घर में जब कोई मेहमान आ जाए या परिवार का कोई मेंबर कह दे कि आज कुछ स्पेशल चाय पिलाइए, तो अक्सर यही सवाल मन में आता है कि सिंपल दूध से ढाबे जैसी गाढ़ी चाय कैसे बनाई जाए. सड़क किनारे की दुकानों और ढाबों पर मिलने वाली चाय का स्वाद अलग ही होता है. वो कड़क भी होती है, मलाईदार भी और हर घूंट में चायपत्ती, अदरक और दूध का बेहतरीन स्वाद मिलता है. अगर आप भी ऐसी चाय घर पर बनाना चाहते हैं, तो परेशान न हों. यहां हम आपको ढाबे जैसी कड़क चाय की रेसिपी बताएंगे, जिसे यूट्यूब चैनल Bhavna Cooking World पर शेयर की गई है. यहां जानते हैं घर पर ढाबे जैसी चाय कैसे बनाएं?
वीडियो में देखें रेसिपी...
ढाबे वाली चाय कैसे बनाएं?
आवश्यक सामग्री
- दूध - 3 कप
- पानी - आधा कप
- चायपत्ती - 1 टेबल स्पून
- इलायची - 2 कुटी हुई
- अदरक - 2 इंच कद्दूकस की हुई
- चीनी- डेढ़ टेबल स्पून
विधि
सबसे पहले एक पैन में आधा कप दूध डालें. ध्यान रखें कि दूध उबला हुआ हो और उसकी ऊपर की मलाई निकाल दी गई हो. अब इसमें आधा छोटा चम्मच चीनी डालें और धीमी आंच पर पकाना शुरू करें. दूध को लगातार उबलने दें, ताकि वह धीरे-धीरे गाढ़ा हो जाए. करीब पांच मिनट बाद दूध कम होकर लगभग दो चम्मच जितना रह जाएगा.
अब इसी गाढ़े दूध में ढाई कप दूध और आधा कप पानी डाल दें. ये ट्रिक चाय को ढाबों जैसी गाढ़ी बनावट और स्वाद देती है. इसके बाद दो कुटी हुई इलायची डालें और मिश्रण को उबलने दें.
जब दूध में अच्छा उबाल आने लगे, तब चायपत्ती डालें. चायपत्ती डालने के बाद चाय का रंग गहरा होने लगेगा. अब इसमें कद्दूकस की हुई अदरक डालें. अदरक को उबलती हुई चाय में डालने से उसका स्वाद और खुशबू अच्छी तरह निकलकर चाय में मिल जाती है.
चाय को चम्मच से बीच-बीच में चलाते रहें. ऐसा करने से ऊपर झाग बनने लगती है और सभी चीजों का स्वाद अच्छी तरह घुल जाता है. अब बची हुई चीनी डाल दें और चाय को एक से दो मिनट तक और उबलने दें. जब चाय अच्छी तरह गाढ़ी हो जाए और इसका रंग आकर्षक दिखाई देने लगे, तब गैस बंद कर दें. चाय को छानकर कप में निकालें और गरमागरम सर्व करें.
कुछ जरूरी टिप्स
अगर घर में कभी खीर या रबड़ी बने हुए बर्तन में चाय तैयार की जाए तो उसका स्वाद और भी बेहतर हो जाता है. इस रेसिपी की खास बात यह है कि इसमें मिल्क पाउडर डाले बिना ही चाय गाढ़ी और मलाईदार बन जाती है. यही वजह है कि हर घूंट में ढाबे वाली चाय जैसा स्वाद मिलता है.
ये भी पढ़ें- बिना चीनी और बिना गुड़! सर्दियों में सर्दी-जुकाम और शरीर दर्द से बचाने वाले हेल्दी लड्डू
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं