अगर आपको शाम की हल्की-फुल्की भूख में कुछ चटपटा और कुरकुरा खाना पसंद है, तो फर्रुखाबाद की स्पेशल चाट पापड़ी आपके लिए काफी अच्छा ऑप्शन हो सकती है. इस खास पापड़ी की सबसे बड़ी खासियत इसकी जबरदस्त क्रिस्पनेस है. इस रेसिपी में आपको ज्यादा मोयन की जरूरत नहीं होगी, कम तेल में ही आप एक बेहतरीन कुरकुरी चाट तैयार कर सकते हैं. इस स्पेशल रेसिपी को यूट्यूब की मशहूर फूड क्रिएटर Nisha Madhulika ने शेयर की है. निशा ने बहुत ही आसान तरीके से घर पर पापड़ी बनाने और उससे स्वादिष्ट चाट तैयार करने का तरीका बताया गया है. यहां जानते हैं फर्रुखाबाद की इस मशहूर चाट की स्टेप-बाय-स्टेप रेसिपी-
वीडियो में देखें रेसिपी...
फर्रुखाबाद की स्पेशल पापड़ी कैसे बनाएं?
पापड़ी के लिए आवश्यक सामग्री
- गेहूं का आटा (75 ग्राम) - आधा कप
- मैदा (75 ग्राम) - आधा कप
- बारीक सूजी - 2 बड़े चम्मच
- तेल - 1 बड़ा चम्मच
- नमक - आधा छोटा चम्मच
- अजवाइन - एक चौथाई चम्मच
- पानी जरूरत अनुसार
ऐसे करें पापड़ी तैयार
एक बड़े बर्तन में आटा, मैदा, सूजी, तेल, नमक और अजवाइन डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए पूरी के आटे से थोड़ा सख्त आटा गूंथ लें. आटा तैयार होने के बाद इसे ढककर 15 से 20 मिनट के लिए रख दें.
आराम किए हुए आटे को दोबारा हल्का सा मसलें और छोटी-छोटी लोइयां बना लें. अब हर लोई को रोटी से भी ज्यादा पतला बेलें. ध्यान रखें कि पापड़ी हर तरफ से एक जैसी पतली हो. तैयार पापड़ियों को कपड़े या प्लेट पर फैलाकर रखें.
पापड़ियों को लगभग 30 मिनट तक पंखे की हवा में रखें. इससे उनकी ऊपर की नमी निकल जाएगी और तलते समय वे पूरी की तरह फूलेंगी नहीं. यही ट्रिक इन्हें बाजार जैसी करारी बनाती है. कढ़ाई में तेल मध्यम गर्म करें. एक-एक करके पापड़ियां डालें और हल्का दबाकर तलें. इन्हें फूलने नहीं देना है. दोनों तरफ से सुनहरा होने तक मध्यम आंच पर तलें. बहुत तेज आंच पर तलने से पापड़ी नरम हो सकती है.
चाट के लिए जरूरी सामान
- उबले हुए काले चने - आधा कप
- उबले आलू - 2 कटे हुए
- टमाटर - 2 बारीक कटे
- मीठी इमली की चटनी
- हरी चटनी
- लाल मिर्च पाउडर - आधा छोटा चम्मच
- नमक - आधा छोटा चम्मच काला
- नमक - एक चौथाई छोटा चम्मच
- भुना जीरा पाउडर - आधा छोटा चम्मच
- चाट मसाला - आधा छोटा चम्मच
- हरा धनिया
- बारीक कटी हरी मिर्च
ऐसे बनाएं फर्रुखाबाद की स्पेशल चाट पापड़ी
एक प्लेट में पापड़ी रखें और उसके ऊपर तैयार चाट मिश्रण फैलाएं. फिर थोड़ा दही, चाट मसाला और हरा धनिया डालकर सर्व करें. आप चाहें, तो पापड़ी को हल्का तोड़कर भी चाट तैयार कर सकते हैं. ये स्वाद को और बढ़ा देती है.
ये भी पढ़ें - सॉफ्ट कुरकुरी बेसन पापड़ी कैसे बनाएं, घर पर बेसन की पापड़ी बनाने के सही और आसान तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं