अक्सर भारी खाना खाने के बाद सीने में जलन या बेचैनी होने पर लोग इसे सामान एसिडिटी समझकर गैस को कम करने वाली दवा खा लेते हैं या फिर घरेलू नुस्खे आजमाने लगते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि कई बार यही लक्षण किसी गंभीर हार्ट डिजीज की ओर इशारा कर सकते हैं? कार्डियोलॉजिस्ट्स का कहना है कि हार्ट अटैक और एसिडिटी के कुछ लक्षण इतने मिलते-जुलते होते हैं कि लोग भ्रमित हो जाते हैं और इलाज में देरी कर बैठते हैं. यही देरी कई बार जानलेवा साबित हो सकती है.
सीके बिड़ला हॉस्पिटल, दिल्ली के कार्डियोलॉजी डायरेक्टर डॉ. अंशुल कुमार जैन का कहना है कि सीने में होने वाली हर जलन को एसिडिटी मान लेना सबसे बड़ी गलती हो सकती है. अगर कुछ संकेतों को समय रहते पहचान लिया जाए, तो गंभीर हार्ट डिजीज की गंभीरता से बचा जा सकता है.
हार्ट डिजीज के लक्षण को लोग क्यों समझने लगते हैं एसिडिटी?
डॉक्टर बताते हैं कि सीने के आसपास हार्ट, खाने की नली और पेट के कई हिस्से मौजूद होते हैं. इन अंगों से जुड़े नसों के संकेत कई बार एक जैसे महसूस होते हैं. यही वजह है कि हार्ट की आर्टरी में ब्लॉकेज के कारण होने वाला दर्द भी एसिडिटी जैसी जलन का एहसास दे सकता है.
कई मरीज घंटों या दिनों तक इसे लोग गैस या अपच समझकर घरेलू इलाज करते रहते हैं. इस दौरान हार्ट की मांसपेशियों को लगातार नुकसान पहुंचता रहता है. हार्ट अटैक की स्थिति में हर मिनट कीमती होता है और समय पर इलाज न मिलने से गंभीर जटिलताएं या मौत तक हो सकती है.
इन लक्षणों को दिखते ही भागे डॉक्टर के पास
डॉ. जैन का कहना है कि कुछ संकेत ऐसे हैं, जिन्हें कभी भी सिर्फ एसिडिटी समझकर इग्नोर नहीं करना चाहिए.
- दर्द का फैलना : अगर दर्द सीने से जबड़े, गर्दन, पीठ या बाजुओं तक फैल रही है, तो ये हार्ट संबंधी समस्या का संकेत हो सकता है.
- सीने में जलन के साथ अचानक सांस लेने में कठिनाई महसूस होना चिंता का विषय है.
- बिना किसी स्पष्ट कारण के ठंडा और चिपचिपा पसीना आना हार्ट अटैक का शुरुआती संकेत हो सकता है.
- अगर सीने की परेशानी के साथ अचानक कमजोरी, चक्कर या बेहोशी महसूस हो तो तुरंत मेडिकल सहायता लें.
- सिर्फ जलन ही नहीं, बल्कि सीने में भारीपन, दबाव या कसाव महसूस होना भी दिल की बीमारी का लक्षण हो सकता है.
ये भी पढ़ें - 26 की उम्र में हार्ट अटैक का खतरा, युवा भारतीय अब दिल की सेहत को नजरअंदाज न करें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं