अगर आप रोज की दाल से कुछ अलग, स्वादिष्ट और हेल्दी बनाना चाहते हैं, तो साबुत मसूर दाल तड़का एक अच्छा ऑप्शन हो सकता है. प्रोटीन, फाइबर और जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर साबुत मसूर को न्यूट्रिशन का पावरहाउस माना जाता है. इसकी अच्छी बात ये है कि ये कम मसालों में भी बेहद स्वादिष्ट बनती है. यूट्यूब चैनल @KabitasKitchen में बताई गई इस आसान रेसिपी में प्रेशर कुकर की मदद से दाल को झटपट तैयार किया जाता है और ऊपर से देसी घी का तड़का इसका स्वाद कई गुना बढ़ा देता है. आइए जानते हैं इसकी आसान और मजेदार रेसिपी.
वीडियो में आप रेसिपी देख सकते हैं...
साबुत मसूर दाल तड़का बनाने की सामग्री
- 1 कप साबुत मसूर दाल
- 1 प्याज (कटा हुआ)
- 1 टमाटर (कटा हुआ)
- 4-5 लहसुन की कलियां
- 1 इंच अदरक
- 1 तेज पत्ता
- 1 छोटा टुकड़ा दालचीनी
- 1 बड़ी इलायची
- ½ छोटा चम्मच हल्दी
- नमक स्वादानुसार
- 3-4 कप पानी
- तड़के के लिए
- 1 बड़ा चम्मच घी
- 1 चुटकी हींग
- 1 छोटा चम्मच जीरा
- 1 छोटा चम्मच बारीक कटा अदरक
- हरा धनिया
ऐसे बनाएं साबुत मसूर दाल तड़का
सबसे पहले साबुत मसूर दाल को अच्छी तरह धो लें और चाहें तो आधे घंटे के लिए भिगो दें. अगर समय कम हो तो बिना भिगोए भी दाल बनाई जा सकती है. अब प्रेशर कुकर में दाल, प्याज, टमाटर, लहसुन, अदरक, तेज पत्ता, दालचीनी, बड़ी इलायची, हल्दी, नमक और पानी डाल दें. कुकर बंद करके दाल को अच्छी तरह गलने तक पकाएं. दाल पकने के बाद करछी की मदद से थोड़ी-सी दाल मैश कर दें. इससे दाल की कंसिस्टेंसी गाढ़ी और स्वाद बेहतर हो जाता है.
इसके बाद घी का तड़का लगाएं. इसके लिए एक तड़का पैन में घी गर्म करें. इसमें हींग और जीरा डालें. जीरा चटकने लगे तो बारीक कटा अदरक डालकर कुछ सेकंड भूनें. अब तैयार तड़के को दाल में डाल दें और अच्छी तरह मिलाएं. दाल को 5 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं ताकि तड़के का स्वाद अच्छी तरह घुल जाए. लास्ट में आप हरा धनिया डालकर इसे गार्निश करें और गैस बंद कर दें.
लीजिए साबुत मसूर तड़का तैयार है. गरमा-गरम साबुत मसूर दाल तड़का को स्टीम राइस, रोटी या जीरा राइस के साथ परोसें. साथ में प्याज, हरी मिर्च और नींबू मिल जाए तो खाने का स्वाद और भी बढ़ जाएगा. प्रोटीन से भरपूर यह दाल स्वाद और सेहत दोनों का बेहतरीन कॉम्बिनेशन है.
ये भी पढ़ें - न मैदा-बेसन-पोहा झटपट आटे से बनाए टेस्टी नया क्रिस्पी नाश्ता, भूल जाओगे पराठे-कचौड़ी का स्वाद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं