अगर आपने इस साल अपना इनकम टैक्स रिटर्न(Income Tax Return) यानी ITR फाइल कर दिया है और पोर्टल पर इसका स्टेटस ‘Processed' दिख रहा है, लेकिन अब तक टैक्स रिफंड आपके बैंक अकाउंट में नहीं आया है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है. ITR प्रोसेस होने के बाद भी रिफंड तुरंत खाते में क्रेडिट हो, यह जरूरी नहीं है.कई बार बैंक डिटेल्स, PAN-Aadhaar लिंक, TDS क्रेडिट, IFSC या किसी पुराने टैक्स डिमांड की वजह से भी रिफंड में देरी हो सकती है.
ऐसे में सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि रिफंड आने में कितना समय लग सकता है और अगर पैसा नहीं आया है तो क्या करना चाहिए.
ITR Refund कब मिलता है?
इनकम टैक्स रिफंड (Income Tax Refund) तब बनता है, जब आपके द्वारा जमा किया गया टैक्स आपकी वास्तविक टैक्स देनदारी से ज्यादा होता है.यह टैक्स टीडीएस (TDS), टीसीएस (TCS), एडवांस टैक्स (Advance Tax) या सेल्फ-असेसमेंट टैक्स (Self-Assessment Tax) के जरिए जमा हो सकता है. जब आपकी सभी एलिजिबल डिडक्शंस (Deductions) और एग्जेंप्शंस (Exemptions) को जोड़ने के बाद फाइनल टैक्स तय होता है, तब इनकम टैक्स डिपार्टमेंट आपके आईटीआर (ITR) को प्रोसेस करता है और एक्स्ट्रा जमा हुआ पैसा आपको रिफंड कर दिया जाता है।
जिन लोगों ने 31 जुलाई की डेडलाइन से काफी पहले ITR फाइल कर दिया था, उनमें से कई टैक्सपेयर्स को रिफंड मिल भी चुका होगा. वहीं, बाकी लोगों को प्रोसेसिंग के बाद रिफंड का इंतजार करना पड़ सकता है.
ITR ‘Processed' होने के बाद भी क्यों नहीं आया Refund?
यह बात समझना जरूरी है कि ITR का स्टेटस ‘Processed' दिखने का मतलब यह नहीं है कि उसी समय रिफंड आपके बैंक अकाउंट में पहुंच जाएगा.इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के मुताबिक, रिटर्न के e-Verification के बाद ही रिफंड की प्रोसेसिंग शुरू होती है. आम तौर पर रिफंड को बैंक अकाउंट में क्रेडिट होने में करीब 4 से 5 हफ्ते लग सकते हैं. इसलिए अगर ITR प्रोसेस हो गया है लेकिन कुछ समय से पैसा नहीं आया है, तो पहले अपना इनकम टैक्स रिफंड स्टेटस(Income Tax Refund Status) चेक करें. अगर तय समय के बाद भी रिफंड नहीं मिला है, तो ईमेल और SMS भी चेक करें. हो सकता है इनकम टैक्स की तरफ से कोई इंटीमेशन नोटिस आया हो.
Income Tax Refund नहीं आया तो सबसे पहले क्या करें?
अगर आपका ITR processed है लेकिन रिफंड खाते में नहीं आया है, तो सबसे पहले Income Tax e-filing portal पर लॉगिन करें.इसके लिए सबसे पहले आपके पास वैलिड यूजर ID और पासवर्ड होना चाहिए. इसके बाद अपने रिफंड का स्टेटस देखें. यह भी चेक कर लें कि ITR में दिया गया बैंक अकाउंट सही है या नहीं और उसका IFSC कोड भी ठीक है या नहीं.
अगर रिफंड प्रोसेस हो चुका है लेकिन बैंक अकाउंट में पैसा क्रेडिट नहीं हुआ, तो बैंक डिटेल्स दोबारा अपडेट करना जरूरी है. रिफंड समय पर इसके लिए बैंक अकाउंट से जुड़ी जानकारी भी सही और अपडेटेड होना जरूरी है.इसके अलावा आपका PAN, Aadhaar से लिंक होना चाहिए और आपका ITR सही तरीके से फाइल किया गया होना चाहिए, जिसमें रिफंड क्लेम किया गया हो.
ITR Refund Status ऐसे चेक करें
अगर आप जानना चाहते हैं कि आपका ITR किस स्टेज पर है और रिफंड का क्या स्टेटस क्या है, तो इन आसान स्टेप्स को फॉलो करें.
- Income Tax e-filing portal पर Login करें.
- e-File > Income Tax Returns > View Filed Returns पर जाएं.
- यहां AY 2026-27 चुनें और View Details पर क्लिक करें.
- इसके बाद आप अपने ITR का refund status देख सकते हैं.
ITR Refund अटकने की बड़ी वजहें क्या हैं?
कई वजहों से रिफंड का पैसा आपके बैंक अकाउंट में क्रेडिट नहीं हो पाता. बैंक अकाउंट या टैक्स से जुड़ी छोटी सी गड़बड़ी भी रिफंड को अटका सकती है.
- अगर ITR में दिया गया बैंक अकाउंट नंबर गलत है, तो रिफंड आपके खाते में नहीं पहुंच पाएगा.
- अगर आपका PAN ऑपरेटिव नहीं है, तो भी रिफंड में दिक्कत आ सकती है.
- रिफंड पाने के लिए बैंक अकाउंट का प्री-वैलिडेशन जरूरी है. अगर आपका बैंक अकाउंट प्री-वैलिडेट नहीं है, तो रिफंड अटक सकता है.
- अगर बैंक अकाउंट में दर्ज नाम और PAN कार्ड डिटेल्स मैच नहीं है, तो भी रिफंड क्रेडिट होने में परेशानी हो सकती है.
- अगर आपने ITR में गलत या इनवैलिड IFSC कोड दर्ज किया है, तो रिफंड ट्रांसफर नहीं हो पाएगा.
- जिस अकाउंट में रिफंड मांगा गया है, अगर वह अकाउंट बंद हो चुका है तो पैसा क्रेडिट नहीं होगा.
- अगर बैंक अकाउंट inactive, frozen या dormant है, तो भी रिफंड ट्रासफर होने में दिक्कत आ सकती है.
- कई बार रिफंड ट्रांसफर के दौरान बैंक की तरफ से टेक्निकल फेल्योर या रिजेक्शन भी हो सकता है.
- अगर पिछले वर्षों का कोई पुराना टैक्स डिमांड है, तो आपका रिफंड उस बकाया टैक्स के खिलाफ एडजस्ट किया जा सकता है.
- अगर ITR, TDS या इनकम डिटेल्स में कोई गड़बड़ी है और इनकम टैक्स डिपार्टमेंट को आगे वेरीफिकेशन की जरूरत है, तो भी रिफंड में देरी हो सकती है.
इनकम टैक्स नोटिस मिला तो न करें नजरअंदाज
अगर आपके ITR में कोई गड़बड़ी पाई जाती है, तो इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की तरफ से intimation या Notice आ सकता है.ऐसी किसी भी कम्युनिकेशन को नजरअंदाज न करें. e-filing पोर्टल और अपने रजिस्टर्ड ईमेंल को रेगुलर चेक करते रहें. अगर कोई टैक्स डिमांड नोटिस आया है, तो उसमें दी गई डिटेल्स को ध्यान से पढ़ें और जरूरत के मुताबिक समय पर जवाब दें. नोटिस का रिप्लाई समय से नहीं देने पर आपका रिफंड अटक सकता है और आगे भी परेशानी बढ़ सकती है.
Tax Notice के नाम पर फ्रॉड से भी बचें
इनकम टैक्स रिफंड या नोटिस के नाम पर साइबर ठगी भी हो सकती है. इसलिए किसी अनजान ईमेल या SMS में आए लिंक पर तुरंत क्लिक न करें. अगर आपको टैक्स से जुड़ा कोई मैसेज मिलता है, तो पहले उसे Income Tax के ऑफिशियल e-filing पोर्टल पर जाकर वेरीफाई जरूर करें.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं