Seasame oil Recipe : आजकल बाजार में मिलने वाले कई तेलों की शुद्धता को लेकर लोग चिंतित रहते हैं. ऐसे में अगर आप घर पर ही शुद्ध तिल का तेल बनाना चाहते हैं, तो ये तरीका आपके काम आ सकता है. अच्छी बात ये है कि इसके लिए किसी ऑयल प्रेस मशीन की जरूरत नहीं पती. थोड़ी मेहनत और सही प्रोसेस से आप घर पर खुशबूदार और साफ तिल का तेल तैयार कर सकते हैं.
तिल के तेल बनाने की इस रेसिपी को यूट्यूब पर Cooking with Rakhshi नाम के चैनल पर एक क्रिएटर ने शेयर की है. यहां जानते हैं घर पर बिना मशीन कैसे तिल का तेल तैयार कर सकते हैं?
सबसे पहले तिल को करें तैयार
अच्छी क्वालिटी के साबुत तिल लें और उन्हें अच्छी तरह धो लें. इसके बाद 2 घंटे तक पानी में भिगोकर रखें. जब तिल नरम हो जाएं, तो पानी निकालकर उन्हें कढ़ाई में डालें और मध्यम आंच पर उनका सारा मॉइस्चर खत्म होने तक भूनें. इसके बाद धीमी आंच पर हल्का सा और भूनें, जब तक कि उनमें से खुशबू आने न लगे. ध्यान रखें कि तिल ज्यादा न भूनें, वरना तेल का स्वाद कड़वा हो सकता है.
अब बनाएं तिल का पेस्ट
भुने हुए तिल को ठंडा करके मिक्सर में डालें. पहले सूखा पीसें, फिर थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाकर बारीक पेस्ट तैयार करें. इस पेस्ट को पतला करने के लिए थोड़ा और पानी मिलाएं और छलनी से छान लें. बची हुई खल में फिर से पानी मिलाकर पीसें और मलमल के कपड़े से छान लें, ताकि ज्यादा तेल वाला तरल निकल सके.
ऐसे अलग होगा तेल
तिल के निकाले गए तरल को एक बड़े बर्तन में डालकर उबाल लें. उबाल आने के बाद आंच धीमी कर दें. कुछ समय बाद बर्तन के किनारों पर तेल अलग दिखने लगेगा. चम्मच की मदद से इस तेल को निकालते रहें. हर 10 मिनट बाद थोड़ा बर्फ वाला ठंडा पानी मिलाकर प्रक्रिया दोहराएं. इससे तेल लगातार ऊपर आता रहेगा. यह प्रक्रिया कई बार दोहराने पर अच्छी मात्रा में तेल निकल जाता है.
आखिर में करें फिल्टर
अलग किए गए तेल को फिर से धीमी आंच पर गर्म करें ताकि बचा हुआ पानी भी खत्म हो जाए. जब तेल साफ दिखाई देने लगे, तो उसे मलमल के कपड़े या फिल्टर पेपर से छान लें. अब आपका शुद्ध, खुशबूदार और घरेलू तिल का तेल तैयार है. इसे कांच की एयरटाइट बोतल में भरकर स्टोर किया जा सकता है.
तिल की खल भी है काम की
तेल निकालने के बाद बची खल को फेंकने की जरूरत नहीं है. इससे पौष्टिक मिठाई बनाई जा सकती है. कुछ लोग इसे स्किन की देखभाल के लिए घरेलू उबटन के रूप में भी इस्तेमाल करते हैं.
ये भी पढ़ें - एक्सपर्ट ने बताया सरसों का तेल, तिल का तेल या फिर मूंगफली का तेल, कौन सा Cooking Oil है सबसे फायदेमंद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं