Pethe Ka Murabba Recipe: गर्मियों में अगर आपका कुछ मीठा ठंडा और हल्का खाने का मन है तो पेठे का मुरब्बा एक बढ़िया ऑप्शन हो सकता है. पुराने समय से घरों में बनने वाला यह पारंपरिक मुरब्बा स्वाद के साथ शरीर को ठंडक देने वाला भी माना जाता है. सफेद पेठा, चीनी और कुछ आसान चीजों से बनने वाली यह रेसिपी लंबे समय तक स्टोर भी की जा सकती है. अगर आप घर पर ही बाजार जैसा चमकदार और स्वादिष्ट पेठे का मुरब्बा बनाना चाहते हैं, तो यह आसान रेसिपी आपके काम आएगी.
पेटे का मुरब्बा बनाने के लिए सामग्री-
- 1 किलो सफेद पेठा (सफेद कद्दू)
- 700 ग्राम चीनी
- 1 छोटा चम्मच चूना
- 4 कप पानी
- 1 छोटा चम्मच इलायची पाउडर
- कुछ केसर के धागे
- 1 बड़ा चम्मच गुलाब जल

यह भी पढ़ें- कहीं आपके इंडोर प्लांट्स भी तो नहीं बन रहे मच्छरों का घर? मच्छरों को पनपने से कैसे रोकें?
सबसे पहले ऐसे तैयार करें पेठा
पेठे को धोकर उसका मोटा छिलका हटा लें. अब इसे बड़े टुकड़ों में काटें और बीच का नरम हिस्सा निकाल दें. कांटे या टूथपिक की मदद से टुकड़ों में छोटे-छोटे छेद कर दें ताकि चाशनी अंदर तक जा सके.
अब एक बड़े बर्तन में पानी लें और उसमें चूना मिलाकर पेठे के टुकड़ों को 5 से 6 घंटे भिगो दें. इससे मुरब्बा कुरकुरा बनता है. बाद में टुकड़ों को साफ पानी से 3 से 4 बार अच्छी तरह धो लें.
ऐसे पकाएं पेठा
एक बड़े पतीले में पानी गर्म करें और उसमें पेठे के टुकड़े डालकर 8 से 10 मिनट तक उबाल लें. जब टुकड़े हल्के पारदर्शी दिखने लगें तो गैस बंद कर दें और पानी छान लें.
चाशनी बनाकर तैयार करें मुरब्बा
अब एक पैन में चीनी और 4 कप पानी डालकर चाशनी तैयार करें. जब चीनी पूरी तरह घुल जाए तो उसमें उबले हुए पेठे के टुकड़े डाल दें. इसे मध्यम आंच पर तब तक पकाएं जब तक टुकड़े चमकदार और पारदर्शी न दिखने लगें.
अब इसमें इलायची पाउडर, केसर और गुलाब जल डालें. गैस बंद करें और मुरब्बे को पूरी तरह ठंडा होने दें.
स्टोर करने का सही तरीका
ठंडा होने के बाद पेठे का मुरब्बा कांच के साफ और सूखे जार में भरकर रखें. इसे फ्रिज में रखने पर कई दिनों तक आसानी से इस्तेमाल किया जा सकता है.
पेठे का मुरब्बा खाने के फायदे
पेठा शरीर को ठंडक देने में मदद करता है. गर्मियों में इसे सीमित मात्रा में खाने से ताजगी महसूस हो सकती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं