Viral News: दिल्ली से 14000 रुपये खर्च करके हैदराबाद (Hyderabad) इंटरव्यू देने गया युवक 10 मिनट में रिजेक्ट हो गया है. युवक ने इंटरव्यू में रिजेक्ट होने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपना दर्द साझा किया है. उसने बताया कि उसे पूरी तरह से ठगा हुआ महसूस हुआ. युवक ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि जानकारी की कमी के कारण रिजेक्ट नहीं किया गया. बल्कि इंटरव्यू शुरू होने से पहले ही रिजेक्टेड महसूस हुआ. इसके बाद उसकी पोस्ट पर लोगों ने कमेंट्स करके काफी मजे लिए.
इंटरव्यू के लिए की काफी तैयारी
रेडिट (Reddit) पर किए गए पोस्ट में युवक ने बताया कि वह इंडस्ट्रियल फर्मेंटेशन में काम करता है. उसे हैदराबाद की एक बड़ी फॉर्मा कंपनी में फर्मेंटेशन रोल के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया था. इसके बाद उसने उस रोल के लिए काफी तैयारी की और दिल्ली में वर्तमान कंपनी से छुट्टी भी ली. सबसे बड़ी बात, उसने दिल्ली से हैदराबाद जाने के लिए 14000 रुपये का फ्लाइट का टिकट लिया.
युवक ने Reddit पर अपना अनुभव शेयर करते हुए बताया कि जब वह इंटरव्यू के लिए मौके पर पहुंचा तो उसे कुछ अजीब लगा. उसने देखा कि वहां पर उससे पहले और कोई कैंडिडेट नहीं पहुंचा था. लॉजिकली उसे लगा कि उसे ही सबसे पहले इंटरव्यू के लिए बुलाएंगे. पर ऐसा हुआ नहीं.
लोकल कैंडिडेट्स को पहले बुलाया
HR ज़्यादातर तेलुगु में बात करने लगे और तेलुगु बोलने वाले या फिर वहां के लोकल कैंडिडेट्स को पहले बुलाने लगे. दिल्ली से इंटरव्यू देने गए युवक ने बताया कि उससे पहले एक के बाद एक कैंडिडेट्स को अंदर बुलाते गए. जिनमें से कई के 20 से 30 मिनट तक इंटरव्यू चले. सबसे आखिरी में दिल्ली से गए युवक को बुलाया गया. युवक ने कहा कि उसका इंटरव्यू मुश्किल से 10 मिनट चला होगा. उसने HR के सभी सवालों के जवाब भी दिए.

'जरूरी टॉपिक पर चर्चा ही नहीं हुई'
उसने रेडिट पोस्ट में कहा कि कोई डिटेल्ड टेक्निकल चर्चा नहीं हुई. फर्मेंटेशन से जुड़े कोई गहरे सवाल नहीं पूछे गए. मुझे अपनी बात रखने का मौका तक नहीं मिला. इस दौरान युवक ने देखा कि HR में एक ने उसके फॉर्म पर not suitable लिख दिया. उसने कहा कि उसे उसी समय रिजेक्टेड महसूस हुआ, जब लोकल कैंडिडेट्स को काफी समय दिया जा रहा था.
उसने लिखा कि हो सकता है मैं गलत हूं. हो सकता है कि मेरे पास जरूरी एक्सपीरियंस नहीं था. लेकिन अगर मेरी प्रोफ़ाइल suitable नहीं थी तो शॉर्टलिस्ट ही क्यों किया? किसी से पैसे खर्च करवाकर और देश के दूसरे कोने से बुलाकर सिर्फ़ 10 मिनट में रिजेक्ट क्यों किया गया? मैंने कंपनी के HR से यह भी पूछा कि क्या इन हालात में ट्रैवल का खर्च वापस मिल सकता है, तो उन्होंने कहा कि इसके लिए कोई मंज़ूरी नहीं है.
यह भी पढे़ं-
लंदन में पहले ही दिन लुटते-लुटते बचा भारतीय CEO, बोला- 1000 गुना ज्यादा सुरक्षित है अपना इंडिया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं