बदलते मौसम में खुद को सेहतमंद रखना एक बड़ी चुनौती है. क्योंकि इस बदलते मौसम में खान-पान का तरीका बदलना भी बहुत जरूरी हो जाता है. अक्टूबर का महीना ऐसा होता है जब न ज्यादा गर्मी होती है और न ही बहुत ज्यादा ठंड. इस सुहाने मौसम में सर्दी-जुकाम, वायरल इन्फेक्शन और थकान जैसी छोटी-मोटी परेशानियां बहुत आम हो जाती हैं. ऐसे में यूनानी चिकित्सा के वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉ. सैयद अहमद खान का कहना है कि अगर हम अपनी डाइट में इस महीने के हिसाब से सही फल शामिल कर लें, तो हम पूरे सीजन एनर्जेटिक और फिट रह सकते हैं. आइए जानते हैं कि डॉ. सैयद अहमद खान के मुताबिक अक्टूबर के महीने में हमें कौन-कौन से फल खाने चाहिए और कौन से नहीं.
अक्टूबर में कौन से फल खाएं-
1. अनार-
अक्टूबर के दिनों में बाजार में बढ़िया अनार मिलने लगते हैं. डॉ. सैयद अहमद खान बताते हैं कि अनार में एंटीऑक्सीडेंट्स और विटामिंस होते हैं. अगर आप रोज एक अनार खाते हैं, तो इससे आपका पेट भी ठीक रहता है और चेहरे पर नेचुरल ग्लोइंग बनी रहती है.

2. पपीता-
पपीता एक ऐसा फल है जो पेट के लिए वरदान माना जाता है. इसमें पपेन नाम का एंजाइम होता है जो खाने को आसानी से पचा देता है. यूनानी एक्सपर्ट के अनुसार, सुबह के समय पका हुआ पपीता खाने से कब्ज की समस्या दूर होती है और शरीर की गंदगी बाहर निकल जाती है.
3. अमरूद-
अक्टूबर आते ही मीठे और कच्चे अमरूद बाजार में आने लगते हैं. इम्यूनिटी को मजबूत बनाने के लिए अमरूद से बेहतर कुछ नहीं है. इसमें संतरे से भी ज्यादा विटामिन-सी पाया जाता है. डॉ. खान का मानना है कि इस मौसम में होने वाली सर्दी-खांसी और गले की खराश से बचने के लिए अमरूद का सेवन बहुत फायदेमंद हो सकता है. हालांकि, इसे हमेशा दोपहर में खाना चाहिए.
4. सेब-
अक्टूबर के मौसम में सेब खाना हमारे दिल और दिमाग दोनों के लिए बहुत अच्छा होता है. इसमें मौजूद फाइबर्स कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल रखते हैं और कमजोरी दूर करते हैं. यूनानी चिकित्सा में सेब को एक ताकतवर टॉनिक माना गया है जो शरीर को अंदर से मजबूत बनाता है.
5. नाशपाती-
नाशपाती भी इस सीजन का एक बहुत ही शानदार फल है. यह खाने में हल्की और पचने में बहुत आसान होती है. डॉ. सैयद अहमद खान के मुताबिक, नाशपाती शरीर की गर्मी को शांत करती है और डिहाइड्रेशन से बचाती है.
अक्टूबर में कौन से फल नहीं खाना चहिए-
- अंगूर- मानसून के जाने और ठंड के आने के बीच के इस दौर में अंगूर अक्सर बहुत खट्टे या जल्दी सड़ने वाले आते हैं. नमी के कारण इनमें फंगस लग सकती है, इसलिए इस महीने इसे खाने से बचना चाहिए.
- कटे हुए और लंबे समय से खुले फल- इनमें बैक्टीरिया पनप सकते हैं. इसलिए इनको खाने से बचें.
- गंदे या बिना धोए फल- बहुत से लोग फलों को मार्केट से लाकर सिर्फ पोछ कर खा लेते हैं. लेकिन ऐसा बिल्कुल न करें इन्हें अच्छे से धोकर ही खाएं.
- तरबूज और खरबूजा- इनमें पानी बहुत ज्यादा होता है और नमी के कारण इनमें बैक्टीरिया जल्दी आते हैं, जिससे फूड पॉइजनिंग या पेट खराब होने का खतरा रहता है.
एक्सपर्ट के बारे में: डॉ. सैयद अहमद खान यूनानी चिकित्सा के वरिष्ठ विशेषज्ञ हैं. वे नई दिल्ली स्थित सफदरजंग अस्पताल के यूनानी मेडिकल सेंटर में पूर्व डिप्टी डायरेक्टर एवं हेड रह चुके हैं. वर्तमान में वे दरीयागंज स्थित सदर यूनानी क्लिनिक में प्रैक्टिस करते हैं और श्वसन रोगों, पाचन संबंधी समस्याओं तथा लाइफस्टाइल डिजीज के यूनानी उपचार में विशेष अनुभव रखते हैं.
ये भी पढ़ें- सेहत का पावरहाउस है स्प्राउट्स इडली, बच्चों से लेकर बड़ों तक सबको आएगी पसंद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं