नवरात्रि के तीसरे दिन (Navratri 3rd Day) मां दुर्गा के चंद्रघंटा (Maa Chandraghanta) स्वरूप की पूजा का विधान है. मां आदिशक्ति को प्रसन्न करने के लिए उनके भक्त व्रत, पूजा और तरह-तरह के अनुष्ठान करते हैं. मां चंद्रघंटा सिंह की सवारी करती हैं. दस भुजाओं वाली चंद्रघंटा स्वरूप में देवी एक तरफ कमल और कमंडल तो दूसरी ओर शत्रुओं के नाश के लिए त्रिशूल, गदा और खड्ग जैसे अस्त्र भी धारण करती हैं. मान्यताओं के अनुसार नवरात्रि के तीसरे दिन मां चंद्रघंटा को दूध, खीर, मखाना खीर, रबड़ी और अन्य दूध से बनी चीजों का भोग लगाया जाता है.
मां चंद्रघंटा को किन चीजों का लगा सकते हैं भोग-
- मखाना खीर
- साबूदाना खीर
- दूध-पाक
- मखाने की मिठाई
- पनीर से बनी फलाहारी मिठाई
- नारियल और मावा लड्डू

कैसे बनाएं नारियल और मावा के लड्डू-
सामग्री-
- 1 कप सूखा नारियल
- 1 कप मावा
- ½ कप पिसी चीनी
- ¼ छोटा चम्मच इलायची पाउडर
- 1 बड़ा चम्मच कटे हुए बादाम
- 1 बड़ा चम्मच कटे हुए पिस्ता
- 1 छोटा चम्मच घी
विधि-
- सबसे पहले एक पैन में घी गर्म करें और मावा डालकर 3-4 मिनट तक हल्का भून लें.
- अब इसमें कद्दूकस किया हुआ नारियल डालें और 2-3 मिनट तक चलाते हुए भूनें.
- गैस बंद कर दें और मिश्रण को थोड़ा ठंडा होने दें.
- अब इसमें पिसी चीनी, इलायची पाउडर और आधे ड्राई फ्रूट्स मिलाएं.
- मिश्रण को अच्छी तरह मिलाकर छोटे-छोटे लड्डू बना लें.
- ऊपर से बचे हुए बादाम-पिस्ता लगाकर गार्निश करें.
- तैयार लड्डुओं को 15-20 मिनट के लिए सेट होने दें और फिर मां चंद्रघंटा को भोग लगाएं.
खास टिप-
अगर लड्डू बांधने में दिक्कत हो रही हो तो 1-2 चम्मच गर्म दूध मिला सकते हैं.
ज्यादा रिच स्वाद के लिए केसर के कुछ धागे भी मिला सकते हैं. व्रत के लिए रिफाइंड चीनी की जगह मिश्री पाउडर का इस्तेमाल भी किया जा सकता है.
ये भी पढ़ें- आज क्या बनाऊं: ट्राई करें फलाहारी उपमा, स्वाद के साथ सेहत से भी है भरपूर, नोट करें रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं