विज्ञापन

घर पर हींग की गोली कैसे बनाएं? जानें खट्टी-मीठी हिंगोली बनाने का आसान तरीका और इसे खाने के बड़े फायदे

​पेट की गैस और बदहज़मी से है परेशान? तो मार्केट की दवाओं नहीं घर पर बनी हींग गोली का करें सेवन.

घर पर हींग की गोली कैसे बनाएं? जानें खट्टी-मीठी हिंगोली बनाने का आसान तरीका और इसे खाने के बड़े फायदे
कैसे बनाएं हींग की गोली.
NDTV

क्या आप भी खाना खाने के बाद भी कुछ खट्टा-मीठा खाने का मन करने पर या अचानक पेट फूलने लगे, भारीपन लगे या खट्टी डकारें आने पर मेडिकल स्टोर से कोई चूर्ण या हाजमा गोली लेकर खा लेते हैं?  लेकिन ज़रा सोचिए, अगर वही चटपटी, खट्टी-मीठी और पेट को तुरंत राहत देने वाली हींग की गोली आप बिल्कुल शुद्ध चीज़ों से अपने घर पर ही बना लें, तो बात ही क्या है. क्योंकि बाज़ार मिलने वाली गोलियों में कई बार प्रिजर्वेटिव और बहुत सारा आर्टिफिशियल कलर होता है, जो सेहत के लिए अच्छा नहीं होता. वहीं घर पर बनी हींग की गोली न सिर्फ पूरी तरह से सेफ होती है, बल्कि इसका स्वाद भी बिल्कुल बाजार जैसा या उससे भी बेहतर होता है. आइए जानते हैं इसे बनाने का बेहद आसान तरीका.

घर पर कैसे बनाएं ​हींग की गोली- 

सामग्री-

  • ​अच्छी क्वालिटी की हींग - आधा छोटा चम्मच
  • ​अजवाइन - 2 बड़े चम्मच
  • ​जीरा - 2 बड़े चम्मच
  • ​सौंफ - 2 बड़े चम्मच
  • ​काला नमक - 2 बड़े चम्मच
  • ​सादा नमक - 1 छोटा चम्मच
  • ​अमचूर पाउडर- 3 बड़े चम्मच
  • ​नींबू का रस - 3 से 4 बड़े चम्मच 
  • ​पिसी हुई चीनी या बूरा - 3 से 4 बड़े चम्मच 
Latest and Breaking News on NDTV

विधि-

  1. ​सबसे पहले गैस पर एक कड़ाही या पैन गर्म करें. धीमी आंच पर इसमें अजवाइन, जीरा और सौंफ को हल्का सा भून लें. 
  2. ध्यान रखें कि मसालों को जलने नहीं देना है, बस हल्का सा भूनना है ताकि इनमें मौजूद नमी निकल जाए और खुशबू आने लगे. 
  3. जब मसाले भुन जाएं, तो गैस बंद कर दें और इन्हें पूरी तरह ठंडा होने दें.
  4. ​अब इन भुने हुए मसालों को मिक्सी के जार में डालें. इसी के साथ इसमें काला नमक, सादा नमक, अमचूर पाउडर और हींग भी मिला लें. 
  5. इन सबको मिक्सी में पीसकर एकदम बारीक पाउडर बना लीजिए. इस बात का खास ख्याल रखें कि मसाला दरदरा नहीं होना चाहिए, एकदम चिकना पाउडर बनेगा तो गोली अच्छी बनेगी. ​
  6. अब इस पिसे हुए मसाले के मिश्रण को एक बड़े बर्तन में निकाल लें. इसमें मिठास के लिए पिसी हुई चीनी या बूरा मिला लें. 
  7. चटपटी गोली चाहते हैं, तो चीनी न मिलाएं. इसके बाद इसमें धीरे-धीरे नींबू का रस डालना शुरू करें. 
  8. नींबू का रस एक साथ सारा न डालें, वरना मिश्रण बहुत गीला हो जाएगा. चम्मच से मिलाते हुए उतना ही नींबू का रस डालें जितने में सारा मसाला आपस में बंधने लगे और आटे की तरह गूंथा जा सके.
  9. ​जब यह मिश्रण एक डो की तरह तैयार हो जाए, तो हाथों में हल्का सा घी या पानी लगा लें ताकि यह चिपके नहीं. 
  10. अब इस मिश्रण में से छोटी-छोटी लोई जैसी तोड़कर इसकी बिल्कुल छोटी-छोटी गोलियां बना लें. 
  11. आप चाहें तो इन्हें लंबी टॉफी की शेप भी दे सकते हैं. ​धूप में सुखाना है सबसे ज़रूरी कदम.
  12. जब सारी गोलियां बन जाएं, तो इन्हें एक बड़ी थाली या प्लेट में फैलाकर दो से तीन दिन के लिए तेज धूप में सूखने के लिए रख दें. 
  13. जब ये गोलियां धूप में अच्छी तरह सूखकर एकदम कड़क हो जाएं, तब समझ लीजिए कि आपकी हाजमा गोली बिल्कुल तैयार है.
  14. ​अब इन होममेड हींग की गोलियों को किसी कांच की साफ़ और सूखी बरनी में भरकर रख लें. 
  15. यह महीनों तक खराब नहीं होतीं. खाना खाने के बाद जब भी कुछ चटपटा खाने का मन हो या पेट भारी लगे, तो एक गोली मुंह में डालें और चूसें. 

हींग की गोली खाने के फायदे-

  • यह न सिर्फ आपके मुंह का स्वाद बदलेगी, बल्कि आपके पाचन को भी दुरुस्त रखेगी. 
  • हींग की गोली पेट में बनने वाली गैस को कम करने और ब्लोटिंग की समस्या से राहत दिलाने में मदद कर सकती है.
  • खाना खाने के बाद पेट भारी लगने या जी मिचलाने की स्थिति में कुछ लोगों को इससे राहत मिलती है.

ये भी पढ़ें- आज क्या बनाऊं: राजस्थानी अंदाज में बनाएं मसालेदार जोधपुरी आलू, शेफ ने शेयर की रेसिपी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Hing Goli, Hing Benefits, Heeng For Acidity
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com