अगर आप रोज-रोज नाश्ते में वही पराठा, ब्रेड या पोहा खाकर बोर हो चुके हैं और कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं, तो ये रेसिपी आपके बहुत काम आ सकती है. गेहूं के आटे, सूजी और मसालेदार आलू की स्टफिंग से एक ऐसा लेयर्ड और क्रिस्पी स्नैक तैयार किया जाता है, जो स्वाद में सिंपल आलू पराठे से भी ज्यादा मजेदार लगता है. इसे आप बच्चों के टिफिन, सुबह के नाश्ते या शाम की चाय के साथ सर्व कर सकते हैं. कम सामग्री में बनने वाला ये नाश्ता बाहर से खस्ता और अंदर से मसालेदार होता है. इस स्पेशल नाश्ते की रेसिपी यूट्यूब चैनल Shyamlis Kitchen पर शेयर की गई है, जहां से हमने ये खास रेसिपी को आपके लिए लिया है. यहां जानते हैं इस स्पेशल रेसिपी को बनाने का क्या तरीका है?
वीडियो में पूरी रेसिपी देखें...
नाश्ता बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए?
- आटे के लिए
- गेहूं का आटा - 1 कप
- बारीक सूजी - ¼ कप
- अजवाइन - ¼ टीस्पून
- बारीक कटी धनिया पत्ती - 1 चम्मच
- नमक - ¼ टीस्पून
- तेल - 2 चम्मच
- जरूरत अनुसार पानी
- स्टफिंग के लिए
- तेल - 2 चम्मच
- हींग - एक चुटकी
- जीरा - ½ टीस्पून
- लहसुन - 2-3 कली कसा हुआ
- अदरक - 1 इंच कसा हुआ
- हरी मिर्च - 1
- बड़ा प्याज - 1 बारीक कटा हुआ
- आलू - 2 उबले हुए
- हल्दी पाउडर - ¼ टीस्पून
- धनिया पाउडर - ½ टीस्पून
- लाल मिर्च पाउडर - ¼ टीस्पून
- काली मिर्च पाउडर - ¼ टीस्पून
- चाट मसाला - ½ टीस्पून
- गरम मसाला - ¼ टीस्पून
- नमक - स्वादानुसार
- धनिया पत्ती
इसे कैसे बनाएं?
एक बड़े बाउल में गेहूं का आटा, सूजी, अजवाइन, धनिया पत्ती, नमक और तेल डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए मीडियम सॉफ्ट आटा गूंध लें. आटा तैयार होने के बाद इसे 2 से 3 मिनट के लिए ढककर रख दें ताकि सूजी अच्छी तरह फूल जाए.
पैन में तेल गर्म करें और उसमें हींग, जीरा, लहसुन, अदरक और हरी मिर्च भून लें. इसके बाद प्याज डालकर हल्का नरम होने तक पकाएं. अब हल्दी, धनिया, लाल मिर्च और काली मिर्च पाउडर डालें. जब मसाले भुन जाएं तो उबले हुए आलू मिलाएं. ऊपर से चाट मसाला, गरम मसाला, नमक और धनिया पत्ती डालकर आलू को हल्का मैश करते हुए 1 मिनट तक भून लें. स्टफिंग तैयार होने पर इसे ठंडा कर लें.
गुंथे हुए आटे को चार बराबर हिस्सों में बांट लें. एक लोई को थोड़ा मोटा बेलकर चौकोर आकार दें. इसके ऊपर आलू की स्टफिंग की पतली परत फैला दें. अब इसे बताए गए तरीके से फोल्ड कर लेयर तैयार करें और ऊपर से थोड़ा कलौंजी डाल दें. हल्के हाथों से फिर से बेल लें.
कम तेल में करें क्रिस्पी शैलो फ्राई
तवे या पैन में 2 चम्मच तेल डालकर तैयार नाश्ते को लो से मीडियम फ्लेम पर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेकें. करीब 4 मिनट में यह बाहर से खस्ता और अंदर से सॉफ्ट हो जाएगा. चाहें तो इसे बहुत कम तेल में पराठे की तरह भी सेंक सकते हैं.
इस रेसिपी की खासियत यs है कि इसकी तैयारी रात में भी की जा सकती है. आटा और स्टफिंग पहले से बनाकर रख दें और सुबह सिर्फ शेप देकर सेंक लें. इससे बच्चों के टिफिन और परिवार के नाश्ते की तैयारी आसान हो जाती है.
ये भी पढ़ें - लौकी ना खाने वाले भी रोज खरीदेंगे किलो-किलो, 1 बैटर से तैयार होगा 2 तरह का क्रिस्पी ब्रेकफास्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं