विज्ञापन

दिल के लिए कौन सा तेल सबसे अच्छा है? देखें हार्ट के लिए बेस्ट ऑयल की लिस्ट

हार्ट को सुरक्षित रखने के लिए कौन सा तेल खा अच्छा होता है, इसे लेकर अक्सर लोगों को कंफ्यूजन होती है. यहां जानते हैं इस बारे में विस्तार से-

दिल के लिए कौन सा तेल सबसे अच्छा है? देखें हार्ट के लिए बेस्ट ऑयल की लिस्ट
Best oil for Heart health: हार्ट के लिए बेस्ट ऑयल

दिल को स्वस्थ रखने के लिए लोग अक्सर अपने किचन में इस्तेमाल होने वाले तेल को लेकर उलझन में रहते हैं. कोई सरसों के तेल को बेहतर बताता है, तो कोई ऑलिव ऑयल को सबसे हेल्दी मानता है. वहीं कुछ लोग नारियल तेल को दिल के लिए फायदेमंद मानते हैं. लेकिन क्या सच में कोई एक तेल ऐसा है जिसे दिल के लिए सबसे अच्छा कहा जा सकता है?

दिल्ली स्थित सीके बिड़ला हॉस्पिटल के डायरेक्टर, कार्डियोलॉजिस्ट डॉक्टर डॉ. अंशुल कुमार जैन का कहना है कि इस सवाल का जवाब किसी एक तेल के नाम में नहीं छिपा है. दिल की सेहत के लिए सबसे जरूरी बात ये है कि तेल में किस तरह का फैट है है और उसका सेवन कितनी मात्रा में किया जा रहा है.

क्या तेल हार्ट के लिए नुकसानदायक है?

डॉ. जैन बताते हैं कि तेल पूरी तरह से हार्ट के लिए नुकसानदेह नहीं होता है. शरीर को कुछ मात्रा में स्वस्थ वसा की जरूरत होती है. खाना पकाने में इस्तेमाल होने वाले तेल शरीर को जरूरी फैटी एसिड और कुछ विटामिन्स को अवशोषित करने में मदद करते हैं.

हालांकि, समस्या तब शुरू होती है, जब तेल जरूरत से ज्यादा मात्रा में इस्तेमाल किया जाता है.  ज्यादा तेल का मतलब अधिक कैलोरी है, जो वजन बढ़ाने और समय के साथ हार्ट डिजीज का खतरा बढ़ा सकती है.

सरसों, मूंगफली या ऑलिव ऑयल, कौन है बेहतर?

डॉक्टर कहते हैं कि देश के अलग-अलग हिस्सों में अलग-अलग तेलों का इस्तेमाल लंबे समय से होता आया है. उत्तर भारत में सरसों और मूंगफली का तेल लोकप्रिय है. वहीं, साउथ इंडिया में नारियल तेल का इस्तेमाल आम है.

डॉ. जैन के मुताबिक सिर्फ ट्रेंड या विज्ञापन देखकर अपने पारंपरिक तेल को छोड़ने की जरूरत नहीं है. सरसों, मूंगफली और सूरजमुखी का तेल संतुलित मात्रा में इस्तेमाल किया जा सकता है. वहीं, ऑलिव ऑयल भी एक अच्छा ऑप्शन हो सकता है, लेकिन ये जरूरी नहीं कि हर व्यक्ति के लिए वही सबसे बेहतर हो.

नारियल तेल को लेकर क्या कहते हैं डॉक्टर?

नारियल तेल को लेकर अक्सर बहस होती रहती है. डॉ. जैन बताते हैं कि इसमें सैचुरेटेड फैट की मात्रा तुलनात्मक रूप से अधिक होती है. इसलिए इसका सेवन सीमित मात्रा में करना ज्यादा सही माना जाता है, खासकर उन लोगों के लिए जिन्हें पहले से कोलेस्ट्रॉल या हार्ट डिजीज की समस्या है.

तेल से ज्यादा जरूरी है उसकी मात्रा

कार्डियोलॉजिस्ट का कहना है कि सबसे बड़ी गलती यह होती है कि लोग किसी तेल को हेल्दी मानकर उसकी मात्रा बढ़ा देते हैं. चाहे तेल सरसों का हो, मूंगफली का, सूरजमुखी का या ऑलिव ऑयल जरूरत से ज्यादा सेवन दिल के लिए नुकसानदायक हो सकता है.

डॉक्टर सलाह देते हैं कि डीप फ्राई भोजन की बजाय कम तेल में पकाना, उबालना, भाप में पकाना या हल्का भूनना बेहतर विकल्प हो सकता है.

ये भी पढ़ें - किन लोगों को करना चाहिए ओट्स, जौ और ब्राउन ब्रेड का सेवन, जानें सही मात्रा और बड़े फायदे


 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Heart Health, Heart Health After 70, Oil For Heart, Oil For Heart Health, Heart Health Akhrot
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com