विज्ञापन

मूली के पत्तों की भुर्जी कैसे बनाएं? जानें गांव जैसी स्वादिष्ट भुर्जी बनाने का सही तरीका

मूली के पत्तों की भुर्जी सिंपल से दाल-चावल का भी स्वाद बढ़ा देती है. इसे बनाना बहुत ही आसान है. यहां जानते हैं मूली के पत्तों की भुर्जी बनाने का सही तरीका क्या है?

मूली के पत्तों की भुर्जी कैसे बनाएं? जानें गांव जैसी स्वादिष्ट भुर्जी बनाने का सही तरीका
Mooli ke patto ki Bhujiya : मूली के पत्तों की भूजिया

सर्दियों का मौसम आते ही बाजार में ताजी मूली की भरमार दिखाई देने लगती है. आमतौर पर लोग मूली का इस्तेमाल सलाद, पराठे या सब्जी बनाने में करते हैं, लेकिन उसके हरे-भरे पत्तों को अक्सर बेकार समझकर फेंक देते हैं. लेकिन सच ये है कि मूली के पत्ते पोषक तत्वों का खजाना होते हैं. इनमें विटामिन, मिनरल्स, फोलिक एसिड और फाइबर भरपूर मात्रा में पाया जाता है. गांवों मुख्य रूप से पहाड़ों में आज भी इन पत्तों से बनने वाली भुर्जी या साग बड़े चाव से खाया जाता है. इसका स्वाद इतना लाजवाब होता है कि एक बार खाने के बाद आप कभी भी मूली के पत्ते फेंकने की गलती नहीं करेंगे. अगर आप भी घर पर देसी अंदाज में मूली के पत्तों की भुर्जी बनाना चाहते हैं, तो ये आसान रेसिपी जरूर ट्राई करें. इस रेसिपी को यूट्यूब Cook With Rupam Sehtya नाम के चैनल पर शेयर की गई है. यहां जानते हैं रेसिपी-

वीडियो में देखें रेसिपी...

मूली के पत्तों की भुर्जी कैसे बनाएं?

आवश्यक सामग्री

मूली - 1 मध्यम आकार
मूली के पत्ते - 3 से 4 कप बारीक कटी हुई
हरी - 2  मिर्च बारीक कटी हुई
लहसुन की कलियां - 5-6 
जीरा - 1 चम्मच 
अजवाइन - आधा चम्मच 
हींग - एक चौथाई चम्मच 
हल्दी - एक चौथाई चम्मच 
अमचूर पाउडर - आधा चम्मच
नमक - स्वादानुसार
सरसों का तेल - 2 बड़े चम्मच 

बनाने की विधि

सबसे पहले मूली को अच्छी तरह धोकर छोटे-मध्यम आकार के टुकड़ों में काट लें. इसके बाद मूली के पत्तों को साफ पानी से धो लें और उनकी मोटी डंडियों को अलग कर दें. अब पत्तों को बारीक काटकर तैयार कर लें.

एक कड़ाही में सरसों का तेल गर्म करें. तेल गर्म होने पर उसमें हींग, जीरा और अजवाइन डालें. जब मसालों की खुशबू आने लगे तो बारीक कटा हुआ लहसुन और हरी मिर्च डालकर हल्का सुनहरा होने तक भून लें.

अब कटी हुई मूली डालें और साथ में नमक तथा हल्दी मिलाएं. सभी चीजों को अच्छी तरह चलाकर ढक दें और मध्यम आंच पर 5 से 7 मिनट तक पकाएं. जब मूली आधी गल जाए, तब उसमें कटे हुए मूली के पत्ते डाल दें. पत्तों को तुरंत ज्यादा न चलाएं, कुछ मिनट बाद वे खुद ही बैठने लगेंगे.

अब फिर से ढककर 10 से 12 मिनट तक पकाएं. बीच-बीच में चलाते रहें. जब मूली पूरी तरह नरम हो जाए और पत्ते अच्छी तरह पक जाएं, तब आखिर में अमचूर पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला दें. लीजिये भूजिया बनकर तैयार है.

ये भी पढ़ें - पालक-आलू से बनाएं ऐसा पराठा, जिससे पेट भरे पर मन बोले- और खा ले

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Radish Leaves, Radish Leaves Benefists, Mooli Ke Patte, Food, Lifestyle
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com