नवरात्रि का पावन पर्व चल रहा है ऐसे में बहुत से लोग माता की भक्ति के लिए व्रत-उपवास का पालन करते हैं. कुछ लोग व्रत में खाली पेट चाय पी लेते हैं. लेकिन ऐसा नहीं करना चाहिए. क्योंकि खाली पेट व्रत में चाय का सेवन करने से सेहत को नुकसान पहुंच सकता है. अगर आप भी व्रत में चाय के साथ कुछ ऐसा खाना चाहते हैं, जो स्वाद और सेहत से भरपूर और बिना वजन बढ़ने के टेंशन के खा सकें, तो बिल्कुल सही जगह पर हैं.
हाल ही में न्यूट्रिशनिस्ट दीप्ति अग्रवाल ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक ऐसी ही रेसिपी शेयर की है जिसे आप बहुत ही कम समय में बना सकते हैं. तो चलिए बिना जानते हैं व्रत में खाई जाने वाली नमकीन की रेसिपी.
कैसे बनाएं बिना तेल-घी वाली नमकीन-
सामग्री-
- मखाना - 2 कप
- बादाम - 1/4 कप
- मूंगफली - 1/2 कप
- कद्दू के बीज - 2 चम्मच
- सूरजमुखी के बीज - 2 चम्मच
- उबला या कच्चा आलू - 1 छोटा आलू
- करी पत्ता और 1-2 कटी हुई हरी मिर्च
चटपटा मसाला के लिए-
- सेंधा नमक - आधा छोटा चम्मच
- काली मिर्च पाउडर - आधा छोटा चम्मच
- भुना जीरा पाउडर - आधा छोटा चम्मच
- अमचूर पाउडर - आधा छोटा चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर - आधा छोटा चम्मच
विधि-
- सबसे पहले एक कड़ाही लें और उसमें 2 कप मखाने डालकर धीमी आंच पर 6 से 8 मिनट तक लगातार चलाते हुए भूनें. जब मखाने अच्छे से कुरकुरे हो जाएं, तो उन्हें एक अलग बर्तन में निकाल कर रख लें.
- अब उसी कड़ाही में बादाम और मूंगफली डालकर 4 से 5 मिनट तक भूनें. जब ये हल्के क्रंची होने लगें, तो आखिर के 1 मिनट में कद्दू और सूरजमुखी के बीज भी मिला दें ताकि वे भी थोड़े रोस्ट हो जाएं.
- अगर आपने कद्दूकस किया हुआ आलू लिया है, तो उसे पहले पानी से अच्छे से धो लें. फिर किसी सूती कपड़े या पेपर टॉवल पर फैलाकर उसका सारा पानी पूरी तरह सुखा लें. अब इसे धीमी आंच पर पैन में तब तक सूखा भूनें जब तक ये एकदम क्रिस्पी न हो जाए.
- लास्ट में, इसी मिश्रण में कुछ करी पत्ते और कटी हुई हरी मिर्च डालकर 1 मिनट के लिए भून लें ताकि इनका बढ़िया सा फ्लेवर आ जाए.
- अब भुने हुए मखाने, ड्राई फ्रूट्स, सीड्स और आलू के लच्छों को एक बड़े बर्तन में मिलाएं. ऊपर से तैयार किया हुआ चटपटा मसाला छिड़कें और हल्के हाथ से सब कुछ अच्छे से मिक्स कर लें.
- आपकी नमकीन तैयार है, जब यह पूरी तरह ठंडी हो जाए, तो इसे किसी एयरटाइट डिब्बे में भरकर रख लें ताकि कई दिनों तक इसकी क्रंच बनी रहे.
कैसे खाएं और कैलोरी की कितनी है टेंशन?
शाम की चाय के साथ इस नमकीन की आधी मुट्ठी करीब 30 ग्राम खाना एकदम परफेक्ट रहता है. इतनी मात्रा में आपको लगभग 140 कैलोरी और 4 से 5 ग्राम प्रोटीन मिल जाता है, जो आपको व्रत के दौरान एनर्जेटिक बनाए रखने के लिए काफी है.
ये भी पढ़ें- साबूदाने को दें नया ट्विस्ट और व्रत के लिए बनाएं एवोकाडो कोकोनट सागो ड्रिंक, स्वाद के साथ सेहत भी रहेगी दुरुस्त
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं