विज्ञापन

मूंग Vs मसूर, सबसे ज्यादा प्रोटीन किस दाल में होता है? 

मूंग या मसूर, दोनों में से कौन से दाल में प्रोटीन होता है. अगर आप इस बात को लेकर कंफ्यूज हैं, तो यहां जानते हैं आखिर दोनों में से कौन से दाल में प्रोटीन ज्यादा होता है?

मूंग Vs मसूर, सबसे ज्यादा प्रोटीन किस दाल में होता है? 
Moong Vs Masoor : मूंग और मसूर दाल

लगभग हर किसी के किचन में मूंग और मसूर की दाल होती है. ये दोनों ही दालें प्रोटीन का काफी अच्छा सोर्स मानी जाती हैं. वहीं, ये आसानी से पचने वाली दालों में से भी हैं. वजन घटाने से लेकर मांसपेशियों को मजबूत बनाने तक, इन दोनों दालों को हेल्दी डाइट का हिस्सा माना जाता है. लेकिन अक्सर लोगों के मन में एक सवाल उठता है कि आखिर दोनों दालों में से किस दाल में सबसे ज्यादा प्रोटीन होता है? इस सवाल को जानने के लिए हमने हैदराबाद के यशोदा हॉस्पिटल्स की डिप्टी चीफ डाइटिशियन स्वेता ए. से बातचीत की. यहां डायटीशियन से जानते हैं दोनों में से किसमें प्रोटीन ज्यादा होता है?

मसूर दाल में थोड़ा ज्यादा होता है प्रोटीन

डायटीशियन कहती हैं कि 100 ग्राम सूखी मसूर दाल में लगभग 24.6 ग्राम प्रोटीन पाया जाता है. वहीं, 100 ग्राम सूखी मूंग दाल में करीब 23.9 ग्राम प्रोटीन होता है. मतलब प्रोटीन के मामले में मसूर दाल का पलड़ा थोड़ा भारी है. हालांकि, ये अंतर बहुत ज्यादा नहीं है और दोनों ही दालें अच्छी मात्रा में पौधे आधारित प्रोटीन उपलब्ध कराती हैं.

पकाने के बाद बदल जाती है प्रोटीन की मात्रा

स्वेता ए कहती हैं कि दाल को पकाने के बाद उसकी पोषण संरचना में बदलाव आता है. इसकी वजह ये है कि दाल पानी सोख लेती है, जिससे प्रति 100 ग्राम में प्रोटीन की मात्रा कम दिखाई देती है. ऐसे में 100 ग्राम पकी हुई मसूर दाल में लगभग 9 ग्राम प्रोटीन मिलता है. वहीं, 100 ग्राम पकी हुई मूंग दाल में करीब 7 ग्राम प्रोटीन होता है. अगर दाल ज्यादा पतली बनाई गई है तो उसी वजन में प्रोटीन की मात्रा और कम हो सकती है.

सिर्फ प्रोटीन देखकर न चुनें दाल

डाइटिशियन स्वेता ए. का कहना है कि प्रोटीन के मामले में दोनों दालों के बीच अंतर बहुत कम है. इसलिए सिर्फ इस आधार पर किसी एक दाल को अपनी डाइट से बाहर नहीं करना चाहिए. दोनों दालें शरीर को जरूरी पोषक तत्व प्रदान करती हैं और संतुलित आहार का हिस्सा बन सकती हैं.

कौन सी दाल है बेहतर?

अगर केवल प्रोटीन की बात करें तो मसूर दाल थोड़ी आगे निकलती है. लेकिन मूंग दाल भी लगभग उतनी ही पौष्टिक है और इसे पचाना आसान माना जाता है. इसलिए बेहतर होगा कि आप अपनी डाइट में दोनों दालों को शामिल करें और अलग-अलग दिनों में इनका सेवन करें.

ये भी पढ़ें - इस दाल को माना जाता है मांसाहार साधु-संत नहीं लगाते हाथ, जानें क्या है इसकी वजह?


 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Moong Dal Advantages, Masoor Dal, Masoor Dal Benefits, Masoor Dal Benefits For Health, Food
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com