आपने कभी केले के पत्ते से बनी सब्जी खाई है? अगर नहीं, तो यकीन मानिए, यह स्वाद और सेहत दोनों के मामले में बेहद अनोखी डिश है. अक्सर लोग केले के फल या उसके कच्चे गूदे की सब्जी बनाते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि इसके ताजे हरे पत्तों का इस्तेमाल करके भी एक बहुत ही स्वादिष्ट और पारंपरिक डिश तैयार की जाती है? यह रेसिपी खासकर उन लोगों के लिए है जो कुछ नया और बिल्कुल हटके ट्राई करना पसंद करते हैं. इसे बनाना थोड़ा अलग जरूर है, लेकिन इसका जो सौंधी खुशबू वाला स्वाद आता है, वह सभी को उंगलियां चाटने पर मजबूर कर देगा. आइए जानते हैं केले के पत्ते की सब्जी कैसे बनाई जाती है.
सामग्री:
- केले के पत्ते (2 से 3 ताजे और साफ किए)
- बेसन (1 कप)
- प्याज (2 बारीक कटी हुई)
- टमाटर (2)
- अदरक-लहसुन का पेस्ट (1 चम्मच)
- हरी मिर्च (2 से 3)
- हल्दी पाउडर (आधी चम्मच)
- धनिया पाउडर (1 चम्मच)
- लाल मिर्च पाउडर (स्वादानुसार)
- गरम मसाला (छोटा आधा चम्मच)
- नमक (स्वादानुसार)
- सरसों का तेल या कोई भी कुकिंग ऑयल
- जीरा और हींग (तड़के के लिए)
बनाने का आसान तरीका:
- सबसे पहले केले के पत्तों को अच्छे से पानी से धोकर पोंछ लें.
- इसके बाद इनकी जो बीच की मोटी डंडी होती है, उसे चाकू से काटकर अलग कर लें ताकि पत्ते मुलायम हो जाएं.
- अब इन पत्तों को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें या फिर पानी में हल्का सा उबाल लें ताकि वे नरम पड़ जाएं.
- कई लोग इन्हें भाप में भी पका लेते हैं ताकि ये आसानी से मुड़ सकें.
- एक बर्तन में बेसन लें, इसमें बारीक कटा थोड़ा सा प्याज, हरी मिर्च, हल्दी, नमक और थोड़ा सा पानी डालकर पकौड़े के घोल जैसा गाढ़ा पेस्ट बना लें. अब केले के कटे हुए पत्तों के टुकड़ों के ऊपर इस बेसन के लेप को फैलाएं और इनका छोटा-छोटा रोल या तह बना लें.
- इन रोल्स को आप चाहें तो भाप में पका लें या फिर कड़ाही में थोड़ा सा तेल डालकर हल्का शैलो फ्राई कर लें.
- जब ये ठंडे हो जाएं, तो इन्हें मनचाहे छोटे टुकड़ों में काट लें.
- अब एक पैन या कड़ाही में तेल गरम करें, इसमें जीरा और एक चुटकी हींग डालें. इसके बाद बारीक कटा प्याज डालकर सुनहरा होने तक भून लें.
- जब प्याज भुन जाए, तो अदरक-लहसुन का पेस्ट मिलाएं और कच्चापन निकल जाने दें.
- अब इसमें कटे हुए टमाटर, हल्दी, धनिया, लाल मिर्च और नमक डालें.
- मसालों को तब तक भूनें जब तक वे तेल न छोड़ने लगें.
- आप चाहें तो इसमें थोड़ा सा दही या बेसन का बचा हुआ घोल भी मिला सकते हैं जिससे ग्रेवी गाढ़ी और लाजवाब बने.
- मसाला तैयार होने के बाद इसमें थोड़ा सा पानी डालकर एक उबाल आने दें. अब आपने केले के पत्तों और बेसन से जो छोटे-छोटे टुकड़े तैयार किए थे, उन्हें इस ग्रेवी में हल्के हाथों से मिला दें.
- धीमी आंच पर इसे 5 से 7 मिनट के लिए पकने दें ताकि सारे मसाले अंदर तक अच्छी तरह समा जाएं.
- ऊपर से गरम मसाला और बारीक कटा हरा धनिया छिड़क कर गैस बंद कर दें.
बस तैयार है आपकी टेस्टी केले के पत्ते की सब्जी.
इसे भी पढ़ें: बिना टूटे बाजरे की रोटी कैसे बनाएं? बाजरे की गोल-गोल रोटी बनाने का सही तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं