल्दी पाउडर
  • 1 टीस्पून अमचूर
  • नमक स्वादानुसार 
  • 1 कप बेसन
  • 1 टीस्पून कसूरी मेथी
  • 1 टीस्पून गरम मसाला पाउडर
  • हरा धनिया 

रेसिपी

प्याज को छीलकर मोटा-मोटा काट लें. अब एक पैन में तेल गर्म करें. उसमें जीरा, सौंफ, खड़ा धनिया डालकर मिक्स करें. अब इसमें बारीक कटा अदरक और हरी मिर्च डालें और साथ में प्याज डालकर मिक्स कर दें. 

जब तक ये प्याज अच्छे से पकता है, तब तक एक कप बेसन एक बड़े से बोल में लेना है. अब इस बेसन में थोड़ा नमक, कश्मीरी रेड चिली पाउडर और तेल डालकर मिक्स कर लीजिए. अब इस बेसन में पानी का एक छीटा देंगे. इसका टेक्सचर एकदम ब्रेड क्रम्ब्स के जैसा लगने लगेगा. प्याज के गोल्डन होने पर इसमें बेसन मिलाएं. अब धीमी आंच में बस केवल 3 से 4 मिनट के लिए आप इसे पका लीजिए. जब तक की बेसन जो है पक नहीं जाता आपको हल्की सी बेसन के भुनने की खुशबू नहीं आ जाती. अब इसमें थोड़ा सा नमक, थोड़ा लाल मिर्च पाउडर, थोड़ा अमचूर और फाइनल कसूरी मेथी के साथ इसको फिनिश करेंगे. अब इसमें हरा धनिया और गरम मसाला डालकर सभी चीजों को मिक्स करें. आपकी बेसन प्याज की सब्जी भी बनकर तैयार है.

ये भी पढ़ें: लोई और फिलिंग के झंझट को कहें बाय-बाय, इस तरीके से घर पर बनाएं सॉफ्ट मोमोज

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pyaaz Ki Sabji, Quick Recipe, Food
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com