हर रोज ऑफिस या स्कूल लंच बैग ले जाना हमारी आदत का हिस्सा बन चुका है. हम अक्सर खाना खाते हैं, डिब्बे वापस बैग में रखते हैं और ज़िप बंद कर देते हैं, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि बैग के अंदर धीरे-धीरे क्या जमा हो रहा है? चटनी का कोई छोटा सा दाग, दाल की एक बूंद या पराठे की नमी. ये चीजें बाहर से भले न दिखें, लेकिन अंदर ही अंदर बैक्टीरिया और बदबू का घर बना लेती हैं.
कपड़े या गीले टिश्यू से ऊपर-ऊपर पोंछ देने से बैग साफ तो दिखता है पर असल में अंदर से अच्छे से साफ नहीं होता. अगर आप चाहते हैं कि आपके लंच बैग से हमेशा अच्छी खुशबू आए, वह लंबे समय तक चले, तो कुछ आसान लेकिन कारगर तरीकों से इसकी गहरी सफाई करना जरूरी है.
कोनों और सिलाई के बीच छिपी गंदगी
बैग के अंदरूनी कोनों और सिलाई की लकीरों पर हमारी नजर कम ही जाती है. अक्सर खाने के बारीक कण यहीं जाकर फंस जाते हैं. इन्हें निकालने के लिए एक पुराना टूथब्रश लें, उस पर हल्का सा डिटर्जेंट या साबुन का पानी लगाएं और कोनों को धीरे-धीरे रगड़ें. आप देखेंगे कि बिना ज्यादा मेहनत के पुरानी से पुरानी जमी गंदगी भी बाहर निकल आएगी.
जिद्दी बदबू के लिए एंजाइम क्लीनर का इस्तेमाल
अगर कभी दूध, पनीर या कढ़ी बैग में गिर गई हो, तो आम साबुन उसकी महक को पूरी तरह नहीं मिटा पाता. ऐसे मामलों में 'एंजाइम क्लीनर' बहुत काम आते हैं. इससे बदबू हमेशा के लिए गायब हो सकती है. इसे कपड़े पर थोड़ा सा लेकर प्रभावित जगह पर लगाएं और कुछ देर बाद पोंछ लें.
स्टीम से करें जर्म्स का खात्मा
हर लंच बैग को पानी में डुबोकर धोना मुमकिन नहीं होता, खासकर इंसुलेटेड (थर्मल) बैग्स को. इसके लिए भाप एक बेहतरीन तरीका है. कपड़े प्रेस करने वाले स्टीमर का इस्तेमाल करें या फिर उबलते पानी की भाप के ऊपर बैग को उल्टा करके कुछ देर पकड़ें. गरम भाप न केवल जमे हुए दाग-धब्बों को ढीला कर देती है, बल्कि बिना भिगोए कीटाणुओं को भी मार देती है.
इसे भी पढ़ें: फर्श से तेल कैसे साफ करें? आटा मिनटों में दूर करेगा चिपचिपाहट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं