विज्ञापन

पकाते समय चावल जल गए हैं? इन आसान किचन हैक्स से कम करें जले हुए चावलों की महक

Burnt Rice Smell Removing Tips: चावल बनाते समय अगर नीचे से जल जाएं, तो उन्हें तुरंत फेंकने की जरूरत नहीं है. कुछ आसान किचन टिप्स की मदद से आप जली हुई गंध को काफी हद तक कम कर सकते हैं. यहां हम आपको बता रहे हैं जले हुए चावलों की महक कम करने के तरीके

पकाते समय चावल जल गए हैं? इन आसान किचन हैक्स से कम करें जले हुए चावलों की महक
Burn Rice Smell Removing Tips

Burnt Rice Smell Removing Tips: चावल बनाना भले ही आसान लगता हो, लेकिन कई बार थोड़ी सी लापरवाही पूरे स्वाद पर असर डाल देती है. फोन पर बात करते-करते, किसी दूसरे काम में व्यस्त होने पर या गैस की आंच का सही अंदाजा न लगने पर चावल नीचे से जल सकते हैं. ऐसे में बर्तन खोलते ही जली हुई महक आने लगती है और कई लोगों को लगता है कि अब पूरा चावल खराब हो गया है. हालांकि, अगर सिर्फ नीचे का हिस्सा जला है और ऊपर के चावल सही हैं, तो उन्हें फेंकने की जरूरत नहीं है. कुछ आसान घरेलू उपायों की मदद से जली हुई गंध को काफी हद तक कम किया जा सकता है.

सबसे पहले न करें यह गलती

चावल जलने के बाद सबसे बड़ी गलती उन्हें तुरंत चलाने की होती है. ऐसा करने से नीचे की जली हुई परत टूटकर अच्छे चावलों में मिल जाती है और पूरी मात्रा में जलेपन का स्वाद और गंध फैल जाती है. इसलिए सबसे पहले ऊपर के अच्छे चावलों को धीरे-धीरे किसी दूसरे बर्तन में निकाल लें. ध्यान रखें कि नीचे का जला हुआ हिस्सा बिल्कुल न छुएं.

प्याज का इस्तेमाल कर सकते हैं

अगर चावलों में हल्की जली हुई गंध आ रही है, तो प्याज मददगार साबित हो सकता है. एक प्याज को बड़े टुकड़ों में काटकर चावलों के ऊपर रख दें और बर्तन को ढक दें. कुछ मिनट बाद प्याज हटा दें. इससे गंध की तीव्रता कम महसूस हो सकती है और चावल खाने में बेहतर लग सकते हैं.

ब्रेड स्लाइस भी है काम का 

कई लोग जले हुए चावलों की गंध कम करने के लिए ब्रेड का इस्तेमाल करते हैं. चावलों के ऊपर एक या दो ब्रेड स्लाइस रखकर बर्तन को 10 मिनट के लिए ढक दें. माना जाता है कि ब्रेड अतिरिक्त गंध और नमी को सोखने में मदद कर सकती है.

नींबू की ताजगी भी आएगी काम

यदि घर में नींबू मौजूद है, तो उसके रस की कुछ बूंदें एक कटोरी में निकालकर चावलों के पास रख सकते हैं. नींबू की ताजगी भरी खुशबू जली हुई महक को संतुलित करने में मदद कर सकती है. हालांकि नींबू का रस सीधे चावलों पर डालने से बचें ताकि उनका स्वाद न बदले.

खुला छोड़ना भी फायदेमंद

कई बार चावलों को कुछ देर खुला छोड़ देने से भी जली हुई गंध कम हो जाती है. भाप निकलने के साथ महक भी धीरे-धीरे हल्की पड़ने लगती है. इसके बाद चावल का इस्तेमाल पुलाव, फ्राइड राइस या किसी अन्य डिश में किया जा सकता है.

अगर अगली बार चावल जल जाएं, तो उन्हें तुरंत फेंकने के बजाय इन आसान उपायों को आजमाएं. 

यह भी पढ़ें- Tomato Rice Popcorn Recipe: आलू, टमाटर और चावल से बनाएं ऐसा क्रिस्पी स्नैक, जिसे देखकर हर कोई पूछेगा रेसिपी

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com