मौसम रिमझिम बारिश का हो और पेट में अचानक चूहे कूदना शुरू कर दें, तो चाय के साथ बनाएं स्वादिष्ट क्रिस्पी गरमा-गरम स्नैक्स. अब आप सोच रहे होंगे कि इतना समय कहां कि आप स्वादिष्ट स्नैक्स बना सकें, तो परेशान न हों, हम आपके लिए ऐसी लिस्ट लेकर आएं हैं, जिन्हें आप सिर्फ 15 मिनट में तैयार कर सकते हैं. जी हां आपने बिल्कुल सही सुना. तो चलिए बिना किसी देरी के रेसिपी पर चलते हैं.
झटपट बनाएं ये 5 स्वादिष्ट स्नैक्स- (5 Quick monsoon snacks)
1. प्याज के पकौड़े- (Pyaz Ke Pakode)
बारिश के मौसम में गर्मागम चाय और प्याज के पकौड़े खाने का मजा ही कुछ और होता है.
कैसे बनाएं- बारीक कटे प्याज में थोड़ा बेसन, हरी मिर्च, कटा हुआ हरा धनिया, अजवाइन, नमक और लाल मिर्च मिलाएं. पानी बहुत थोड़ा सा डालें ताकि मसाला प्याज पर अच्छे से चिपक जाए. अब गरम तेल में छोटे-छोटे पकौड़े डालें और गोल्डन-ब्राउन होने तक फ्राई करें.
2. क्रिस्पी ब्रेड रोल- (Crispy Bread Roll)
ब्रेड रोल बच्चों से लेकर बड़ों तक का फेवरेट है. बारिश में फैमिली के साथ इंजॉय करने के लिए इससे अच्छा क्या हो सकता है.
कैसे बनाएं- उबले हुए आलू में नमक, मिर्च, चाट मसाला और थोड़ा सा अमचूर मिलाकर स्टफिंग तैयार कर लें. अब ब्रेड के स्लाइस के किनारे काटकर उसे पानी में हल्का सा डुबोएं और हथेलियों से निचोड़ लें. बीच में आलू का मसाला रखकर रोल बनाएं और तेल में डीप फ्राई कर लें.

घर पर ऐसे बनाएं स्वादिष्ट ब्रे़ड रोल. Photo Credit: iStock
3. पनीर कटलेट- (Paneer Cutlet)
अगर आपको कुछ थोड़ा रिच और हेल्दी ट्विस्ट वाला खाना है, तो पनीर कटलेट बेस्ट ऑप्शन है.
कैसे बनाएं- पनीर को कद्दूकस कर लें. इसमें उबला आलू, हरी मिर्च, बारीक कटा प्याज, हरा धनिया और पसंदीदा मसाले मिलाएं. थोड़ा सा कॉर्नफ्लोर डालें ताकि बाइंडिंग अच्छी हो. अब इनकी मनपसंद शेप की टिकिया बनाएं और तेल में फ्राई या शैलो फ्राई करें.
4. चिल्ली गार्लिक आलू बाइट्स- (Chilli Garlic Potato Bites)
लहसुन और लाल मिर्च का कॉम्बिनेशन किसी भी बोरिंग मूड को फ्रेश कर सकता है.
कैसे बनाएं- उबले आलू को मैश करें. इसमें बारीक कटा हुआ ढेर सारा लहसुन, चिली फ्लेक्स, ओरिगैनो, नमक और थोड़ा सा चावल का आटा या कॉर्नफ्लोर मिलाएं. छोटे-छोटे बॉल्स या क्यूब्स बनाएं और तेज आंच पर फ्राई कर लें. ये बाहर से बहुत क्रंची और अंदर से फ्लेवरफुल होते हैं.
5. अनियन रिंग्स- (Onion Rings)
अगर कुछ फैंसी और क्रिस्पी खाने का मन है, तो अनियन रिंग्स से बेस्ट ऑप्शन है.
कैसे बनाएं- प्याज को गोल-गोल मोटे स्लाइस में काटें और उनके रिंग्स अलग कर लें. एक बाउल में मैदा, कॉर्नफ्लोर, नमक और काली मिर्च का गाढ़ा बैटर बनाएं. प्याज के रिंग्स को इस बैटर में डुबोएं, फिर ब्रेडक्रम्ब्स में लपेटकर तेल में फ्राई करें.
ये भी पढ़ें- पेट की गैस से परेशान हैं? दवा नहीं, रोज करें इन 5 चीजों का सेवन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं