पराठे खाना हर किसी को पसंद होता है, लेकिन बनाते वक्त जब पूरा घर धुएं से भर जाता है, तो सारा मजा किरकिरा हो जाता है. खास तौर पर जब घर में ढेरों पराठे सेकने हों, तो आंखों में जलन होने लगती है और किचन में खड़ा होना मुश्किल हो जाता है. अगर आपके साथ भी यही दिक्कत होती है, तो यकीनन आप भी पराठे बनाते समय कुछ अनजानी गलतियां कर रही हैं.
चलिए जानते हैं रसोई से जुड़ी उन 4 छोटी-छोटी आदतों के बारे में, जिन्हें बदलकर आप बिना किसी धुएं के एकदम परफेक्ट और खस्ता पराठे बना सकती हैं.

कच्चे पराठे पर सीधा घी न उड़ेलें: कई लोग तवे पर पराठा डालते ही ऊपर से भर-भरकर घी डाल देते हैं, जो तवे पर गिरकर जलने लगता है. सही तरीका यह है कि पराठे को पहले दोनों तरफ से बिना तेल के थोड़ा सिक जाने दें, उसके बाद ही ऊपर से तेल या घी लगाएं। इससे पराठे सॉफ्ट भी बनेंगे और धुआं भी कम होगा.
चम्मच छोड़ें, सिलिकॉन ब्रश अपनाएं: चम्मच से तेल लगाने पर अक्सर जरूरत से ज्यादा तेल पराठे पर चला जाता है, जो तवे पर बहकर जलता है. इसकी जगह सिलिकॉन ब्रश का इस्तेमाल करें, इससे तेल पूरे पराठे पर बराबर लगता है, एक्स्ट्रा तेल तवे पर नहीं गिरता और धुआं बनने की गुंजाइश खत्म हो जाती है.
तवे की सफाई पर दें ध्यान: अगर आप रोटी बनाने के तुरंत बाद उसी तवे पर बिना साफ किए पराठे बनाने लगेंगी, तो उस पर जमा सूखा आटा जलने लगेगा. इसलिए तवा हमेशा एकदम साफ होना चाहिए. पराठे शुरू करने से पहले तवे को कपड़े से अच्छे से पोंछ लें ताकि पुराना जला आटा धुआं न पैदा करे.
तवे का तापमान सही रखें: तेज आंच पर तवा ज्यादा गर्म हो जाए तो उस पर तेल पड़ते ही धुआं उठने लगता है. इसलिए तवे को बहुत ज्यादा गर्म न होने दें. पराठे को हमेशा मीडियम आंच पर सेकें, फिर तेल या घी लगाएं और तुरंत फ्लेम धीमी कर दें, इससे धुआं भी नहीं उठेगा और पराठा अंदर तक अच्छे से सिकेगा.
इसे भी पढ़ें: 10 Min Aloo Puff Samosa : मिनटों में बनाएं क्रिस्पी पफ समोसा, ऐसा खस्ता नाश्ता कि जुबान से नहीं जाएगा स्वाद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं