Viral Video: न्यूजीलैंड के फेमस ट्रैवल ब्लॉगर कार्ल रॉक पिछले 7 महीने से पाकिस्तान की अलग-अलग जगहों पर घूम रहे हैं और अपना एक्सपीरियंस वीडियो के जरिए दुनिया तक पहुंचा रहे हैं. हाल ही में उन्होंने पाकिस्तान के कई हिंदू मंदिरों के दर्शन किए हैं और वीडियो के जरिए दिखाया है कि वे आज किस स्थिति में हैं.
कौन-कौन से मंदिर घूमे?
कार्ल ने बताया, 'अभी तक मैंने इस्लामाबाद के पास एक राम मंदिर और बेहद खूबसूरत 'श्री कटास राज' मंदिर के दर्शन कर लिए हैं. इसके अलावा मीरपुर में मंगला डैम के पास स्थित उस मंदिर के दर्शन भी किए हैं, जो साल के ज्यादातर महीने बांध के पानी में डूबा रहता है. इस मंदिर में तभी जाया जा सकता है जब डैम का पानी उतरा हुआ हो.'
आज कैसी है इन मंदिरों की स्थिति?
रॉक ने इंस्टाग्राम पर एक छोटी वीडियो शेयर करते हुए कहा, 'पाकिस्तान में हिंदू विरासत का इतिहास बहुत शानदार है, लेकिन कई मंदिरों की हालत खस्ता है. पाकिस्तान में कई मंदिर ऐसे हैं जो या तो वीरान पड़े हैं, टूट-फूट गए हैं या वहां आम लोगों के जाने पर सख्त पाबंदी है.'
यह वीडियो भी देखें:-
'कराची वाले मंदिर में जाने से आर्मी ने रोका'
कार्ल बताते हैं कि वे कराची में अरब सागर के किनारे एक बेहद प्राचीन मंदिर है, जहां वे दर्शन करने जाना चाहते थे. लेकिन वहां मौजूद पाकिस्तानी सेना ने उन्हें पहले ही रोक लिया और आगे नहीं जाने दिया. इसके अलावा वो एक मशहूर काली माता के मंदिर भी जाना चाहते थे, जहां माता पहाड़ के अंदर विराजमान हैं. लेकिन पहाड़ खिसकने की वजह से वहां के रास्ते पर बड़े पत्थर पडे हैं, इसीलिए वे वहां भी नहीं जा सके.'
साधु बेला के दर्शन करना सबसे बड़ा आर्कषण
कार्ल के इस पूरे सफर का सबसे बड़ा आकर्षण साधु बेला रहा. यह सिंध के सुक्कुर में सिंधु नदी के बीचों-बीच एक टापू पर बसा विशाल हिंदू मंदिर परिसर है. यहां पहुंचने के लिए नाव से नदी पार करनी पड़ती है. इसका इतिहास करीब 200 साल पुराना है. साल 1823 में उदासी संत बाबा बांखंडी महाराज इस जंगली टापू पर आकर बसे थे. आज यहां शिव जी, हनुमान जी, गणेश जी और अन्नपूर्णा माता के 9 खूबसूरत मंदिर, बगीचे, लाइब्रेरी और श्रद्धालुओं के रुकने की जगह है. बंटवारे के बाद भी यह जगह सिंध के हिंदुओं के लिए एक बहुत बड़ा तीर्थ स्थल है.
'पुलिस प्रोटेक्शन में मंदिर तक पहुंचा'
कार्ल ने बताया, 'जब लोकल पुलिस से मैंने इस मंदिर का पता पूछा तो वो मुझे साथ चल दिए और दर्शन करके लौटने तक वे मेरे साथ रहे. जब मैंने उनसे इसकी वजह पूछी तो उन्होंने बताया कि वो एरिया ठीक नहीं है. वहां किडनैपिंग बहुत आम है और वो मेरी सुरक्षा के लिए साथ चल रहे हैं.'
यह भी पढ़ें : हरिद्वार पुलिस ने शेयर किया पल्सर बाइक पर स्टंट करते युवक का वीडियो, लोग बोले- 'ये इच्छा नहीं मजबूरी है'
यह भी पढ़ें : VIDEO: बैंकॉक में बाढ़ से बिगड़े हालात, गलियों में तैर रहे सांप और मगरमच्छ, शहर में 'आपदा' घोषित
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं