सर्दियों का सीजन आते ही घर में तरह-तरह के अनाजों की रोटी बननी शुरू हो जाती है, जिसमें मक्के की रोटी और सरसों का साग सबसे मशहूर है. इस सीजन में अगर मक्के की रोटी खाने के मिल जाए, तो मौसम का मजा ही आ जाता है. लेकिन अक्सर लोग मक्के की रोटी बनाने से कतराते हैं, क्योंकि उनसे रोटी गोल नहीं बनती है और उठाते ही टूट जाती है. अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो समस्या आटे में नहीं बल्कि उसे गूंथने के तरीके में हो सकती है. यहां हम आपको मक्के की रोटी बनाने का आसान सा तरीका बताएंगे. इस तरीके से आपके मक्के की रोटी नहीं टूटेगी. इस स्पेशल रेसिपी को NishaMadhulika यूट्यूब चैनल से ली गई है. यहं जानते हैं घर पर आसान तरीके से मक्के की रोटी कैसे बनाएं?
वीडियो में आप रोटी बनाने का तरीका देख सकते हैं...
गुनगुने पानी से गूंथें आटा
मक्के की रोटी को मुलायम और बिना टूटे बनाने के लिए सबसे पहले दो कप मक्के के आटे में थोड़ा गेहूं का आटा मिलाएं. इसके बाद बारीक कटा हरा धनिया, अजवाइन, नमक और तिल डालकर अच्छी तरह मिक्स करें. अब आटा गूंथते समय हल्के गुनगुने पानी का इस्तेमाल करें. यही सबसे अहम ट्रिक है, जो आटे को बेहतर तरीके से बांधती है और रोटी को टूटने से बचाती है.
आटा गूंथने के बाद जरूर करें ये काम
आटे को गूंथने के बाद 3 से 4 मिनट तक अच्छी तरह मसलें, ताकि वह चिकना हो जाए. इसके बाद आटे को ढककर करीब 10 मिनट के लिए रख दें. इस दौरान आटा अच्छी तरह सेट हो जाता है और रोटी बनाने में आसानी होती है. सेट होने के बाद हाथों पर थोड़ा घी लगाकर आटे को दो मिनट और मसल लें.
रोटी बेलते समय रखें इन बातों का ध्यान
रोटी बनाने के लिए आटे की लोई लें और उसे पहले हाथों की उंगलियों से हल्का-सा फैलाएं. सीधे बेलन लगाने से किनारे फट सकते हैं. इसके बाद सूखे आटे की मदद से बहुत हल्के हाथों से बेलें. मक्के की रोटी को ज्यादा पतला न करें, क्योंकि पतली रोटी जल्दी टूट सकती है. थोड़ी मोटी रोटी ज्यादा अच्छी बनती है और आसानी से तवे पर पक जाती है.
तवे पर डालते समय भी रखना होता है ध्यान
गर्म तवे पर रोटी डालें और एक तरफ से सिकने के बाद पलट दें. दूसरी तरफ हल्के भूरे चित्ते आने पर इसे सीधे गैस की आंच पर सेकें. चिमटे की मदद से दोनों तरफ अच्छी तरह सेंकने पर रोटी का स्वाद और भी बढ़ जाता है.
लीजिए गर्मागर्म मक्के की रोटी तैयार है. अब इसपर घी लगाकर सरसों के साग के साथ अपनी फैमिली और खुद को सर्व करें.
ये भी पढ़ें - मक्के की रोटी बनाते वक्त टूट जाती है? इन 2 सीक्रेट ट्रिक से बनेगी एकदम परफेक्ट रोटी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं