अक्सर लोगों के मन में ये सवाल रहता है कि क्या ज्यादा पानी पीने से किडनी ज्यादा हेल्दी रहती है? वहीं, कुछ लोग ये भी सोचते हैं कि जरूरत से ज्यादा पानी पीने से किडनी पर अतिरिक्त प्रेशर पड़ता है, जिसकी वजह से किडनी डैमेज होने का खतरा बढ़ सकता है. इस विषय को लेकर यशोदा हॉस्पिटल के सीनियर कंसल्टेंट नेफ्रोलॉजिस्ट और ट्रांसप्लांट फिजिशियन डॉ. दिलीप एम. बाबू यूट्यूब पर एक शॉट्स शेयर किया, जिसमें उन्होंने किडनी और पानी पीने के बीच के कनेक्शन को बहुत ही आसान भाषा में समझाया है. यहां जानते हैं उसके बारे में-
क्या काम करती है किडनी?
डॉ. दिलीप एम. बाबू का कहना है कि किडनी शरीर में पानी के बैलेंस को बनाए रखने का काम करती है. हम जितना पानी पीते हैं, उसमें से शरीर को जितनी मात्रा की जरूरत होती है, किडनी उसे शरीर में बनाए रखती है. वहीं, अतिरिक्त पानी को किडनी यूरिन के जरिए बाहर निकाल देता है.
इसका मतलब साफ है कि किडनी एक नैचुरल फिल्टर की तरह काम करती है, जो शरीर की जरूरत के हिसाब से पानी को कंट्रोल करती है. इसलिए सिर्फ ज्यादा पानी पी लेना किडनी को अतिरिक्त सुरक्षा नहीं देता.
क्या ज्यादा पानी पीने से किडनी ज्यादा हेल्दी रहती है?
इस सवाल का जवाब देते हुए डॉक्टर एम. बाबू कहते हैं कि ये एक बहुत ही आम मिथक है कि जितना ज्यादा पानी पिएंगे, किडनी उतनी ही बेहतर काम करेगी. असल में ऐसा बिल्कुल भी नहीं होता है. पर्याप्त मात्रा में पानी पीना जरूरी है, लेकिन जरूरत से अधिक पानी पीने से किडनी को कोई अतिरिक्त लाभ नहीं मिलता.
किडनी का काम ही अतिरिक्त पानी को शरीर से बाहर निकालना है. ऐसे में जरूरत से ज्यादा पानी पीने पर शरीर सिर्फ अतिरिक्त मात्रा को यूरिन के रूप में बाहर कर देता है.
रोज कितना पानी पीना चाहिए?
डॉ. बाबू का कहना है कि एक नॉर्मल हेल्दी व्यक्ति को दिनभर में लगभग 8 से 10 गिलास पानी पीना चाहिए. हालांकि, इस बात का ध्यान रखें कि पानी पीने की ये मात्रा मौसम, शारीरिक गतिविधि, उम्र और स्वास्थ्य की स्थिति के अनुसार थोड़ी कम या ज्यादा हो सकती है.
सबसे जरूरी बात ये है कि शरीर को हाइड्रेटेड रखा जाए. पर्याप्त पानी पीने से शरीर के कई जरूरी कार्य सही तरीके से चलते हैं और किडनी भी अपना काम बेहतर ढंग से कर पाती है.
क्या ज्यादा पानी पीने से किडनी खराब हो सकती है?
इस बारे में डॉ. बाबू कहते हैं कि नॉर्मल स्थितियों मेंअधिक पानी पीने से किडनी को सीधा नुकसान नहीं होता, क्योंकि हेल्दी किडनी अतिरिक्त पानी को बाहर निकाल देती है. हालांकि, इसका मतलब ये नहीं है कि बहुत ज्यादा पानी पीना जरूरी है. डॉक्टर अंत में सीमित और सही मात्रा में पानी पीने की सलाह देते हैं, ताकि शरीर को हाइड्रेट रखा जाए और किडनी पर अतिरिक्त बोझ को कम किया जा सके.
ये भी पढ़ें - IAF की मदद से दिल्ली पहुंचीं डोनर किडनियां, सफदरजंग में पहली बार हुआ ड्यूल किडनी ट्रांसप्लांट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं