विज्ञापन

Tomato Rice Popcorn Recipe: आलू, टमाटर और चावल से बनाएं ऐसा क्रिस्पी स्नैक, जिसे देखकर हर कोई पूछेगा रेसिपी

Tomato Rice Popcorn Recipe: टमाटर से बनी चीजें तो आपने कई बार खाई होंगी, लेकिन क्या कभी टमाटर राइस पॉपकॉर्न ट्राई किया है? यह अनोखी और मजेदार रेसिपी स्वाद के साथ-साथ देखने में भी काफी दिलचस्प लगती है. अगर आप शाम की हल्की भूख के लिए कुछ नया और घर पर आसानी से बनने वाला स्नैक ढूंढ रहे हैं, तो यह रेसिपी जरूर पसंद आएगी.

Tomato Rice Popcorn Recipe: आलू, टमाटर और चावल से बनाएं ऐसा क्रिस्पी स्नैक, जिसे देखकर हर कोई पूछेगा रेसिपी
Tomato Rice Popcorn Recipe
Instagram

Tomato Rice Popcorn Recipe: शाम की हल्की भूख हो, बच्चों की छुट्टियां हों या फिर घर में अचानक मेहमान आ जाएं, ऐसे समय में हर किसी का मन कुछ कुरकुरा और स्वादिष्ट खाने का करता है. हालांकि रोज-रोज बाजार के चिप्स, नमकीन या पैकेट वाले स्नैक्स खाना सेहत के लिए अच्छा नहीं माना जाता. ऐसे में अगर आप घर पर ही कुछ नया और मजेदार बनाना चाहते हैं, तो टमाटर और चावल से तैयार होने वाला यह क्रिस्पी पॉपकॉर्न स्टाइल स्नैक ट्राई कर सकते हैं. इसकी खास बात यह है कि इसमें आलू, चावल और टमाटर जैसी आम सामग्री का इस्तेमाल होता है, लेकिन तैयार होने के बाद इसका स्वाद बिल्कुल अलग और शानदार लगता है. बाहर से कुरकुरा और अंदर से मुलायम यह स्नैक बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आ सकता है.

क्या चाहिए बनाने के लिए?

  • 2 उबले और मैश किए हुए आलू
  • 1 टमाटर
  • 1 कप पके हुए चावल
  • 1 प्याज
  • 2 हरी मिर्च
  • 2 बड़े चम्मच दही
  • स्वादानुसार नमक
  • 1 छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर
  • 1 छोटा चम्मच चाट मसाला
  • 1 कप ब्रेड क्रंब्स
  • तलने के लिए तेल

ऐसे करें तैयारी-

सबसे पहले टमाटर और पके हुए चावल को एक साथ मिलाकर 15 से 20 मिनट के लिए छोड़ दें. इससे मिश्रण की अतिरिक्त नमी कम हो जाएगी और आगे की प्रक्रिया आसान हो जाएगी. अब इस मिश्रण को ब्लेंडर जार में डालें. इसके साथ हरी मिर्च, प्याज और दही भी डाल दें. सभी चीजों को अच्छी तरह ब्लेंड करके एक स्मूद पेस्ट तैयार कर लें.

तैयार करें स्नैक का डो

एक बड़े बाउल में मैश किए हुए आलू लें और उसमें तैयार पेस्ट डाल दें. अब इसमें नमक, भुना जीरा पाउडर, चाट मसाला और ब्रेड क्रंब्स मिलाएं.सभी सामग्री को अच्छी तरह मिक्स करें. मिश्रण को तब तक गूंधें जब तक यह एक टाइट और स्मूद डो का रूप न ले ले. अगर मिश्रण ज्यादा नरम लगे तो थोड़ा अतिरिक्त ब्रेड क्रंब्स मिला सकते हैं.

गोल बॉल्स बनाकर करें फ्राई

तैयार डो से छोटे-छोटे बॉल्स बनाएं. एक कड़ाही में तेल गर्म करें और इन बॉल्स को मध्यम आंच पर सुनहरा भूरा होने तक तलें. कुछ ही मिनटों में ये बॉल्स बाहर से बेहद क्रिस्पी और अंदर से सॉफ्ट हो जाएंगे. इन्हें निकालकर अतिरिक्त तेल हटाएं और गर्मागर्म सर्व करें.

किसके साथ करें सर्व?

इन टमाटर राइस पॉपकॉर्न को हरी चटनी, मेयो डिप या टमाटर सॉस के साथ परोसा जा सकता है. बच्चों की पार्टी, मूवी नाइट या शाम की चाय के साथ यह स्नैक सभी को पसंद आ सकता है. 

यह भी पढ़े: Mango Salad Recipe: 10 मिनट में बनाएं खट्टा-मीठा मैंगो सलाद, गर्मी में मिलेगा ताजगी भरा स्वाद

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com