बदलते मौसम के साथ ही घर में मच्छरों का डेरा जमने लगता है. रात होते ही ये कानों के पास भिनभिनाने लगते हैं, जिससे चैन की नींद सोना मुश्किल हो जाता है. जब रात में नींद पूरी नहीं होती, तो सुबह उठते ही भारीपन और आलस बना रहता है, जिसका सीधा असर दिनभर के कामकाज पर पड़ता है. वैसे तो बाजार में मच्छरों से निपटने के लिए कई तरह के लिक्विड और कॉइल मिलते हैं, लेकिन इनमें तेज केमिकल होते हैं. अगर घर में छोटे बच्चे या बुजुर्ग हों, तो इनका जहरीला धुआं उनकी सांस और सेहत के लिए ठीक नहीं माना जाता. अगर मच्छर को भगाने का सस्ता और टिकाऊ घरेलू तरीका ढूंढ रहे हैं, तो इस स्टोरी को पूरा पढ़ें.
केले का छिलका:
हम आमतौर पर केला खाने के बाद उसका छिलका बेकार समझकर कूड़ेदान में फेंक देते हैं पर बहुत कम लोग जानते हैं कि यही छिलका मच्छरों से राहत दिलाने में काम आ सकता है. असल में, केले के छिलके में एक खास तरह की महक होती है, जो मच्छरों को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होती और वे उस जगह से दूरी बना लेते हैं.
कैसे करें इस्तेमाल?
कमरे के अंधेरे कोनों में रखें:
मच्छर अक्सर पर्दे के पीछे, सोफे के नीचे या कमरे की उन जगहों पर छिपते हैं जहां रोशनी कम आती है. केले के ताजे छिलकों के कुछ टुकड़े करके इन कोनों में रख दें. इनकी महक से मच्छर वहां रुकेंगे नहीं.
अगर कमरे में बहुत ज्यादा मच्छर जमा हो गए हैं, तो केले के सूखे छिलकों को किसी मिट्टी के दीये या कटोरी में रखकर थोड़ा सा जला लें, इससे जो हल्का धुआं निकलता है, वह छिपे हुए मच्छरों को बाहर निकलने पर मजबूर कर देता है. ध्यान रहे कि धुआं बहुत ज्यादा न हो, बस हल्का सा असर ही काफी रहेगा.
कपूर और तेल के साथ पेस्ट बनाएं:
- मिक्सी के जार में केले के छिलके डालें.
- इसमें दो-तीन टिक्की कपूर और थोड़ी सी बूंदें लैवेंडर या नीम के तेल की मिला लें.
- इन्हें अच्छी तरह पीसकर एक गाढ़ा लेप तैयार कर लें.
- इस लेप को छोटी-छोटी कटोरियों में भरकर खिड़कियों और दरवाजों के पास रख दें.
- कपूर और तेल की तीखी खुशबू के कारण मच्छर घर के अंदर आने की हिम्मत ही नहीं करेंगे.
इसे भी पढ़ें: किस आटे में सबसे ज्यादा प्रोटीन होता है?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं