बेसन की सब्जी कैसे बनाएं.
NDTV
क्या आपके साथ भी ऐसा हुआ कि आप किचन में गए हैं और वहां जाकर पता चला कि सब्जियां खत्म हो गई हैं, तब कई बार तो गुस्सा आता है क्योंकि समझ नहीं आता कि ऐसे समय क्या बनाया जाए. अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो आप सिर्फ 1 कटोरी बेसन से गट्टे की स्वादिष्ट सब्जी बना सकते हैं. यह राजस्थान की पारंपरिक और बेहद लोकप्रिय डिश है, जिसे बेसन, दही और मसालों की मदद से तैयार किया जाता है. तो चलिए बिना किसी देरी के रेसिपी पर चलते हैं.
कैसे बनाएं बेसन की सब्जी- (How To Make Gatte Ki Sabji)
सामग्री-
- छोटा कप बेसन
- 1/2 टी स्पून हल्दी पाउडर
- 1/2 टी स्पून धनिया पाउडर
- 1/2 टी स्पून लाल मिर्च पाउडर
- एक चुटकी हींग
- 3/4 टी स्पून नमक
- 1 टी स्पून जीरा
- 1/2 अदरक, बारीक कटा हुआ
- 1 टी स्पून पुदीना, बारीक कटा हुआ
- 1/4 टी स्पून बेकिंग सोड़ा
- 1 कप दही
- तेल
बेस बनाने के लिए-
- 1 टेबल स्पून घी
- 1 टेबल स्पून तेल
- 5 गुंटूर मिर्च
- 1/2 टी स्पून जीरा
- 1 प्याज़, बारीक कटा हुआ
- 8-10 लौंग
- 1 टुकड़े कासिया
- 5-6 कली लहसुन, बारीक कटा हुआ
- 1/2 टी स्पून हल्दी
- 3/4 टी स्पून लाल मिर्च पाउडर
- 1/4 टी स्पून धनिया पाउडर
- 1/4 टी स्पून हींग
- नमक
- 1(बीच से कटी) हरी मिर्च
- धनिया पत्ती , टुकड़ों में कटा हुआ

विधि-
- सबसे पहले जीरा और हींग को हल्का भून लें और उन्हें पीसकर पाउडर बना लें.
- अब एक बाउल में बेसन, भुना हुआ जीरा-हींग, नमक और अपनी पसंद के अन्य मसाले डालें.
- इसमें थोड़ा कसा हुआ अदरक और बारीक कटा पुदीना भी मिला सकते हैं.
- अब फेंटी हुई दही और चुटकीभर बेकिंग सोडा डालकर आटा गूंध लें.
- यदि मिश्रण सूखा लगे तो थोड़ा और दही मिला लें.
- जब आटा तैयार हो जाए तो उसमें एक-दो बूंद तेल डालकर चिकना कर लें.
- अब इस आटे की लंबी-लंबी रोल जैसी पट्टियां बना लें. एक पैन में पानी उबालें और इन रोल्स को उसमें डालकर पकाएं.
- पकने के बाद इन्हें बाहर निकालकर ठंडा करें और छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें.
- इसके बाद इन्हें हल्का सुनहरा होने तक डीप फ्राई कर लें.
ग्रेवी बनाने की विधि-
- इस सब्जी में स्वाद ही ग्रेवी का होता है, इसे बनाने के लिए जिस तेल में गट्टे फ्राई किए हैं, उसी में से एक बड़ा चम्मच तेल लें और उसमें एक बड़ा चम्मच घी मिलाएं.
- अब इसमें जीरा और हरी मिर्च डालकर भूनें. इसके बाद बारीक कटा प्याज डालकर सुनहरा होने तक पकाएं.
- अब इसमें लहसुन, लौंग और थोड़ा दालचीनी डालें. फिर हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, हींग और नमक डालकर मसालों को अच्छी तरह भून लें.
- मसाले जलने न पाएं, इसलिए जरूरत पड़ने पर थोड़ा पानी डाल दें.
- अब फेंटी हुई दही को धीरे-धीरे ग्रेवी में मिलाएं और लगातार चलाते रहें ताकि दही फटे नहीं.
- जब मसाले अच्छी तरह पक जाएं और किनारों पर तेल दिखने लगे, तब इसमें तैयार किए हुए गट्टे डाल दें.
- गट्टों को ग्रेवी में अच्छी तरह मिलाएं और ऊपर से हरा धनिया डालें. इसे धीमी आंच पर 4-5 मिनट तक पकने दें ताकि गट्टे मसालों का स्वाद अच्छी तरह सोख लें.
- आपकी स्वादिष्ट राजस्थानी गट्टे की सब्जी तैयार है. इसे गर्मागर्म रोटी, पराठे या चावल के साथ सर्व करें.
ये भी पढ़ें- आज क्या बनाऊं: कम मसालों में तैयार होने वाली बंगाल की मशहूर Bhapa Posto रेसिपी, एक बार खाएंगे तो बार-बार बनाएंगे
पूरी स्टोरी पढ़ें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
Gatte Ki Sabji, Besan Ki Sabji, Dinner Recipe Hindi, Besan Ki Sabji Kaise Banaye, Aaj Kya Banau