विज्ञापन

चीनी या नमक, हार्ट को हेल्थ रखने के लिए किसे कम करना है जरूरी? क्या कहते हैं डॉक्टर

हार्ट को हेल्दी रखने के लिए अक्सर लोग डाइट को लेकर सतर्क रहते हैं. इस बीच लोगों के मन में सबसे पहला सवाल उठता है कि हार्ट को हेल्दी रखने के लिए नमक कम करें या चीनी? यहां जानते हैं इस बारे में-

चीनी या नमक, हार्ट को हेल्थ रखने के लिए किसे कम करना है जरूरी? क्या कहते हैं डॉक्टर
sugar vs salt which is more harmful for heart : नमक या चीनी, हार्ट के लिए कौन है सबसे खतरनाक

दिल हमारे शरीर का सबसे महत्वपूर्ण अंग होता है. इसलिए इसे स्वस्थ रखना बहुत ही जरूरी है. ऐसे में जब भी लोग हार्ट के सेहत की बात करते हैं, तो सबसे पहले लोग अपने डाइट में कई तरह के बदलाव करते हैं. लेकिन जब बात चीनी और नमक की आती है, तो सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि आखिर इनमें से ज्यादा खतरनाक क्या है? क्या दिल को स्वस्थ रखने के लिए चीनी कम करना ज्यादा जरूरी है या नमक पर कंट्रोल रखना? इस विषय को अच्छे से समझने के लिए हमने रायणा हॉस्पिटल के एडिशनल डायरेक्टर (कार्डियोलॉजी) डॉ. अंशु काबरा से बातचीत की है. यहां जानते हैं इस विषय को अच्छे-

हार्ट को हेल्दी रखने के लिए नमक कम करना है या चीनी

डॉ. अंशु कहते हैं कि जब दिल के सेहत की बात आती है, तो अक्सर सवाल उठता है, चीनी कम करें या नमक? सच तो ये है कि दोनों का अधिक सेवन हार्ट हेल्थ के लिए सही नहीं होता है. लेकिन इन दोनों के प्रभाव हार्ट हेल्थ पर अलग-अलग हो सकते हैं. इसलिए सिर्फ एक चीज को कम करना पर्याप्त नहीं है. संतुलित मात्रा में नमक और सीमित मात्रा में अतिरिक्त चीनी लेना दिल को स्वस्थ रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.

नमक का ब्लड प्रेशर पर होता है सीधा असर

डॉ. काबरा का कहना है कि नमक में मौजूद सोडियम शरीर के लिए आवश्यक है, लेकिन इसकी अधिक मात्रा शरीर में पानी रोक सकती है और कुछ लोगों में ब्लड प्रेशर बढ़ा सकती है. लगातार हाई ब्लड प्रेशर रहने से हार्ट पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है और समय के साथ हार्ट डिजीज और स्ट्रोक का रिस्क बढ़ सकता है.

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) वयस्कों के लिए प्रतिदिन 5 ग्राम से कम नमक यानी लगभग एक चम्मच से कम लेने की सलाह देता है. इसमें भोजन में ऊपर से डाला गया नमक ही नहीं, बल्कि पैकेज्ड और प्रोसेस्ड खाद्य पदार्थों में मौजूद नमक भी शामिल है. नमकीन, अचार, पापड़, इंस्टेंट नूडल्स, सॉस और कई पैकेज्ड स्नैक्स सोडियम के छिपे स्रोत हो सकते हैं.

चीनी सिर्फ मिठाई को समझने की न करें गलती

डॉ. कहते हैं कि अधिक मात्रा में फ्री या अतिरिक्त चीनी का सेवन भी हार्ट के लिए चिंता का विषय है. ज्यादा मीठे ड्रिंक, मिठाइयां और शुगर से भरपूर प्रोसेस्ड खाद्य पदार्थ अतिरिक्त कैलोरी बढ़ा सकते हैं. लंबे समय में अत्यधिक कैलोरी सेवन वजन बढ़ने और मोटापे में योगदान कर सकता है, जो हाई ब्लड प्रेशर, टाइप-2 डायबिटीज और हार्ट डिजीज के रिस्क को बढ़ा सकते हैं.

WHO फ्री शुगर का सेवन कुल दैनिक ऊर्जा का 10 प्रतिशत से कम रखने की सलाह देता है. लगभग 2000 कैलोरी वाले आहार में ये 50 ग्राम से कम के बराबर है. स्वास्थ्य के लिए इसे 5 प्रतिशत से कम यानी लगभग 25 ग्राम प्रतिदिन तक सीमित करने से अतिरिक्त लाभ हो सकता है.

फिर हार्ट के लिए किसे सबसे पहले कम करें,नमक या चीनी?

डॉक्टर बताते हैं कि इसका कोई एक जवाब सभी लोगों पर लागू नहीं होता. अगर किसी व्यक्ति का ब्लड प्रेशर अधिक है, तो सोडियम यानि नमक का सेवन कम करना जरूरी होता है. वहीं, अगर कोई व्यक्ति अपने डाइट में काफी ज्यादा मिठाइयां, कोल्ड-ड्रिंक्स जैसी चीजों को शामिल करता है, तो उन्हें चीनी कम करने की जरूरत है. 

हार्ट को हेल्थ रखने का सबसे बेहतर तरीका है कि आप दोनों की मात्रा पर ध्यान दिया जाए. ताजे और कम प्रोसेस्ड खाद्य पदार्थों को प्राथमिकता दें, फल-सब्जियां, साबुत अनाज, दालें और संतुलित आहार लें. भोजन का स्वाद बढ़ाने के लिए नमक की जगह मसालों और जड़ी-बूटियों का इस्तेमाल किया जा सकता है और मीठे पेय की जगह पानी या बिना चीनी वाले पेय चुने जा सकते हैं.

ये भी पढ़ें - सेंधा नमक और काला नमक में क्या है असली फर्क, जानिए सेहत के लिए कौन सा है सबसे ज्यादा फायदेमंद

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Heart Health, Heart Health After 70, Salt, Salt And Sugar
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com